महादेव सट्टा ऐप : सौरभ के राज उगलते ही सीबीआई पहुँची सोमानी के घर
www.thenationalert.com
रायपुर. महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में सौरभ चँद्राकर के राज उगलते ही सीबीआई ने मोहित सोमानी के घर दबिश दे दी. इधर, सौरभ को लेकर स्पेशल कोर्ट पहुँची ईडी की टीम ने उसकी कस्टोडियल रिमांड माँगी जोकि उसे मिल गई है.
दरअसल, मामला जितना आसान नजर आता है उतना है नहीं. प्रकरण में राजनीतिक आरोप प्रत्यारोप के बीच राज्य और केंद्र की जाँच एजेंसियों व तथाकथित आरोपियों के मध्य शह और मात का प्रारँभ से चल रहा है.
जब महादेव सट्टा ऐप छत्तीसगढ़ में चर्चा में आया तब राज्य में काँग्रेस की सरकार हुआ करती थी. उसने प्राथमिक सूचना रपट दर्ज कर मामले में केंद्र को भी लिखा था. तब का मुख्य विपक्षी दल भाजपा आज राज्य की सत्ता में है.
उसने तकरीबन 22 एफआईआर को सीबीआई को सौंपते हुए प्रकरण आगे की जाँच के लिए उसके सुपुर्द कर दिया था. अभी केंद्रीय जाँच एजेंसी सीबीआई – ईडी (केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो – प्रवर्तन निदेशालय) मामले की विवेचना में लगी हुई हैं.
सौरभ, रवि के बाद अब किसकी बारी…
इधर, कभी जूस बेचने वाले आरोपी आज अरबों में खेल रहे हैं. सौरभ चँद्राकर और रवि उप्पल जो दुर्ग भिलाई की सड़कों पर दुपहिया दौड़ाते नज़र आते थे
आज अपने पीछे हिंदुस्तान की जाँच एजेंसियों को दौड़ लगवा रहे हैं.
दोनों लाव लश्कर के साथ भारत छोड़ सँयुक्त अरब अमीरात (यूएई) वर्षों पहले भाग खड़े हुए थे. अपना कारोबारी मुख्यालय दुबई में बनाकर सितारों से सजी भव्य शादी को लेकर सौरभ चर्चा में आया था.
पँड़ित प्रदीप मिश्रा की कथा का आयोजन दुबई में करवा कर एक तरह से इन्होंने भारतीय जाँच एजेंसियों को खुली चुनौती भी दी थी. हालाँकि पूर्व में धरे भी गए थे लेकिन इनके साम दाम दँड भेद के सामने जाँच एजेंसियों को मात खानी पड़ी थी.
यह भी पढ़िएगा :
महादेव सट्टा ऐप : सौरभ रिमांड पर सीबीआई के सुपुर्द, हिरासत में मनेगी दीपावली..?
फिर इन्होंने नागरिकता बदलने का भी प्रयास किया. इंडो नेशियाई पासपोर्ट पर जोकि किसी अजँता मेंडिस के नाम जारी हुआ था में अपनी तस्वीर लगा कर सौरभ भागकर मस्कट (ओमान) पहुँचा था.
चूँकि उसके खिलाफ इंटरपोल से रेड कॉर्नर नोटिस जारी कराने में भारतीय जाँच एजेंसियाँ सफल रहीं थीं इस कारण वानुआतु का नागरिक होने का सौरभ का तर्क सफल नहीं हो पाया.
कहाँ है वानुआतु…
दक्षिण प्रशाँत महासागर (ओशिनिया क्षेत्र) में स्थित लगभग 80 द्वीपों का एक खूबसूरत देश वानुआतु है. यह ऑस्ट्रेलिया के पूर्वी तट से लगभग 1,750 किलो मीटर दूर स्थित है.
यह भी पढ़िएगा :
वानुआतु की राजधानी पोर्ट विला है. यहाँ मुख्य रूप से बिस्लामा, अँग्रेजी और फ्रेंच भाषाएँ बोली जाती हैं. यह देश नीले पानी, अपने सक्रिय ज्वालामुखियों और प्राकृतिक सुँदरता के साथ साथ भगोड़ों के छिपने के लिए भी जाना जाता है.
… लेकिन सौरभ की किस्मत यहाँ उसका साथ उसकी सोच के हिसाब से नहीं दे रही थी. वह फर्जी पासपोर्ट पर सँभवतः इस कारण ओमान भागा था कि वहाँ ऐसे केस पाँच से आठ साल चलते रहते हैं. उसे रॉयल पुलिस द्वारा 8 जुलाई 2026 को गिरफ्तार किया गया था.
यह गिरफ्तारी इंटरपोल द्वारा जारी किए गए रेड कॉर्नर नोटिस के आधार पर की गई थी. अँततः ओमान से उसका प्रत्यर्पण लेने में भारतीय जाँच एजेंसियाँ सफल रहीं. उसे ओमान से लेकर 116 दिनों के बाद सीबीआई – ईडी की टीम एक नवँबर को नई दिल्ली के अँतर राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरी थी.
यह भी पढ़िएगा :
अगले दिन उसे लेकर सीबीआई पारगमन या अस्थायी हिरासत (ट्रांजिट रिमांड) की माँग के साथ दिल्ली की साऊथ एवेन्यू कोर्ट पहुँची. तमाम तरह के तर्क वितर्क के बावजूद जज निखिल चोपड़ा ने दो दिन की ट्रांजिट रिमांड पर उसे सीबीआई के सुपुर्द कर दिया.
सौरभ के खिलाफ ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद उसे लेकर सीबीआई की टीम 3 नवँबर को रायपुर पहुँची. 4 नवँबर को सीबीआई स्पेशल कोर्ट में विशेष न्यायाधीश मनोज कुमार सिंह ठाकुर के समझ उसे पेश किया गया.
विशेष न्यायाधीश मनोज कुमार सिंह ठाकुर की अदालत ने सीबीआई को सौरभ की कस्टोडियल रिमांड दे दी. सीबीआई कस्टडी पूरी होने के बाद 12 नवँबर को अदालत ने सौरभ चँद्राकर को 19 नवँबर तक के लिए न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया.
तब से वह केंद्रीय कारागार रायपुर में बँद है. पूछताछ सीबीआई ने अपने दिल्ली स्थित मुख्यालय में की थी. वहाँ क्या कुछ उसने उगला यह तो सीबीआई ही पता सकती है लेकिन आज समता कॉलोनी में उसकी दबिश इससे जोड़कर देखी जा रही है.
दरअसल, समता कॉलोनी में उसी मोहित सोमानी का घर है जिसे रायगढ़ पुलिस ने ऑनलाइन सट्टेबाजी के मामले में गोवा से गिरफ्तार किया था. उसे कैंडोलिम बीच इलाके में एक किराए के विला से पकड़ा गया था.
बताया गया था कि आरोपी ऑन लाइन क्रिकेट सट्टे की आईडी छोटे खाईवालों और खिलाड़ियों को उपलब्ध कराता था. गिरफ्तारी के बाद से मोहित सोमानी रायगढ़ जेल में बँद है.
सीबीआई की टीम उसके समता कॉलोनी स्थित घर सुबह 7 बजे पहुँची थी. लेकिन 9 बजे तक रही टीम को दबिश के दौरान क्या कुछ मिला इसकी जानकारी सामने नहीं आई. हालाँकि फिलहाल कोई कुछ नहीं बोल रहा है लेकिन माना जा रहा है कि सौरभ से कोई न कोई हिंट मिला है.
अब ईडी 19 तक पूछताछ करेगी…
इधर, इसी मामले में आज प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) भी हरकत में आई. उसे पहले अदालत से सौरभ के मामले में निराश होना पड़ा था लेकिन आज उसने धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) से जुड़े मामले देखने वाली विशेष अदालत का रूख किया.
यह अदालतें प्रवर्तन निदेशालय द्वारा दर्ज किए गए मनी लॉन्ड्रिंग मामलों, सँपत्तियों की कुर्की, जब्ती और आरोपित व्यक्तियों के मुकदमों की सुनवाई करती है. महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप के कथित मुख्य आरोपी सौरभ को पीएमएलए कोर्ट के स्पेशल जज की कोर्ट में पेश कर रिमांड माँगी गई.
विशेष न्यायाधीश अमित राठौर ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद 19 नवँबर तक के लिए 7 दिन की ईडी की रिमांड पर उसके सुपुर्द करने का आदेश सुनाया. सौरभ अब सात दिनों तक ईडी की हिरासत में रहेगा.
इस दौरान ईडी उससे महादेव सट्टा ऐप से जुड़े वित्तीय लेनदेन, नेटवर्क और अन्य अहम पहलुओं को लेकर पूछताछ कर सकती है. माना जा रहा है कि पूछताछ में कई बड़े खुलासे होंगे.

