संस्कार सिटी कॉलेज में संविधान दिवस पर हुआ आयोजन
राजनांदगांव। संविधान दिवस पर 26 नवंबर को ठाकुरटोला स्थित संस्कार सिटी कॉलेज ऑफ एजुकेशन में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। प्राचार्य प्रो. डॉ. गुरप्रीत कौर, प्राध्यापकों और विद्यार्थियों ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया। साथ ही संविधान के प्रति निष्ठा रखने और उसके मूल्यों का पालन करने की शपथ ली।
प्राचार्य डॉ. गुरप्रीत कौर ने कहा कि प्रत्येक नागरिक को संविधान की गरिमा और मर्यादा बनाए रखते हुए देश के विकास में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। विद्यार्थियों को संवैधानिक आदर्शों को जीवन में अपनाकर जिम्मेदार, जागरूक और कर्तव्यनिष्ठ नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में बताया गया कि भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार है। यह समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व के मूल्यों को स्थापित करता है। विद्यार्थियों को मौलिक अधिकारों और मौलिक कर्तव्यों की जानकारी देते हुए लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक समरसता, राष्ट्रीय एकता और अखंडता बनाए रखने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में संवैधानिक जागरूकता, लोकतांत्रिक भावना और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध विकसित करना था। इस अवसर पर महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापक, कर्मचारी और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

