खबरों की खबरछत्‍तीसगढ़

मवेशी धरपकड़ अभियान : दो दिन में 13 मवेशी पकड़कर भेजे गए रेवाडीह कांजी हाउस

शेयर करें...

राजनांदगांव। शहर में यातायात व्यवस्था सुगम बनाने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए नगर निगम का मवेशी धरपकड़ अभियान लगातार जारी है। निगम आयुक्त जीआर मरकाम के मार्गदर्शन में गठित टीम ने बीते दो दिनों में शहर के विभिन्न चौक-चौराहों से 13 घुमंतु मवेशियों को पकड़कर रेवाडीह कांजी हाउस भेजा है। इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और निदान 1100 पर प्राप्त शिकायतों के आधार पर भी 11 मवेशियों को पकड़कर शिकायतों का निराकरण किया गया।

निगम की टीम ने मंगलवार को गंज चौक, मठपारा रोड, लखोली चौक और कमला कॉलेज रोड क्षेत्र से 7 मवेशियों को पकड़ा, जबकि सोमवार 24 नवंबर को आरके नगर, महाराणा प्रताप चौक, बसंतपुर चौक, नंदई चौक और बाईपास ब्रिज के पास से 6 मवेशी पकड़े गए थे। रेवाडीह कांजी हाउस में रखे गए इन मवेशियों के लिए दाना-पानी के साथ गंज मंडी से फल-सब्जियों की व्यवस्था की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, संबंधित पशुपालकों से 570-570 रुपये अर्थदंड वसूलने के बाद ही मवेशियों को छोड़ा जाएगा।

रात में सड़कों से हटाए गए मवेशी, पहनाई रेडियम पट्टी
रात्रि के समय होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए निगम अमले द्वारा जीई रोड, जयस्तंभ चौक, मठपारा, नंदई, इंदिरा नगर और मोहारा के प्रमुख मार्गों से सड़कों पर बैठे मवेशियों को हटाया गया और उन्हें रेडियम पट्टी पहनाई गई। वहीं, शीतला मंदिर रोड स्थित बूढ़ासागर के किनारे फंसी एक गाय को सुरक्षित बाहर निकालने के साथ ही विवेकानंद नगर और मेडिकल कॉलेज के पास मिले बीमार मवेशियों को उपचार के लिए आरोग्यम गौशाला पहुंचाया गया।

निगम आयुक्त जीआर मरकाम ने पशुपालकों से अपने मवेशियों को निर्धारित स्थल पर बांधकर रखने और सड़कों पर खुला न छोड़ने की अपील की है। नियमों का उल्लंघन करने पर संबंधित मालिकों के विरुद्ध अर्थदंड की कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।