शराब घोटाला : अब सुब्बू का होगा प्रत्यर्पण ?
www.thenationalert.com
रायपुर. लगता है छत्तीसगढ़ में घटित हुए कथित घोटालों में शामिल आरोपियों का बुरा समय चल रहा है. पहले महादेव सट्टा ऐप से जुड़े आरोपी सौरभ चँद्राकर, रवि उप्पल धरे गए और अब विकास उर्फ़ सुब्बू अग्रवाल को दुबई में गिरफ्त में लिए जाने की खबर आ रही है. उसके भी प्रत्यर्पण के प्रयास में केंद्रीय जाँच एजेंसियाँ लग चुकी हैं.
इस साल का अक्टूबर और नवँबर माह केंद्रीय जाँच एजेंसियों – सीबीआई, ईडी के लिए अच्छी खबर लेकर आया. पहले महादेव आनलाइन सट्टा ऐप और अब शराब घोटाले के फरार आरोपियों तक उसके हाथ अँततः पहुँच ही गए.
महादेव आनलाइन सट्टा ऐप से जुड़े सौरभ चँद्राकर को ओमान की राजधानी मस्कट में पहले गिरफ्त में लिया गया. कई दिनों की मशक्कत के बाद केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) सौरभ को प्रत्यर्पित कर भारत (पहले दिल्ली फिर रायपुर) लेकर आने में सफल हुई ही थी कि फिर अच्छी खबर आई.
इस बार यह खबर उस रवि उप्पल से जुड़ी हुई थी जोकि मूलतः दुर्ग जिले का निवासी बताया जाता है. उस पर भी सीबीआई, ईडी जैसी एजेंसियों ने कई तरह के अपराध दर्ज कर रखे हैं. रवि, व्यवसायिक तौर पर सौरभ चँद्राकर का सहयोगी और महादेव आनलाइन सट्टा ऐप से जुड़ा रहा है.
प्रत्यर्पण के बाद फिलहाल सौरभ, सेंट्रल जेल रायपुर में कोर्ट के आदेश पर बँद है. इधर, रवि उप्पल के प्रत्यर्पण के लिए सीबीआई – ईडी ने हाथपैर मारने शुरू कर दिए हैं. उसे सँयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से भारत लाने जाँच एजेंसियों ने तकरीबन 4 सौ पन्नों का दस्तावेज तैयार किया है. वह भी अँग्रेजी के साथ ही अरबी भाषा में.
अग्रवाल की बारी…
अब इधर, छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित 2 हजार 883 करोड़ रूपए से अधिक के शराब घोटाले की जाँच के बीच फरार आरोपी विकास उर्फ़ सुब्बू अग्रवाल को लेकर बड़ी खबर आई है. उसे भी दुबई में गिरफ्त में लिया गया है. अग्रवाल पिछले कई सालों से जाँच एजेंसियों की आँख में धूल झोंकते हुए उनकी पकड़ से बाहर था.
आरोपी विकास को भारत लाने के लिए प्रक्रिया तेज कर दी गई है. प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के मुताबिक, विकास शराब सिंडिकेट में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता था. उसे सिंडिकेट का अहम वित्तीय प्रबँधक बताया गया है.
छत्तीसगढ़ में मौजूद डिस्टिलरीज और एफएल – 10 ए लाइसेंसधारियों से कमीशन की वसूलने के बाद रकम को शराब घोटाले के मुख्य आरोपियों में शामिल अनवर ढेबर तक पहुँचाने का काम विकास के ही जिम्मे था ऐसा उस पर जाँच एजेंसियों का आरोप है.
यदि उसका प्रत्यर्पण कराने में जाँच एजेंसियों को सफलता मिल जाती है तो फिर शराब घोटाले कई और जरूरी और महत्वपूर्ण तथ्य उजागर हो सकते हैं. फिलहाल देखिए आगे आगे होता है क्या ?

