खबरों की खबरछत्‍तीसगढ़स्‍वास्‍थ्‍य, शिक्षा और रोजगार

महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए ‘नई चेतना 5.0’ अभियान का शुभारंभ

शेयर करें...

राजनांदगांव। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) बिहान के अंतर्गत राष्ट्रीय जेंडर अभियान ‘नई चेतना : पहल बदलाव’ के पांचवें संस्करण ‘नई चेतना 5.0’ का बुधवार को जिला पंचायत राजनांदगांव के सभाकक्ष में जिला स्तरीय शुभारंभ किया गया। यह अभियान 25 नवंबर से 23 दिसंबर 2026 तक संचालित होगा। शुभारंभ कार्यक्रम में अभियान के उद्देश्यों, गतिविधियों और क्रियान्वयन की कार्ययोजना की जानकारी दी गई।

इस वर्ष अभियान की थीम ‘पहुंच से सशक्तिकरण की ओर-आजीविका एवं समान अवसरों के माध्यम से महिलाओं का सशक्तिकरण’ रखी गई है। अभियान का उद्देश्य महिलाओं की आर्थिक भागीदारी को वास्तविक सशक्तिकरण में बदलना है। इसके तहत महिलाओं की परिसंपत्तियों पर स्वामित्व एवं नियंत्रण, सुरक्षित आवागमन, निर्णय लेने की प्रक्रिया में सहभागिता तथा घरेलू अवैतनिक देखभाल कार्यों के समान वितरण को प्रोत्साहित किया जाएगा।

कार्यक्रम में बताया गया कि अभियान की गतिविधियां संकुल संगठनों, ग्राम संगठनों और स्वसहायता समूहों के माध्यम से संचालित की जाएंगी। इसमें जेंडर रिसोर्स सेंटर और संबंधित सामुदायिक संवर्गों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। अधिकारियों एवं प्रतिभागियों को अभियान की सप्ताहवार कार्ययोजना से अवगत कराते हुए विभिन्न गतिविधियों के प्रभावी क्रियान्वयन की जानकारी दी गई।

अभियान के तहत आयोजित होने वाली गतिविधियों का विवरण पोर्टल पर दर्ज करने के संबंध में प्रशिक्षण भी दिया गया। निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार प्रचार-प्रसार सामग्री का वितरण किया गया तथा विभिन्न विभागों से उपस्थित अधिकारियों को अभियान के संचालन में आवश्यक सहयोग प्रदान करने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित शुभारंभ कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया।

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, एनआरएलएम के अंतर्गत विकासखंडों में कार्यरत अधिकारी-कर्मचारी, संकुल संगठन के पदाधिकारी, जेंडर मास्टर ट्रेनर, एफएनएचडब्ल्यू मास्टर ट्रेनर, एसआई मास्टर ट्रेनर, पोषण सखी और कृषि उद्योग सखी उपस्थित रहीं।