खबरों की खबरछत्‍तीसगढ़

हाट बाजार में महिला सामुदायिक शौचालय के पास से 6 ठेला-खोमचा हटाए गए

शेयर करें...

राजनांदगांव। शहर में अवैध निर्माण व शासकीय भूमि पर अतिक्रमण रोकने के लिए नगर निगम के अतिक्रमण दस्ते ने गुरुवार को हाट बाजार क्षेत्र में कार्रवाई की। इस दौरान महिला सामुदायिक शौचालय के पास से 6 ठेला-खोमचा हटाए गए।

जानकारी के अनुसार, हाट बाजार में महिला सामुदायिक शौचालय के आसपास ठेला-खोमचा लगाकर व्यवसाय किया जा रहा था, जिससे महिलाओं को शौचालय आने-जाने में परेशानी हो रही थी। संबंधित संचालकों को पहले समझाइश भी दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद ठेला-खोमचा नहीं हटाए जाने पर निगम आयुक्त जी.आर. मरकाम के निर्देश पर अतिक्रमण दस्ते ने मौके से 6 ठेला-खोमचा हटाने की कार्रवाई की।

आवागमन व सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने पर जोर
निगम आयुक्त जी.आर. मरकाम ने अतिक्रमण दस्ते को हाट बाजार व आसपास सुगम आवागमन के लिए अवैध ठेला-खोमचा हटाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि शहर में जहां भी अतिक्रमण की शिकायत मिले या निरीक्षण में अतिक्रमण पाया जाए, वहां तत्काल कार्रवाई कर निगम के प्रावधानों के तहत कदम उठाए जाएं।

आयुक्त ने व्यापारियों से अपील की है कि वे अपना सामान दुकान के भीतर ही रखें, क्योंकि बाहर सामान रखने से यातायात बाधित होता है और नाली के ऊपर ठेला-खोमचा रखने से साफ-सफाई में बाधा आती है व गंदगी फैलती है। साथ ही सड़क या सार्वजनिक स्थानों पर निर्माण सामग्री रखने पर अर्थदंड व जब्ती की कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।