खबरों की खबरछत्‍तीसगढ़स्‍वास्‍थ्‍य, शिक्षा और रोजगार

एनएचएम कर्मचारियों की लंबित मांगों पर लगी मुहर, नई एचआर पॉलिसी और स्थानांतरण नीति को मंजूरी

शेयर करें...

रायपुर। छत्तीसगढ़ के राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) में कार्यरत हजारों संविदा कर्मचारियों के लिए राहत भरी खबर है। राज्य कार्यकारिणी समिति की बैठक का कार्यवाही विवरण (मीटिंग मिनट्स) जारी होने के साथ ही कर्मचारियों के हितों से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को अनुमोदन मिल गया है। इनमें नई मानव संसाधन नीति-2026, स्थानांतरण नीति, चिकित्सा अवकाश, उपचार व्यय की प्रतिपूर्ति और पात्र कर्मचारियों को पांच प्रतिशत वेतन वृद्धि का लाभ देने जैसे निर्णय शामिल हैं। इन्हें एनएचएम महासम्मेलन में मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री द्वारा की गई घोषणाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष अपनी 10 सूत्रीय मांगों को लेकर एनएचएम कर्मचारियों ने लगातार 33 दिनों तक प्रदेशव्यापी हड़ताल की थी। इस आंदोलन के दौरान कर्मचारियों ने सेवा शर्तों में सुधार और लंबित मांगों के निराकरण की मांग उठाई थी। अब राज्य कार्यकारिणी समिति की बैठक में इन मांगों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर निर्णय होने से कर्मचारियों में उम्मीद जगी है।

बैठक के कार्यवाही विवरण के अनुसार, 35 हजार रुपये से कम वेतन पाने वाले कर्मचारियों के चिकित्सा अवकाश की स्वीकृति जिला स्तर पर दी जाएगी, जबकि 35 हजार रुपये से अधिक वेतन पाने वाले कर्मचारियों के मामलों में स्वीकृति राज्य स्तर से होगी। इसके साथ ही एनएचएम में मानव संसाधन नीति-2026 लागू करने का निर्णय लिया गया है। इससे कर्मचारियों की सेवा संबंधी व्यवस्थाओं में सुधार की अपेक्षा है।

स्थानांतरण नीति के तहत समान पद पर आपसी स्थानांतरण, शासकीय सेवक पति-पत्नी के आधार पर स्थानांतरण, स्वयं अथवा परिवार के सदस्य की गंभीर बीमारी और कर्मचारी के स्वयं के आवेदन जैसे मामलों को प्राथमिकता देने का प्रावधान किया गया है।

पूर्व में स्वीकृत पांच प्रतिशत वेतन वृद्धि से वंचित रह गए पात्र कर्मचारियों को इसका लाभ देने के साथ वार्षिक वेतन वृद्धि के संबंध में भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। वहीं, भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कर्मचारियों को चिकित्सा परिचर्या का लाभ देने और शासन से मान्यता प्राप्त अस्पतालों में उपचार कराने पर नियमानुसार चिकित्सा व्यय की प्रतिपूर्ति का प्रावधान किया गया है। जिला स्तर के कर्मचारियों के प्रकरणों में सीएमएचओ एवं सिविल सर्जन की समीक्षा के आधार पर भुगतान की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाएगी।

राज्य कार्यकारिणी समिति की बैठक का कार्यवाही विवरण जारी होने के बाद छत्तीसगढ़ प्रदेश एनएचएम कर्मचारी संघ ने निर्णयों का स्वागत किया है। संघ के प्रदेश प्रवक्ता पुरन दास ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के प्रति आभार जताते हुए कहा कि महासम्मेलन में की गई घोषणाओं पर निर्णयात्मक पहल होना प्रदेश के हजारों एनएचएम कर्मचारियों के लिए राहत और सकारात्मक संकेत है। उन्होंने कहा कि कर्मचारी अब इन निर्णयों के क्रियान्वयन से संबंधित आदेश जारी होने का इंतजार कर रहे हैं।

संघ का मानना है कि यह उपलब्धि कर्मचारियों की वर्षों की एकजुटता, धैर्य और सामूहिक संघर्ष का परिणाम है। पिछले वर्ष 33 दिनों तक चले आंदोलन में उठाई गई मांगों में से कई महत्वपूर्ण विषयों पर निर्णय होने से कर्मचारियों को सेवा शर्तों में सुधार की उम्मीद बंधी है।