सौरभ चँद्राकर : सही निकली आशँका, हिरासत में मनेगी दीपावली
www.thenationalert.com
रायपुर. महादेव सट्टा ऐप के निर्माण से लेकर देश छोड़ने, नागरिकता त्यागने, फरारी, गिरफ्तारी से लेकर प्रत्यर्पण तक कानूनी से ज्यादा राजनीतिक बयानबाजी के केंद्र में रहे सौरभ चँद्राकर को लेकर ‘नेशन अलर्ट’ द्वारा जताई गई आशँका अँततः सच साबित हुई. उसे अब दीपावली जैसा बड़ा त्योहार हिरासत में ही मनाना पड़ेगा.
वर्ष 2019 से ही सौरभ चँद्राकर एकतरह से छत्तीसगढ़ की राजनीति में पक्ष विपक्ष के बीच बड़ा मुद्दा रहा है. राज्य में तब, जब काँग्रेस सत्ता में थी तब भाजपा और आज जब भाजपा रायपुर – दिल्ली की सत्ता में है तब काँग्रेसी सौरभ को लेकर तीर चलाते रहे हैं.
एक समय तत्कालीन मुख्यमँत्री इन तीरों के निशाने पर थे तो आज देश का सर्वाधिक ताकतवर कार्यालय (पीएमओ) निशाने पर ले लिया गया है. बहरहाल, बयानों के मध्य अरबों रूपए के लेनदेन में सहभागी रहे सौरभ को लेकर उम्मीद की जा रही है कि सच सामने आएगा यदि…
क्या है कस्टोडियल रिमांड…
केंद्रीय जाँच ब्यूरो (सीबीआई) की रायपुर की विशेष अदालत ने सौरभ चँद्राकर की 8 दिन की कस्टोडियल रिमांड मँजूर कर दी. इसके बाद से यह तय हो गया है कि वह दीपावली हिरासत में ही मना पाएगा.
दरअसल, कस्टोडियल रिमांड (पुलिस / जाँच एजेंसी रिमांड) वह कानूनी प्रक्रिया है, जिसमें अदालत किसी गिरफ्तार आरोपी को पुलिस या किसी केंद्रीय जाँच एजेंसी को अपनी हिरासत में रखने की अनुमति देती है, ताकि उससे किसी अपराध से जुड़े मामलों में पूछताछ कर सबूत जुटाए जा सकें.
सौरभ के मामले में भी यही हुआ. सीबीआई को उसे दिल्ली स्थित अपने मुख्यालय ले जाकर पूछताछ करने की अनुमति भी मिल गई है. अब सौरभ से दिल्ली में सीबीआई की टीम पूछताछ करेगी.
कौन है सौरभ…
मूलतः छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के साधारण से परिवार के सदस्य सौरभ की तरक्की कई लोगों के लिए सकारात्मक भी हो सकती है. जैसाकि जोगी काँग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी उसे हीरो बता रहे हैं.
पहले सौरभ ने छत्तीसगढ़ छोड़ा, फिर देश. पहले सौरभ ने भारत छोड़ा, फिर कथित तौर पर यहाँ की नागरिकता. पहले सौरभ ने दुबई को अपना ठिकाना बनाया, और फिर बाद में उसे अँततः मस्कट (ओमान) से गिरफ्तार किया गया.
जब जाली पासपोर्ट रखने के आरोप में गिरफ्तार किया गया तब उसने अपने आपको वानुअतु का नागरिक बताया था. उसका दावा था कि उसने वर्ष 2020 में दुबई स्थित भारतीय दूतावास में यहाँ की (भारत) नागरिकता छोड़ दी थी.
इस पर 30 अगस्त 2026 को भारतीय दूतावास ने आधिकारिक तौर पर पुष्टि की कि वह एक भारतीय नागरिक ही है. इसके बाद अदालत ने उसके वानुअतु की नागरिकता वाले दावे को खारिज कर दिया था.
कैसे गिरफ्तार हुआ…
प्रसिद्ध अंतर राष्ट्रीय क्रिकेटर रहे श्रीलँका के अजँता मेंडिस के नाम से बने पासपोर्ट पर अपनी तस्वीर का उपयोग करने के आरोप में उसे गिरफ्त में लिया गया था. इधर, भारत की केंद्रीय जाँच एजेंसियों के अनुरोध पर उसके विरूद्ध रेड कार्नर नोटिस जारी था.
अँततः सौरभ चँद्राकर को ओमान से प्रत्यर्पित कर भारत लाया गया. सीबीआई ने उसे पहले दिल्ली की कोर्ट में पेश किया था. वहाँ से मिली अनुमति मुताबिक वह मँगलवार को उसे रायपुर लेकर पहुँची थी. आज बुधवार को विशेष सीबीआई अदालत में पेश किया गया.
यह भी पढ़िएगा :
महादेव सट्टा ऐप : सौरभ रिमांड पर सीबीआई के सुपुर्द, हिरासत में मनेगी दीपावली..?
करीब 6,000 करोड़ रुपए (कहीं कहीं पर इसे 94000 हजार करोड़ बताया जाता है) के कथित महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क के प्रमुख आरोपी सौरभ चँद्राकर को कड़ी सुरक्षा और भारी पुलिस पहरे के बीच विशेष न्यायाधीश मनोज कुमार सिंह ठाकुर की अदालत में लाया गया. सीबीआई ने पूछताछ के लिए 10 दिन की कस्टोडियल रिमांड माँगी थी.
सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष ने उसकी गिरफ्तारी की वैधता पर सवाल उठाते हुए इसे अवैध बताया. दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद कोर्ट ने सुनवाई लंच तक के लिए टाल दी थी. लंच के बाद मामले में आगे की सुनवाई हुई और 10 की जगह 8 दिन की अनुमति लेने में सीबीआई सफल हुई.
सीबीआई की ओर से चंदन सिंह ने पैरवी की. बचाव पक्ष की ओर से तुषार गिरी और शशांक मिश्रा जैसे वकील थे. सुनवाई के दौरान प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के वरिष्ठ अधिकारी भी अदालत में मौजूद थे. कोर्ट परिसर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे.
सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष ने गिरफ्तारी की प्रक्रिया पर एक तरह से पुरानी आपत्ति जताई. वकीलों ने दलील दी कि एजेंसी ने गिरफ्तारी से जुड़े अहम दस्तावेज अदालत के सामने नहीं रखे हैं. बचाव पक्ष का कहना था कि सीबीआई इस मामले में आज अलग स्टैंड ले रही है.
वकीलों ने ईडी के तहत दर्ज मनी लॉन्ड्रिंग मामले में हुई गिरफ्तारी और प्रत्यर्पण की शर्तों का भी हवाला दिया. उनका तर्क था कि ओमान ने सौरभ चँद्राकर के प्रत्यर्पण की मंजूरी ईडी के मामले में दी थी, ऐसे में सीबीआई के मामलों में उसके खिलाफ कार्रवाई, प्रत्यर्पण की शर्तों का उल्लंघन हो सकती है.
इस पर सीबीआई ने कहा कि जिन आदेशों का हवाला दिया जा रहा है, वे पुराने हैं. एजेंसी के मुताबिक, सौरभ चँद्राकर की गिरफ्तारी नए आदेश के तहत हुई है, जिसमें किसी विशेष जाँच एजेंसी का उल्लेख नहीं है.
शाम को वकील से मिल सकेगा…
अँततः अदालत से रिमांड और दिल्ली मुख्यालय ले जाने की अनुमति मिलने के बाद अब सीबीआई की टीम उससे विस्तार से पूछताछ करेगी. सीबीआई मुख्यालय में यह पूछताछ सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में की जाएगी. कोर्ट ने पूछताछ के दौरान सौरभ चँद्राकर को शाम के समय अपने वकील से मुलाकात करने की अनुमति भी दी है.
इधर, सौरभ चँद्राकर, महादेव सट्टा ऐप जैसे विषय फिर राजनीतिक बयानबाजी का विषय बन गए हैं. प्रदेश के मुख्यमँत्री विष्णुदेव साय से लेकर काँग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज अपने – अपने हिस्से के बयान उछालने लगे हैं.
सौरभ चँद्राकर को लेकर सीएम साय ने कहा कि पूछताछ में कई लोगों के नाम सामने आएँगे. अमित जोगी द्वारा सौरभ चँद्राकर को हीरो बताए जाने पर भी सीएम ने निशाना साधा. उन्होंने कहा कि यह उनकी सोच का परिणाम है. जैसी उनकी सोच है उसी के अनुरूप वे अपनी क्वालिटी बता रहे हैं.
दूसरी तरफ प्रदेश काँग्रेस अध्यक्ष बैज ने कथावाचक प्रदीप मिश्रा, पीएमओ के अधिकारियों और विकास गर्ग को एक साथ बैठाकर पूछताछ करने की माँग की है. उन्होंने सवाल उठाया कि जाँच के दायरे में पीएमओ के अधिकारियों को शामिल करने की माँग क्या भाजपा सरकार करेगी ?
प्रेसवार्ता में दीपक बैज से जब पूछा गया था कि क्या कथा वाचक प्रदीप मिश्रा से भी पूछताछ होनी चाहिए तो उन्होंने उक्त जवाब दिया. यह भी जाँच होनी चाहिए कि भाजपा के किन नेताओं का इस मामले से कनेक्शन है और किनका आरोपियों को सँरक्षण प्राप्त है.

