खबरों की खबरछत्‍तीसगढ़

नगर निगम में अधिकारियों-कर्मचारियों ने किया संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ

शेयर करें...

राजनांदगांव। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को नगर निगम में भारतीय संविधान की प्रस्तावना (उद्देशिका) का सामूहिक पठन किया गया। निगम सभागृह में आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों और कर्मचारियों ने संविधान में निहित मूल्यों, आदर्शों और नागरिकों के अधिकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

कार्यक्रम में वरिष्ठ पार्षद शिव वर्मा एवं राजस्व अधिकारी मोबिन अली की उपस्थिति में प्रस्तावना का पाठ किया गया। इसमें भारत को संपूर्ण प्रभुत्व-संपन्न, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष, लोकतंत्रात्मक गणराज्य बनाने तथा सभी नागरिकों को सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय, विचार एवं अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, विश्वास, धर्म और उपासना की स्वतंत्रता तथा प्रतिष्ठा और अवसर की समता सुनिश्चित करने के संकल्प को दोहराया गया। साथ ही व्यक्ति की गरिमा, राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने के लिए बंधुता बढ़ाने के संवैधानिक आदर्शों का स्मरण किया गया।

इस अवसर पर राजस्व अधिकारी मोबिन अली ने भारतीय संविधान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संविधान की प्रस्तावना में देश के लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिकों के अधिकारों की मूल भावना समाहित है। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों से प्रस्तावना में निहित आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में सहायक अभियंता ज्योति साहू, प्रभारी सहायक अभियंता गरिमा वर्मा सहित नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।