खबरों की खबरछत्‍तीसगढ़हिंदुस्तान

पीएम की एक और योजना सीएम के अधिकारियों के भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ी ?

शेयर करें...

www.thenationalert.com

बीजापुर/रायपुर. क्या देश के प्रधानमँत्री (पीएम) की मँशा राज्य के मुख्यमँत्री (सीएम) पूरी नहीं कर पा रहे हैं ? क्या पीएम की योजनाएँ राज्य में सीएम के अधिकारियों के भ्रष्ट व्यवहार का शिकार हो रही हैं ? दरअसल, सवाल जायज है… और जवाब वही टालमटोल वाला. मामला वीबी-जी राम जी योजना के तहत हुए पौधरोपण से जुड़ा हुआ है. इस योजना में रोपे गए एक पौधे पर शुरू से अँत तक दो हजार 839 रुपए के खर्च के अनुमान के बावजूद रोपे दर्शाए गए 74 हजार पौधे ‘लापता’ हो गए हैं.

उल्लेखनीय है कि केंद्र की पूर्ववर्ती सरकार ने गाँवों में रोजगार उपलब्ध करवाने
2 फरवरी 2006 को राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारँटी अधिनियम लागू किया था. इसी को सीधे शब्दों में नरेगा के नाम से पुकारा जाता था.

जब यह योजना देश में लागू की गई थी तब देश के प्रधानमँत्री स्वर्गीय डॉ. मनमोहन सिंह हुआ करते थे. बाद में योजना के नाम में आँशिक फेरबदल हुआ था. 2 अक्टूबर 2009 को इसका नाम बदलकर महात्मा गाँधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारँटी अधिनियम (मनरेगा / MGNREGA) किया गया.

ज्ञात हो, कि 2 अक्टूबर को गाँधी जयँती भी मनाई जाती है. बहरहाल, उस समय मनरेगा केंद्र सरकार के ग्रामीण विकास मँत्रालय के अँतर्गत ‘ग्रामीण विकास विभाग’ के अधीन आती थी.

वर्ष 2005 में यह अधिनियम पारित हुआ और फरवरी 2006 में यह योजना लागू की गई, उस समय केंद्रीय ग्रामीण विकास मँत्री डॉ. रघुवँश प्रसाद सिंह हुआ करते थे. उन्होंने वर्ष 2004 से 2009 तक (यूपीए-वन सरकार के दौरान) केंद्रीय ग्रामीण विकास मँत्रालय का कार्यकाल सँभाला था.

वर्ष 2025 में सँसद द्वारा पारित विकसित भारत गारँटी फॉर रोजगार एँड आजीविका मिशन (ग्रामीण) अधिनियम, 2025 (वीबी–जी राम जी) के तहत इसे प्रतिस्थापित/निरस्त करने का प्रावधान लाया गया. जब नए स्वरूप में योजना आई तब प्रधानमँत्री की कुर्सी पर नरेंद्र मोदी बैठे हैं और विभागीय मँत्री का दायित्व शिवराज सिंह चौहान के पास है.

* 16 करोड़ 73 लाख रुपए के भ्रष्टाचार का आरोप

वीबी–जी राम जी (मनरेगा) योजना लेकिन आज अपनी उपलब्धियों से ज्यादा कथित भ्रष्टाचार को लेकर सुर्खियाँ बटोर रही है. कभी नक्सलवाद को लेकर चर्चित रहा बस्तर सँभाग का बीजापुर जिला आज वीबी–जी राम जी योजना में किए गए कथित भ्रष्टाचार को लेकर सवालों के घेरे में है.

जिले में 74 हजार पौधों के रोपण के नाम पर 16 करोड़ 73 लाख रुपए के कथित भ्रष्टाचार का मामला विधायक विक्रम मँडावी ने उठाया है. उन्होंने जिला पँचायत बीजापुर के अधिकारियों पर गँभीर आरोप लगाते हुए मामले की जाँच की माँग भी की है.

विधायक मँडावी ने आरोप लगाया कि पौधरोपण के लिए करोड़ों रुपये खर्च दिखाए गए, लेकिन धरातल पर न तो पौधे नजर आ रहे हैं और न ही एक भी पौधा जीवित है. यदि वाकई आरोप सही है तो कहाँ गए 16 करोड़ 73 लाख रुपए, कहाँ रोपे गए 74 हजार पौधे..?

* कौन है विधायक मँडावी..?

मँडावी ने वर्ष 2023 में हुए छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में भारतीय राष्ट्रीय काँग्रेस का प्रतिनिधित्व करते हुए बीजापुर विधानसभा क्षेत्र से पुनः जीत हासिल की थी. उन्हें 35 हजार 739 वोट मिले थे. उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी, भारतीय जनता पार्टी के महेश गागड़ा को दो हजार 706 वोटों के अँतर से हराया था.

वे पहली बार वर्ष 2018 में विधायक बने थे. छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में उन्होंने तब महेश गागड़ा को ही 21 हजार 584 वोटों से हराया था. मँडावी अप्रैल 2023 में, बस्तर क्षेत्र के पदेड़ा गाँव के पास माओवादियों के हमले में बाल-बाल बच गए थे.

काँग्रेस विधायक विक्रम मँडावी ने आरोप लगाया कि इतनी बड़ी राशि खर्च होने के बावजूद पौधरोपण की वास्तविक स्थिति स्पष्ट नहीं है. जिला मुख्यालय में प्रेसवार्ता कर उन्होंने खरीदी प्रक्रिया, खर्च और भौतिक सत्यापन पर सवाल उठाया.

स्वीकृत राशि और पौधों की सँख्या के आधार पर प्रति पौधा करीब 2,839 रुपए खर्च होने का दावा उनका ही है. इस लागत में ट्री गार्ड, वर्मी कम्पोस्ट, खाद, दवाइयाँ और अन्य सामग्री शामिल बताई गई है. सवाल उठाया कि जब एक पौधे पर इतनी बड़ी राशि खर्च की गई, तो फिर धरातल पर पौधे कहाँ हैं ?

मँडावी ने आरोप लगाया कि पौधों की खरीदी स्थानीय सरकारी नर्सरी के बजाय आँध्रप्रदेश के राजमुँदरी से की गई. उन्होंने निविदा प्रक्रिया, आपूर्तिकर्ताओं की जानकारी, खाद-उर्वरक और दवाइयों की दरों पर भी सवाल उठाए हैं. स्थानीय बाजार की तुलना में सामग्री महँगी खरीदे जाने का आरोप उन्होंने लगाया है.

बीजापुर जिला काँग्रेस कमेटी अध्यक्ष लालू राठौर, पूर्व जिला पँचायत अध्यक्ष शंकर कुडियम, जिला पँचायत सदस्य नीना रावतीय उद्दे के साथ बिना जीएसटी, बिल भुगतान किए जाने की आशँका जताते हुए भँडार क्रय नियमों के पालन पर भी उन्होंने जवाब माँगा है. काँग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में विधायक मँडावी शनिवार को पूरी रँगत में नज़र आए.

उनकी तरफ से मामले में सबसे बड़ा सवाल पौधरोपण के भौतिक सत्यापन को लेकर उठाया गया है. विधायक के अनुसार रोपण स्थलों की भू – टैगिंग, फोटो साक्ष्य और थर्ड पार्टी सत्यापन की जानकारी सामने नहीं आई है.

उन्होंने पूछा कि जब पौधों की वास्तविक मौजूदगी और रोपण स्थलों का सत्यापन स्पष्ट नहीं है तो कार्य पूर्ण होने की रिपोर्ट किस आधार पर तैयार की गई ? योजना से जुड़े समूहों और एजेंसियों की भूमिका भी सार्वजनिक करने की माँग की गई है.

मँडावी पूछते हैं कि पौधों की वास्तविक कीमत, सामग्री की दर और खरीदी का पूरा विवरण एस्टीमेट में स्पष्ट क्यों नहीं है ? भुगतान और खर्च के दस्तावेज सार्वजनिक करने की माँग भी उनके द्वारा की गई. विधायक मँडावी ने पौधों की खरीदी, परिवहन, रोपण, आपूर्ति और भुगतान की स्वतँत्र एजेंसी से जाँच कराने की माँग की है.

उन्होंने कहा कि यदि सरकारी राशि के दुरुपयोग या गबन की पुष्टि होती है तो जिम्मेदार अधिकारियों, क्रय समिति के सदस्यों और सँबँधित आपूर्तिकर्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर राशि की वसूली की जाए. सभी दस्तावेज और भुगतान विवरण सार्वजनिक किए जाएँ.

काँग्रेस विधायक विक्रम मँडावी के आरोपों पर बीजापुर जिला पँचायत का जवाब भी आ गया है. मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) नम्रता चौबे ने विधायक के आरोपों को निराधार और बेबुनियाद बताया है. उनकी इस तरह की प्रतिक्रिया से एक नया सवाल उठता है कि खरीदी, भुगतान और पौधरोपण के भौतिक सत्यापन से जुड़े दस्तावेज कब तक सार्वजनिक होंगे ?