खबरों की खबरछत्‍तीसगढ़

धान खरीदी केंद्रों में लगेंगे स्वास्थ्य शिविर, अवैध धान पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

शेयर करें...

राजनांदगांव। धान उपार्जन केंद्रों में धान विक्रय के लिए पहुंचने वाले किसानों के स्वास्थ्य परीक्षण के उद्देश्य से अब वहां स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे। कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने बुधवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं, विकास कार्यों और लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए यह निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा जिला खाद्य अधिकारी को समन्वय कर टीम गठित करने और उपयुक्त स्थल चिन्हांकित करने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को धान बेचने के साथ स्वास्थ्य जांच की सुविधा भी मिल सके।

कलेक्टर ने कहा कि समर्थन मूल्य पर चल रही धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी और सुव्यवस्थित रखने के लिए लगातार निगरानी की जाए। अवैध धान के परिवहन, भंडारण और विक्रय पर रोक लगाने के लिए सख्त कार्रवाई करने तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर तत्काल छापामार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। किसानों के दावा-आपत्तियों का शीघ्र निराकरण करने को भी कहा गया, जिससे धान विक्रय में किसी तरह की दिक्कत न आए।

राजस्व प्रकरणों व फसल चक्र परिवर्तन पर निर्देश
फसल चक्र परिवर्तन को बढ़ावा देने के लिए किसानों को अभी से जागरूक करने और कम पानी वाली दलहन व तिलहन फसलों की खेती के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए गए, जिससे जल संरक्षण, भूमि की उर्वरता और किसानों की आय में सुधार हो सके। राजस्व मामलों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि पटवारियों के हड़ताल से लौटने के बाद लंबित राजस्व प्रकरणों के निराकरण में तेजी लाई जाए। एसडीएम को ग्राम पंचायतों में राजस्व प्रकरणों के निराकरण की नियमित मॉनिटरिंग करने, स्वामित्व योजना के लंबित कार्य जल्द पूरे करने तथा लीज पर दी गई राजगामी कृषि भूमि की जांच करने के निर्देश दिए गए।

शिक्षा, स्वास्थ्य और सूर्यघर योजना की समीक्षा
शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान छमाही परीक्षा की तैयारी और परीक्षा परिणामों के विश्लेषण के लिए टीम गठित करने तथा शैक्षणिक सुधार की कार्ययोजना बनाने को कहा गया। नीट और जेईई की तैयारी के लिए विद्यार्थियों को मिल रही सुविधाओं की प्रगति भी जानी गई। स्वास्थ्य विभाग को एचपीवी वैक्सीनेशन में तेजी लाकर पात्र बालिकाओं का टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही महतारी सदन निर्माण के लिए सुविधाजनक स्थल चयन करने को कहा गया।

प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने नागरिकों तक इसका लाभ तेजी से पहुंचाने के निर्देश दिए। बताया गया कि जिले में योजना के तहत अब तक 17,234 आवेदन मिल चुके हैं और 8,800 से अधिक हितग्राही लाभान्वित हो चुके हैं; शेष आवेदनों पर शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ दुर्गा प्रसाद अधिकारी, अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय व प्रेमप्रकाश शर्मा सहित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।