वर्मा – ठेकेदार के मध्य खींचतान का मसला लोनिवि सचिव की बैठक में उठा
www.thenationalert.com
रायपुर. राजनाँदगाँव जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के उपाध्यक्ष भरत वर्मा और सड़क ठेकेदार कन्हैया अग्रवाल के मध्य चल रही खींचतान का मसला आज लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बँसल द्वारा ली गई बैठक में भी छाया रहा. हालाँकि फिलहाल कोई कुछ बोल नहीं रहा लेकिन बताया जाता है कि इस मसले पर आईएएस बँसल अपनी निगाह बनाए हुए हैं.
उल्लेखनीय है, कि आईएएस बँसल पूर्व में स्वयँ राजनाँदगाँव के जिलाधीश पद पर पदस्थ रह चुके हैं. माना जाता है, कि वह नाँदगाँव के छोटे बड़े हर तरह के कार्यकर्ताओं पदाधिकारियों की बातचीत की शैली से लेकर उनके व्यवहार से अच्छी तरह से वाकिफ हैं.
बँसल ने ठेकेदारों द्वारा किए गए गुणवत्ताहीन कार्यों को अच्छी गुणवत्ता के साथ दोबारा कराने को कहा. उन्होंने विशेष तौर पर मानपुर – कोहका का उल्लेख किया है. इसी सड़क पर वर्मा और ठेकेदार अग्रवाल के मध्य की खींचतान पर पुलिस से शिकायत भी हुई है.
इसके अलावा गरियाबँद में राष्ट्रीय राजमार्ग के हिस्से के साथ ही कबीरधाम जिले में परफॉर्मेंस गारँटी की बानौ – कान्हाभैरा मार्ग में खराब हिस्सों को उखाड़कर दोबारा बनाने के निर्देश दिए गए हैं. उन्होंने सभी निर्माण कार्यों में निर्माण सामग्री और निर्माण की गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्धारित टाइमलाइन के अनुसार कार्यों को पूर्ण कराने को कहा.
ज्ञात हो, कि आज पाँचों परिक्षेत्रों, सेतु बंध, विद्युत एवं याँत्रिकी, राष्ट्रीय राजमार्ग और प्रमुख अभियंता कार्यालय के सभी मुख्य अभियंताओं की बैठक लेकर विभागीय कार्यों की समीक्षा की गई थी. बैठक में बँसल ने सभी मुख्य अभियंताओं को हर सप्ताह कम से कम दो दिन फील्ड में जाकर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और गति पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए हैं.
मँत्रालय में इस बैठक का आयोजन हुआ था. इसमें लोक निर्माण विभाग के सचिव बँसल ने निर्माणाधीन भवनों, सड़कों एवं पुलों के साथ ही नए कार्यों की निविदा प्रक्रिया की प्रगति की समीक्षा की.
उन्होंने ऐसे कार्यों जिनकी निविदा स्वीकृत हो गई हैं, उनके कार्यादेश चयनित ठेकेदारों एवं एजेंसियों को 15 दिनों के भीतर जारी करने के निर्देश दिए. इससे वर्किंग सीजन का पूरा उपयोग करते हुए कार्यों में अच्छी प्रगति लाई जा सकेगी. ठेकेदारों द्वारा किए जा रहे कार्यों की कड़ाई से मॉनिटरिंग कर नियमित भुगतान करने को कहा.
उन्होंने मुख्य अभियंताओं को अधीक्षण अभियंता से लेकर उप अभियंता तक की बैठक लेकर कार्यों की प्रगति की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए. इसके साथ पिछले वित्तीय वर्ष 2025-26 और चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में स्वीकृत कार्यों की निविदा प्रक्रिया जल्द से जल्द पूरी कर उनके काम प्रारंभ कराने के निर्देश दिए.

बैठक में जमा मद के कार्यों, भू-अर्जन, वन-व्यपवर्तन, न्यायालयीन मामलों, अनुकंपा नियुक्ति और पेंशन प्रकरणों के साथ ही सीएम-हेल्पलाइन, लोक सेवा गारंटी तथा सीपीग्राम्स में जन शिकायतों के निराकरण की भी समीक्षा की. बैठक में प्रमुख अभियंता वीके भतपहरी, अपर सचिव एसएन श्रीवास्तव, सीजी आरआईडीसीएल के अतिरिक्त प्रबंध संचालक शशांक पाण्डेय, उप सचिव अंशिका पाण्डेय सहित सभी मुख्य अभियंता भी मौजूद थे.

