सीजी पीएससी का एक और विवाद पहुँचा हाईकोर्ट, कार्रवाई की चेतावनी
www.thenationalert.com
रायपुर/बिलासपुर. लगता है राज्य के लोक सेवा आयोग और विवादों का चोली दामन का रिश्ता है. सास बहू की लड़ाई, झगड़ों की तरह आयोग (पीएससी) के अनगिनत विवाद न्यायालय की चौखट तक पहुँचे हैं. एक नया विवाद अध्यक्ष यानिकि पीएससी चेयरमैन की रिक्तता से जुड़ा हुआ है जिसमें छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय (हाईकोर्ट) ने कार्रवाई की चेतावनी देते हुए 14 दिसँबर तक की मोहलत छग की राज्य सरकार को दी है.
उल्लेखनीय है कि सीजी पीएससी का गठन 23 मई 2001 को भारतीय संविधान के अनुच्छेद 315 के तहत हुआ था. इसके पहले अध्यक्ष सेवानिवृत्त आईपीएस मोहन शुक्ला थे. उन्होंने 26 मई 2001 को अध्यक्ष का पदभार सँभाला था. वह 2 अक्टूबर 2004 तक इस पद पर रहे थे.

इसके गठन के बाद से ही इसकी कई भर्ती परीक्षाएँ अनियमितताओं, भाई – भतीजावाद, प्रश्नपत्र लीक और कानूनी चुनौतियों के कारण विवादों में रही हैं. विभिन्न मीडिया रिपोर्ट्स, अदालती मामलों और जाँच एजेंसियों के अनुसार अब तक के प्रमुख विवाद नीचे दिए गए हैं :
01. 2003 और 2005 की परीक्षाओं का विवाद :
आयोग की शुरुआती परीक्षाएँ भी कानूनी पचड़ों और गड़बड़ियों से अछूती नहीं रहीं थी.
* स्केलिंग और मूल्यांकन में गड़बड़ी :
वर्ष 2003 की परीक्षा में स्केलिंग और उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्याँकन में हेरफेर के आरोप लगे थे. याचिका कर वर्षा डोंगरे और अन्य ने इसे हाईकोर्ट में चुनौती दी थी.
* लँबित कानूनी लड़ाई :
हाईकोर्ट द्वारा चयन सूची में गड़बड़ी पाए जाने के बावजूद, सुप्रीम कोर्ट के स्थगन आदेश के कारण इस मामले का अँतिम निपटारा दो दशकों से अधिक समय तक खिंचता रहा और विवादित बैच के अधिकारी सेवा में बने रहे.
वर्ष 2005 की भर्ती में भी इसी तरह के भ्रष्टाचार के आरोप लगे थे.
02. वर्ष 2008 से 2019 तक की परीक्षाओं पर सवाल :
2003 से 2019 के बीच आयोजित लगभग सभी प्रमुख परीक्षाएँ किसी न किसी कारण से हाईकोर्ट या सुप्रीम कोर्ट पहुँचीं. इनमें मुख्य रूप से निम्नलिखित मुद्दे शामिल रहे :
* मॉडल उत्तर में गलतियां और प्रश्नों को विलोपित करने की प्रक्रिया.
* आरक्षण रोस्टर और वर्गवार कट – ऑफ के निर्धारण में विसंगतियाँ.
* मुख्य परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं की जाँच में लापरवाही के आरोप.
03. वर्ष 2020-2022 भर्ती घोटाला और सीबीआई/ईडी की जाँच :
यह सीजी पीएससी के इतिहास का सबसे चर्चित विवाद है, जिसमें बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार और पद के दुरुपयोग के आरोप लगे हैं.
* रिश्तेदारों के चयन के आरोप :
वर्ष 2020 से 2022 के बीच हुई परीक्षाओं में तत्कालीन अध्यक्ष टामन सिंह सोनवानी, सचिव और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों व राजनेताओं के बेटे-बेटियों और रिश्तेदारों का चयन डिप्टी कलेक्टर, डीएसपी और अन्य उच्च पदों पर होने के आरोप लगे.
* नियमों में बदलाव और रिश्वत :
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने आरोप लगाया है कि 2021 में भर्ती नियमों में सँशोधन कर ‘परिवार’ की परिभाषा से ‘भतीजा’ शब्द हटाया गया ताकि तत्कालीन अध्यक्ष के रिश्तेदारों को फायदा मिल सके.
इसके अलावा, चयन के बदले सीएसआर फँड और एनजीओ के माध्यम से लाखों रुपए लेने और प्रश्नपत्र लीक करने के आरोप भी लगे हैं.
* गिरफ्तारियाँ :
इस मामले में राज्य की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) के बाद सीबीआई और ईडी ने जाँच शुरू की. पूर्व अध्यक्ष सहित कई अधिकारियों और बिचौलियों की गिरफ्तारी हुई है.
पूर्व आईएएस अधिकारी के बेटे के चयन में भी मुख्य परीक्षा के प्रश्न और निबँध पहले से उपलब्ध कराने के आरोप जाँच एजेंसी सीबीआई ने लगाए हैं.
04. हालिया विवाद :
* प्रारँभिक परीक्षा परिणाम में नामों को लेकर भ्रम :
अगस्त 2026 में सब – इंस्पेक्टर (एसआई) प्रारँभिक परीक्षा के परिणाम जारी होने के बाद ‘न्यूज़’, ‘स्पेसरानी’ और ‘हे राम’ जैसे नामों की सूची सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी. इससे गड़बड़ी की आशँका जताई गई थी.
हालाँकि, आयोग और एक चयनित अभ्यर्थी (‘न्यूज़ कुमार प्रधान’) ने स्पष्ट किया कि ये उनके वास्तविक नाम हैं. भर्ती प्रक्रिया में कोई अनियमितता नहीं हुई है.
* नोटिफिकेशन जारी करने की समय-सीमा :
पूर्व मुख्यमँत्री भूपेश बघेल ने आरोप लगाया कि 2016 से 2025 तक लगातार 10 वर्षों तक संविधान दिवस 26 नवंबर पर राज्य सेवा परीक्षा का नोटिफिकेशन जारी करने की परंपरा टूट गई है, जिससे युवाओं के साथ अन्याय हो रहा है. ज्ञात हो, कि इस बार संविधान दिवस पर पीएससी का नोटिफिकेशन जारी नहीं हो पाया.
अब इधर, राज्य लोक सेवा आयोग (सीजी पीएससी) के अध्यक्ष की नियुक्ति में हो रही देरी से जुडा़ विवाद भी
हाईकोर्ट पहुँच गया है. इस मामले में उसने सख्त रुख अपनाया है. हाईकोर्ट ने चेतावनी दी है कि निर्धारित समय – सीमा में नियुक्ति नहीं होने पर कठोर कार्रवाई की जा सकती है.
कोर्ट ने राज्य शासन और आयोग को नोटिस जारी कर दी है. इसमें 14 दिसँबर तक नियुक्ति प्रक्रिया की स्थिति स्पष्ट करने और प्रगति रिपोर्ट पेश करने के निर्देश का उल्लेख है. मामले की सुनवाई के दौरान राज्य शासन की ओर से बताया गया कि अध्यक्ष की नियुक्ति की प्रक्रिया अँतिम चरण में है.
बताया जाता है कि अध्यक्ष का पद रिक्त होने के कारण मनोचिकित्सक विशेषज्ञों के साक्षात्कार नहीं हो पाए हैं. याचिकाकर्ता की ओर से सुझाव दिया गया कि नियमित अध्यक्ष की नियुक्ति होने तक कार्यवाहक अध्यक्ष नियुक्त कर इंटरव्यू की प्रक्रिया पूरी कराई जा सकती है.
* पहले का निर्देश-आदेश नहीं माना…
चीफ जस्टिस कृष्णराम महापात्र, जस्टिस सँतोष शर्मा की डिवीजन बेंच ने जनहित याचिका पर सुनवाई के दौरान 26 अक्टूबर को दिए गए आदेश के बावजूद अब तक नियुक्ति नहीं होने पर नाराजगी जताई है.
कोर्ट ने राज्य शासन और आयोग को 14 दिसँबर को नियुक्ति प्रक्रिया के साथ ही लँबित साक्षात्कार की स्थिति पर भी विस्तृत रपट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है. स्पष्ट किया कि नियुक्ति में अनावश्यक देरी स्वीकार्य नहीं है.
बहरहाल, हाईकोर्ट के रूख को देखकर लगता है कि तय समय में प्रक्रिया पूरी नहीं होने पर कठोर कदम उठाए जा सकते हैं.
* सितँबर में खत्म हुआ कार्यकाल :
ज्ञात हो कि पीएससी में नियमित अध्यक्ष की नियुक्ति लँबे समय से नहीं हुई है. सीजी पीएससी पिछले तीन साल से कार्यकारी अध्यक्ष के भरोसे काम कर रहा था.
इसी साल 8 सितँबर को पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष रीता शांडिल्य का कार्यकाल खत्म हो चुका है. इसके बाद से आयोग में न नियमित अध्यक्ष है और न कार्यकारी अध्यक्ष. इसका असर भर्ती से जुड़े फैसलों और लँबित प्रक्रियाओं पर पड़ रहा है.
* विज्ञापन अटका :
सीजी पीएससी में अध्यक्ष का पद खाली होने के कारण आयोग इस साल संविधान दिवस पर 26 नवंबर को राज्य सेवा परीक्षा-2026 का विज्ञापन जारी नहीं कर सका. जबकि नई भर्ती के लिए करीब 150 से 155 पदों का विज्ञापन तैयार है.
इसमें डिप्टी कलेक्टर के 10 और डीएसपी के 5 पद शामिल बताए गए हैं. अध्यक्ष की नियुक्ति और उनके हस्ताक्षर के बाद ही विज्ञापन जारी हो सकेगा.
* 608 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार का इँतजार :
अध्यक्ष का पद खाली होने के कारण राज्य सेवा परीक्षा – 2025 के तहत 265 पदों पर भर्ती के लिए मुख्य परीक्षा पास कर चुके 608 अभ्यर्थियों का दस्तावेज सत्यापन और साक्षात्कार भी लँबित बताया गया है.
इसी तरह पुलिस की एसआई भर्ती परीक्षा और करीब 5 हजार सरकारी कर्मचारियों की पदोन्नति से जुड़े मामले अटके हुए हैं. पदोन्नति में देरी के कारण पात्र कर्मचारियों को मिलने वाले वित्तीय और सेवागत लाभ भी समय पर नहीं मिल पा रहे हैं.
* कौन कब से कब तक रहा..?
पूर्णकालिक अध्यक्ष :
1. मोहन शुक्ला – 26-05-2001 02-10-2004.
2. अशोक दरबारी – 22-10-2004 20-04-2008.
3. बी. एल. ठाकुर – 12-09-2008 23-08-2011.
4. प्रदीप कुमार जोशी – 01-10-2011 11-05-2015.
5. आर. एस. विश्वकर्मा – 12-06-2015 16-01-2017.
6. के. आर. पिस्दा – 17-01-2017 01-06-2020.
7. टामन सिंह सोनवानी – 02-06-2020 08-09-2023.
8. रीता शांडिल्य – 30-08-2025 08-09-2026.

* कार्यकारी अध्यक्ष –
आयोग के आधिकारिक विवरण के अनुसार, पूर्णकालिक अध्यक्षों के बीच विभिन्न अवधियों में निम्नलिखित सदस्यों ने कार्यकारी अध्यक्ष का दायित्व सँभाला था :
* डॉ. खेलन राम जांगड़े : 19-09-2006 से 26-05-2007 तक.
* नरेंद्र सिंह भदौरिया : 04-06-2007 से 09-08-2008 तक.
* डॉ. दुर्गाशरण चंद्रा : 26-08-2011 से 30-09-2011 तक.
* एम. एस. पैकरा : 22-05-2015 से 13-06-2015 तक.
* डॉ. प्रवीण वर्मा : 05-10-2023 से 13-10-2024 तक.
* रीता शांडिल्य: अक्टूबर 2024 से अगस्त 2025 (पूर्णकालिक नियुक्ति तक).

