छत्तीसगढ़ : गैरकानूनी लूट का केंद्र बना दिया गया
www.thenationalert.com
रायपुर. वर्तमान राज्य सरकार के कार्यकाल में छत्तीसगढ़ को गैरकानूनी लूट का केंद्र बना दिया गया. यह हम नहीं कह रहे बल्कि यह उस आमँत्रण पत्र का लब्बोलुआब है जोकि छत्तीसगढ़ नागरिक मँच द्वारा बाँटा जा रहा है.
दरअसल, मँच ने समृद्ध प्राकृतिक भूजल, जल सँसाधन और आदिवासियों की जमीन के अँधाधुँध विनाश के खिलाफ राजधानी रायपुर में एक कार्यक्रम रखा है. यहाँ 15 नवँबर को नागरिक सम्मेलन का आयोजन होगा.
बैरन बाजार स्थित आशीर्वाद भवन में सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक सम्मेलन चलेगा. हसदेव से लेकर बस्तर तक उजड़ रहे हैं प्राकृतिक वन सँसाधनों, आदिवासी जमीन और भूजल पर गहराते सँकट पर चर्चा की जाएगी.
कौन है समन्वय समूह मे…
इस नागरिक सम्मेलन के लिए व्यवस्थित आयोजन के लिए मँच ने एक समन्वय समूह गठित किया है. इसमें चंद्रशेखर पाँडे, नँदकुमार कश्यप, बीएस रावटे, डॉ. सत्यजीत साहू, कलादास डहरिया, आलोक शुक्ला, श्रीकुमार मेनन, नीलाभ दुबे, अधिवक्ता प्रियंका शुक्ला जैसे नाम शामिल हैं.
कई सामाजिक कार्यकर्ताओं और बुद्धिजीवियों को भी इसमें जगह दी गई है. मँच ने कार्यकर्ताओं, नागरिकों, बुद्धिजीवियों, किसानों और युवाओं से इस सम्मेलन में भारी सँख्या में शामिल होने की अपील भी की है.
बहरहाल, सम्मेलन के आयोजन के पहले ही आमँत्रण पत्र सुर्खियाँ बटोर रहा है. इसमें यह भी आरोप लगाया गया है कि डबल इंजन सरकार अपने व्यावसायिक मित्रों के फायदे के लिए कानून को ताक पर रखकर गैरकानूनी तरीके से कटाई की अनुमति दे रही है.
उल्लेखनीय है कि राज्य निर्माण के बाद से ही छत्तीसगढ़ में विकास की नीतियां खनिजों के अत्यधिक दोहन पर केंद्रित रही है. इस कारण बड़े पैमाने पर जँगल कटे, जमीन बर्बाद हुई और आदिवासी तथा किसान राज्य में विस्थापित हुए हैं.
स्थिति यह है कि राज्य की अधिकांश नदियाँ गँभीर रूप से प्रदूषित हो चुकी हैं. नदियों के प्रदूषण के साथ ही वनों के अँधाधुँध कटाव व अपनी जमीन से आदिवासी परिवारों के उजड़ने से मानव व वन्यजीवों के बीच सँघर्ष लगातार बढ़ रहा है.
आयोजक कहते है कि जँगल हमारी आने वाली पीढियों की स्वस्थ्य साँसों के साथ ही जल स्रोतों के सँरक्षक भी हैं. यदि इस समय इन मूक वनों की रक्षा के लिए आवाज नहीं उठाई गई, तो आने वाला समय अत्यंत विनाशकारी होगा.

