3 करोड़ 37 लाख 50 हजार की साइबर ठगी, दो गिरफ्तार
www.thenationalert.com
काँकेर. 3 करोड़ 37 लाख 50 हजार की साइबर ठगी के मामले में स्थानीय पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने 67 हजार 850 रुपए की राशि होल्ड भी कराई है.
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देशन में की गई. मामले में भानुप्रतापपुर के अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीओपी) शेर बहादुर सिंह ठाकुर पर्यवेक्षण कर रहे थे.
अँबर की एक और उपलब्धि…
मामले में अँबर सिंह भारद्वाज को एक और उपलब्धि मिली है. मूलतः राजनाँदगाँव के रहने वाले अँबर पेशे से कराते खिलाड़ी रह चुके हैं. बाद में वह पुलिस विभाग की सेवा में आए.
फिलहाल वह भानुप्रतापपुर में थाना प्रभारी पद पर पदस्थ हैं. वे मामले की जानकारी देते हुए बताते हैं कि आरोपियों के बैंक ऑफ बड़ौदा स्थित खातों का इस्तेमाल देश के विभिन्न राज्यों में साइबर ठगी से प्राप्त रकम को जमा करने और दूसरे खातों में स्थानांतरित करने के लिए किया जा रहा था.
पुलिस जाँच में इन खातों का सँबँध देश के 11 स्थानों से प्राप्त साइबर शिकायतों में सामने आया है. इनमें करीब 3 करोड़ 37 लाख 50 हजार रुपए की ठगी का उल्लेख है. बैंक खातों में 67 हजार 850 रुपए की राशि पुलिस ने होल्ड कराई है.
कैसे, क्या, कुछ हुआ…
निरीक्षक भारद्वाज के मुताबिक भारत सरकार के गृह मँत्रालय के समन्वय पोर्टल और पुलिस मुख्यालय से प्राप्त निर्देशों के आधार पर साइबर सेल काँकेर से एक पत्र मिला. इसके बाद भानुप्रतापपुर पुलिस ने बैंक ऑफ बड़ौदा के सँबँधित खातों की जाँच शुरू की.
इसमें सामने आया कि इन खातों का उपयोग साइबर ठगी की रकम प्राप्त करने और उसे अन्य बैंक खातों में ट्रांसफर करने के लिए किया गया था. पुलिस ने इन खातों को लेयर – 01 म्यूल बैंक खाते के रूप में चिह्नित करते हुए जाँच आगे बढ़ाई.
बिहार, तमिलनाडु, पश्चिम बँगाल, दिल्ली, गुजरात, हिमाचल प्रदेश, महाराष्ट्र और तेलंगाना सहित विभिन्न राज्यों से सँबँधित 11 साइबर शिकायतों में इन खातों का नाम सामने आया था. प्रथम दृष्टया जाँच में खाताधारकों की भूमिका सँदिग्ध पाए जाने पर अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई.
इसके लिए विशेष टीम गठित की गई थी. टीम ने जाँच के बाद उत्तामारा निवासी अखिलेश्वर जैन (25) और जैपरा निवासी सतीश कुमार उसेंडी (26) को अपनी गिरफ्त में लिया. दोनों आरोपी मूलतः दुर्गूकोंदल थाना क्षेत्र अँतर्गत आने वाले इलाके के निवासी हैं.
पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है. आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 318 (2), 318 (3) एवं 318 (4) के तहत कार्रवाई की गई है.

