छठ महापर्व : शुक्रवार को नहाय खाय से शुरू होगी सूर्य उपासना
www.thenationalert.com
रायपुर. सूर्योपासना सहित लोक आस्था, पवित्रता का चार दिवसीय महापर्व छठ शुक्रवार (13 नवँबर) को नहाय – खाय के साथ शुरू होगा. घरों से लेकर बाजारों और छठ घाटों तक तैयारियां तेज हो गई हैं. चूँकि यह पर्व मुख्य तौर पर बिहार – झारखंड – उत्तर प्रदेश में मनाया जाता है इस कारण वहाँ लौटने वाले सनातनियों की भारी भरकम सँख्या को देखते हुए परिवहन के साधन तमाम तरह के दावों के बावजूद कम पड़ गए हैं.
दरअसल, देशभर में लोक आस्था का महापर्व छठ बड़ी ही धूमधाम के साथ मनाया जाता है. छठ पूजा की शुरुआत कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि से होती है. इसका समापन सप्तमी तिथि पर होता है.
क्यूँ मनाया जाता है…
सूर्य देव और छठी मैया की पूजा के लिए चार दिनों तक चलने वाला महापर्व समर्पित होता है. इस पर्व में माताएं अपनी सँतान की लंबी उम्र और उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए कठिन उपवास रखती हैं.
इस साल छठ पूजा का पर्व 13 नवँबर से 16 नवँबर तक मनाया जाएगा. हिंदू पंचांग के अनुसार, छठ पूजा के दौरान व्रती 36 घंटे का निर्जला उपवास रखते हैं. परिवार की सुख – समृद्धि, स्वास्थ्य, सँतान की मँगल कामना के लिए पूजा की जाती है.
कब क्या…
नहाय – खाय : 13 नवँबर, शुक्रवार को नहाय – खाय के साथ छठ पूजा की शुरुआत होगी. इस दिन व्रती सबसे पहले घर की अच्छी तरह सफाई करेंगे.
सुबह नदी या किसी पवित्र जलाशय में स्नान किया जाएगा. सात्विक भोजन चावल, चने की दाल और कद्दू की सब्जी का सेवन किया जाएगा.
खरना : 14 नवंबर, शनिवार
छठ पूजा का दूसरा दिन खरना कहलाता है. इस दिन व्रती पूरे दिन उपवास रखेंगे.
सूर्यास्त पश्चात पूजा – अर्चना करने के बाद व्रत खोला जाएगा. खरना के प्रसाद में आमतौर पर गुड़ की खीर, रोटी, ठेकुआ और अन्य पारंपरिक प्रसाद भी बनाए जाएँगे.
पारँपरिक घरों में ये प्रसाद मिट्टी के चूल्हे पर तैयार होगा. पूजा के बाद व्रती प्रसाद ग्रहण करने के साथ 36 घंटें का निर्जला व्रत शुरू होगा. व्रती न तो अन्न ग्रहण करेंगे और न ही पानी पीएंगे. छठ महापर्व की सबसे कठिन साधना होगी.
सँध्या अर्घ्य : 15 नवँबर, रविवार छठ पूजा का तीसरा दिन सबसे महत्वपूर्ण दिनों में से एक होगा. श्रद्धालु नदी, तालाब और छठ घाटों पर एकत्र होकर डूबते हुए सूर्य देव को अर्घ्य देंगे.
व्रती जल और दूध से सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे. बाँस के सूप या टोकरी में फल, ठेकुआ और अन्य प्रसाद सजाकर पूजा करेंगे. सूर्यास्त के समय छठी मैया की आराधना होगी.
उषा अर्घ्य : 16 नवँबर, सोमवार को छठ पूजा का चौथा और अँतिम दिन उषा अर्घ्य को समर्पित होगा. व्रती सूर्योदय से पहले घाटों पर पहुंँचेंगे. उगते हुए सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे.
इसे ही उषा अर्घ्य कहा जाता है. इसी के साथ चार दिनों तक चलने वाले छठ महापर्व का समापन होगा. पूजा और अर्घ्य देने के बाद व्रती प्रसाद ग्रहण कर अपना 36 घंटे का निर्जला व्रत पूरा करेंगे.

