390 ग्राम गांजा और स्कूटी के साथ युवक गिरफ्तार, एक अन्य आरोपी की तलाश
राजनांदगांव। गांजे के अवैध परिवहन और बिक्री के मामले में डोंगरगढ़ पुलिस ने 21 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 390 ग्राम गांजा और परिवहन में प्रयुक्त स्कूटी जब्त की है। जब्त सामग्री की कुल कीमत 59 हजार 500 रुपए आंकी गई है। मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 24 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रामाटोला निवासी पालेश्वर सेन (21) स्कूटी में गांजा रखकर उसका परिवहन और बिक्री कर रहा है। सूचना पर डोंगरगढ़ पुलिस की टीम ने मोचीपारा में राधेलाल मालाकार के घर के पास घेराबंदी कर उसे पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से नीले रंग की प्लास्टिक झिल्ली में रखा 390 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत 19 हजार 500 रुपए बताई गई है। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त स्कूटी क्रमांक सीजी 08 एटी 2189, कीमत 40 हजार रुपए, भी जब्त की गई।
पुलिस ने आरोपी पालेश्वर सेन के विरुद्ध थाना डोंगरगढ़ में अपराध क्रमांक 693/2026 के तहत धारा 20(ख) एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के मेमोरेंडम कथन में दिगम्बर नामक व्यक्ति द्वारा गांजा उपलब्ध कराने की बात सामने आई है। उसकी तलाश की जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के दिशा-निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन और एसडीओपी डोंगरगढ़ केशरी नंदन नायक के पर्यवेक्षण में की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक रामेश्वर प्रसाद देशमुख के नेतृत्व में कार्रवाई करने वाली टीम में प्रशिक्षु उप निरीक्षक महेश मंडावी, आरक्षक अविलेश ढीढ़ी, मिथलेश पटेल, इंद्रभान और रामखिलाव सिन्हा शामिल थे।

