डेढ़ करोड़ के 125 आईफोन बरामद, दो गिरफ्तार, दो फरार
www.thenationalert.com
रायपुर. राजधानी पुलिस ने आज डेढ़ करोड़ रुपए मूल्य के 125 आईफोन बरामद करने सहित मरीन ड्राइव स्थित एप्पल स्टोर से करीब 2 करोड़ रुपए के आईफोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान की चोरी का निपटारा करने का दावा किया है. मामले दो आरोपी उसकी गिरफ्त में आए हैं जबकि दो अन्य फरार बताए गए हैं.
मामले में ऋषभ डागा ने तेलीबाँधा थाने में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत मुताबिक 31 अक्टूबर और 1 नवँबर की दरम्यानी रात मरीन ड्राइव स्थित आई नैक्स्ट इनोवेशन प्राइवेट लिमिटेड के एप्पल स्टोर में अज्ञात लोगों ने शटर उठाकर चोरी की थी.

दुकान से 173 एप्पल आईफोन के अलावा एप्पल वॉच, हेडफोन और एयरपॉड भी चुरा लिए गए थे. एफआईआर में चोरी हुए सामान की कीमत करीब 2 करोड़ रुपए बताई गई थी.
शिकायत के आधार पर तेलीबाँधा थाने में अपराध क्रमांक 487/26 के तहत बीएनएस की धारा 331(4) और 305 में मामला दर्ज कर जाँच शुरू की गई. चोर दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी निकालकर ले गए थे. इस कारण कोई क्लू तत्काल नहीं मिल पाया था.
* पुलिस कमिश्नर ने दिया मार्गदर्शन…
चूँकि राजधानी में चोरी का यह एक तरह से बड़ा मामला था इस कारण पुलिस के भी कान खड़े हो गए थे. स्वयँ पुलिस कमिश्नर मामले की तफ़्तीश कर रहे थे. उन्होंने अपनी तरफ से जाँच में जुटी टीम का मार्गदर्शन भी किया.
पुलिस की छह टीमें बनाई गईं जिसमें 40 से अधिक पुलिसकर्मी शामिल थे. एक टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जाँच की.
दूसरी को रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड के फुटेज खँगालने की जिम्मेदारी दी गई. तीसरी टीम ने रायपुर से बाहर जाने वाले अँतरराज्यीय रास्तों और टोल प्लाजा के कैमरों की जाँच की. तकनीकी टीम ने मोबाइल टावरों का विश्लेषण किया.
अन्य टीमों को देशभर में इसी तरह की चोरी करने वाले गिरोहों और स्थानीय अपराधियों की जानकारी जुटाने में लगाया गया. जाँच के दौरान पुलिस ने 250 किलोमीटर से अधिक दूरी के रास्तों पर लगे हजार से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खँगाले.
इसके अलावा 1100 से अधिक सेल आईडी टावरों और 10 लाख से ज्यादा मोबाइल नँबर्स का तकनीकी विश्लेषण किया गया. लेकिन पुलिस के सामने सबसे बड़ी परेशानी यह थी कि चोर डीवीआर भी अपने साथ ले गए थे. आसपास लगे कैमरों की तस्वीरें भी साफ नहीं थीं.

ऐसे में पुलिस ने अलग – अलग कैमरों के फुटेज को जोड़कर सँदिग्धों की आवाजाही का पता लगाना शुरू किया. इसी दौरान एक दोपहिया वाहन पर सवार तीन लोग घटनास्थल के आसपास दिखाई दिए.
वे रात 2 बजकर 37 मिनट पर स्टोर के पास पहुँचे थे. महज आठ मिनट बाद 2 बजकर 45 मिनट पर वहां से निकल गए थे. अँधेरा होने और कैमरों की खराब गुणवत्ता के कारण पहचान करना आसान नहीं था.
फिर भी पुलिस ने इन सँदिग्धों के भागने के रास्ते का पीछा शुरू किया. करीब 10 दिनों तक लगातार फुटेज का विश्लेषण करते हुए टीम महाराष्ट्र के मौधा, नागपुर तक पहुँच गई. इसके बाद सँदिग्धों की आवाजाही का कोई स्पष्ट फुटेज नहीं मिला.
इसके बावजूद टीम ने दीपावली के दौरान मौधा में डेरा डालकर स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाना जारी रखा. जाँच के दौरान पुलिस को मौधा में कुल्हान नदी के किनारे एक लावारिस मोटरसाइकिल मिलने की जानकारी मिली.
बाइक पर नँबर प्लेट नहीं थी. उसके इंजन व चेसिस नँबर भी खुरचकर मिटा दिए गए थे. पुलिस ने बारीकि जाँच की तो पता चला कि यह मोटरसाइकिल 25 अक्टूबर को रायपुर के तेलीबाँधा इलाके से चोरी हुई थी.
इससे पुलिस को पहली बार यह पुख्ता सुराग मिला कि सँदिग्धों का रायपुर से मौधा तक का रास्ता सही है. स्पष्ट हुआ कि आरोपियों ने वारदात के लिए पहले से चोरी की बाइक का इँतजाम किया था.
* कैसे मिला सुराग..?
आगे सीसीटीवी फुटेज नहीं मिलने के बाद पुलिस ने जाँच का दायरा दूसरे राज्यों तक बढ़ाया. महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, राजस्थान और दिल्ली में एप्पल स्टोर में हुई चोरी की घटनाओं और उनमें गिरफ्तार आरोपियों का रिकॉर्ड खँगाला गया. सँदिग्धों के फुटेज भी दूसरे राज्यों की पुलिस के साथ साझा किए गए.
अँततः पुलिस को वर्ष 2024 में जयपुर के एक एप्पल स्टोर में हुई चोरी की जानकारी मिली. इसमें सामने आया कि उस घटना में मध्यप्रदेश के देवास और इँदौर के आसपास सक्रिय कंजर गिरोह के सदस्य शामिल थे. देवास से मिले इनपुट और फुटेज के आधार पर पुलिस ने राजेश झाला की पहचान की.
राजेश को टोंककला, थाना टोंकखुर्द, जिला देवास का रहने वाला बताया गया है. देवास पुलिस के सहयोग से राजेश झाला को हिरासत में लिया गया. उसके खिलाफ 47 से अधिक अपराध दर्ज होने की जानकारी सामने आई है.
पूछताछ में उसने अपने बेटे राज झाला और गाँव के ही राजेश लोधी के साथ मिलकर रायपुर में चोरी करने की बात स्वीकार की. चोरी के आईफोन इँदौर निवासी सफान खान को देने की जानकारी भी दी.
पुलिस के मुताबिक, राजेश झाला ने पूछताछ में बताया कि वह 25 अक्टूबर को अपने बेटे राज और सफान खान के साथ बस से रायपुर आया था. सफान ने मरीन ड्राइव स्थित एप्पल स्टोर की पहचान कराई. आरोपियों ने उसकी रेकी की. उन्होंने जोरा मॉल के पास से एक मोटरसाइकिल चोरी की.
26 अक्टूबर को इस बाइक को महाराष्ट्र के साकोली के आगे जँगल में छिपा दिया गया. तीनों वापस इँदौर चले गए. 31 अक्टूबर को वे दोबारा बस से साकोली पहुँचे. छिपाई गई बाइक निकालकर राजेश झाला, उसका बेटा राज और राजेश लोधी रायपुर आए.
रात में एप्पल स्टोर का शटर उठाकर चोरी करने के बाद तीनों वापस मौधा पहुँचे. उन्होंने बाइक को कुल्हान नदी के पुल के नीचे छिपा दिया. दुकान का डीवीआर नदी में फेंकने के बाद बस से इँदौर लौट गए.चोरी किए गए आईफोन सफान खान को सौंप दिए गए.
* कैसे करते थे वारदात..?
पुलिस के अनुसार, आरोपी अपराध करने निकलते समय अपने मोबाइल फोन घर पर बँद करके छोड़ देते थे, ताकि मोबाइल लोकेशन के आधार पर उनकी पहचान न हो सके. बाइक चलाते समय चेहरे ढककर रखते थे. वारदात के लिए चोरी के वाहनों का इस्तेमाल करते थे.
इससे सीसीटीवी कैमरों में उनकी पहचान करना मुश्किल हो जाता था. राजेश झाला की गिरफ्तारी की खबर मिलने के बाद उसके अन्य साथी और सफान खान फरार हो गए.
पुलिस के मुताबिक, सफान पहले भी जयपुर में एप्पल स्टोर चोरी के मामले में राजेश झाला के साथ गिरफ्तार हो चुका है. ऐसे में पुलिस के लिए उसे पकड़ना और चोरी के मोबाइल बरामद करना अहम था.
सफान के विदेश भागने की आशँका को देखते हुए इँदौर में उपनिरीक्षक सतीश पुरिया के नेतृत्व में 12 सदस्यीय टीम तैनात की गई थी. टीम उसके सँपर्कों, अँतरराज्यीय आवाजाही और सँभावित ठिकानों की जानकारी जुटा रही थी.
शुरुआती प्रयासों से कोई ठोस सुराग नहीं मिला, तो पुलिस ने उस पर दबाव बढ़ाने की रणनीति अपनाई. इसी दौरान जानकारी मिली कि सफान मुँबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अँतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के पास मौजूद है.
रायपुर पुलिस ने सँबँधित एजेंसियों के साथ समन्वय कर उसे विदेश भागने से पहले गिरफ्तार कर लिया. उसकी निशानदेही पर जुलवानिया, जिला बड़वानी से 125 आईफोन बरामद कर लिए गए. इनकी कीमत करीब 1.50 करोड़ रुपए बताई गई है.
सफान को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है. सफान खान चोरी के आईफोन को किन लोगों के जरिए बाजार में खपाता था इसकी जानकारी जुटाने का काम शेष है. पुलिस को सूचना मिली है कि वह कंजर गिरोहों से महंगे मोबाइल स्टोर में चोरी करवाकर नेपाल और बाँग्लादेश तक पहुँचाने का काम करता रहा है.
फिलहाल इस नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है. चोरी हुए 173 आईफोन में से अब तक 125 बरामद किए गए हैं. बाकी मोबाइल के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है. फरार राज झाला और राजेश लोधी की तलाश के लिए पुलिस की टीमें मध्यप्रदेश में कैंप कर रही हैं. पिछले एक साल के दौरान देश के अलग-अलग राज्यों में एप्पल स्टोर में हुई चोरी की घटनाओं से भी इस गिरोह के सँभावित सँबँधों की जाँच जारी है.
पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर अमित तुकाराम काँबले ने क्राइम एंड साइबर, मध्य और पश्चिम जोन के अधिकारियों की निगरानी में एसीसीयू और तेलीबाँधा पुलिस की इस सफल जाँच पर प्रसन्नता जताई है.

