संविधान को जीने वाला शख्स संविधान दिवस पर ही चल बसा
www.thenationalert.com
राजनाँदगाँव/रायपुर. ‘संविधान का सच’, ‘संविधान की पड़ताल’, ‘संविधान एक शिनाख्त’ जैसी किताबों में संविधान को जीने वाले शख्स ने अँतिम साँस भी ली तो कब… संविधान दिवस के ही दिन. जी, हाँ आदरणीय कनक तिवारीजी अब हमारे बीच नहीं हैं. जीवन और मृत्यु शाश्वत हैं लेकिन कुलजमा दो का योग न जाने किस और इशारा कर रहा है.

ज्ञात हो, कि कनक तिवारी की पैदाइश 26 जुलाई 1940 की बताई जाती है. जन्म तारीख का कुल योग 29 (2+9 = 11 : 1+1 = 02) यानिकि दो होता है. उनकी मृत्यु दिनाँक 26 नवँबर 2026 है. इसका भी कुल योग 20 यानिकि दो ही होता है.
उल्लेखनीय है, कि आज संविधान दिवस भी है और आज ही के दिन संविधान की बातें करने वाले, उसे जीने वाले, उसके सँदर्भ में लिखने पढ़ने सहित लड़ने वाले कनकजी हमारा साथ छोड़ गए. उनके परिजन बताते हैं कि कनकजी ने अपने जीवन के उत्तरार्ध में हिंदी और अँग्रेजी में डेढ़ हजार से अधिक लेख और दर्जनों पुस्तकें लिखीं थी.
इनमें ‘आदिवासी उपेक्षा की अंतर्कथा: ब्रिटिश हुकूमत से 21वीं सदी तक’ और ‘जिंदगी: रिवर्स गियर’ भी शामिल हैं. ‘संविधान और हम भारत के लोग’, ‘फिर से हिंद स्वराज’ और ‘बस्तर: लाल क्रांति बनाम ग्रीन हंट’ अन्य चर्चित कृतियां हैं.
उन्होंने एक प्राध्यापक, पत्रकार, अधिवक्ता और लेखक के रूप में समाज को अपनी सेवाएं दीं. वे आजीवन संवैधानिक मुद्दों, लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक न्याय और आदिवासी समुदायों के अधिकारों के प्रति सक्रिय रूप से समर्पित रहे. नेशन अलर्ट परिवार उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता है.

