केएल राहुल : कैसे एक शतक से कई रिकार्ड बना गए..?
www.thenationalert.com
वेलिंगटन. भारतीय बल्लेबाज केएल राहुल ने एक बार फिर टीम में अपनी उपयोगिता साबित की है. इंडियन ओपनर राहुल ने मात्र एक शतक से कई रिकार्ड बना दिए हैं.
बेसिन रिजर्व मैदान पर न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के तीसरे दिन शनिवार का खेल खत्म होते तक भारतीय टीम ने 125 ओवर खेल लिए थे. इन ओवर्स में उसने चार विकेट के नुकसान पर 486 रन बना लिए थे.
* किसका क्या रहा योगदान..?

भारत की ओर से अब तक अपना विकेट खोने के पहले यशस्वी ने 85, राहुल 136, देवदत्त ने 80, कप्तान गिल ने 98 रनों का योगदान दिया. खेल समाप्त होने के समय विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पँत महज 62 गेंदों में 55 रन बनाकर नाबाद लौटे.
ओपनिंग बल्लेबाज केएल राहुल ने अपने टेस्ट करियर की सबसे यादगार पारियों में से एक खेली. शुक्रवार को अपनी पारी की शुरुआत करने वाले राहुल ने शनिवार सुबह बेहद सँयम और बेहतरीन तकनीक का प्रदर्शन किया.
उन्होंने 207 गेंदों में अपना शानदार शतक पूरा किया. कीवी धरती पर अपना पहला ही टेस्ट मैच खेल रहे राहुल के इस लाजवाब सैकड़े ने न केवल भारत को मजबूत स्थिति में पहुँचाया बल्कि रिकॉर्ड बुक्स में भी कई ऐतिहासिक कीर्तिमान दर्ज कर दिए.
* पहले ओपनर…
शतकीय पारी के साथ ही केएल राहुल सभी चार सेना देशों यानी दक्षिण अफ्रीका, इँग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया में ओपनिंग बल्लेबाज के तौर पर टेस्ट शतक जड़ने वाले भारत के पहले बल्लेबाज बन गए हैं. विदेशी और तेज गेंदबाजों की मददगार कठिन पिचों पर यह उपलब्धि उनकी बल्लेबाजी की श्रेष्ठता को दर्शाती है.
राहुल की यह ऐतिहासिक उपलब्धि केवल भारत तक ही सीमित नहीं है, बल्कि विश्व क्रिकेट में भी बेहद दुर्लभ है. केएल से पहले पूरी दुनिया में केवल पाकिस्तान के पूर्व दिग्गज सलामी बल्लेबाज सईद अनवर ही ऐसे ओपनर थे, जिन्होंने अफ्रीका, इँग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया चारों देशों में टेस्ट शतक जड़ने का कारनामा किया था.

बल्लेबाजी क्रम की बाध्यता से परे देखें तो राहुल अब उन चुनिंदा एशियाई दिग्गजों के खास क्लब में शामिल हो गए हैं, जिन्होंने चारों सेना देशों में टेस्ट शतक लगाए हैं. उनसे पहले प्रतिष्ठित सूची में केवल मो.अजहरुद्दीन, तेंदुलकर, सईद अनवर, राहुल द्रविड़, यूनिस खान, कुमार सँगकारा, विराट कोहली ही जगह बना पाए थे.
वेलिंगटन में लगाया गया यह शतक बतौर भारतीय ओपनिंग बल्लेबाज केएल राहुल के टेस्ट करियर का 12वाँ शतक है. इसके साथ ही उन्होंने पूर्व भारतीय ओपनर मुरली विजय (12 शतक) की बराबरी कर ली है. वह गौतम गँभीर व रोहित शर्मा (9-9 शतक) से काफी आगे निकल गए हैं.
भारत के लिए सलामी बल्लेबाज के रूप में सबसे ज्यादा टेस्ट शतक लगाने के मामले में अब राहुल से आगे केवल सुनील गावस्कर (33) और वीरेंद्र सहवाग (22) ही हैं. अपनी शतकीय पारी के दौरान 69 वाँ रन बनाते ही केएल ने मौजूदा 2025-27 विश्व टेस्ट चैंपियनशिप चक्र में अपने 1000 रन भी पूरे कर लिए हैं. ऐसा करने वाले वह भारत के पाँचवें बल्लेबाज हैं.

