खबरों की खबरखेल और खिलाड़ी

बेल्जियम में जन्में, जिम्बाब्वे से खेल रहे क्रिकेट

शेयर करें...

www.thenationalert.com

शारजाह. बेल्जियम में जन्मे ऑलराउंडर एंटम नकवी अब इंटरनेशनल क्रिकेट में जिम्बाब्वे का प्रतिनिधित्व करने के पात्र हो गए हैं. उन्हें पहली बार टेस्ट टीम में शामिल किया गया है. वह 5 नवँबर से शारजाह में शुरू हुई जिम्बाब्वे और अफगानिस्तान के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज में खेलते नजर आ रहे हैं.

जिम्बाब्वे क्रिकेट ने अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए अपनी टीम का ऐलान कर दिया है. इस टीम में एक तरफ करीब नौ साल बाद अनुभवी लेग स्पिनर ग्रीम क्रीमर की वापसी हुई है, तो दूसरी ओर 22 साल के ब्रायन बेनेट को कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है.

नियमित कप्तान रिचर्ड नगारवा पीठ की चोट से उबर रहे हैं और इसी वजह से वह टीम का हिस्सा नहीं बन सके. उनकी गैरमौजूदगी में युवा बल्लेबाज ब्रायन बेनेट टीम की कमान संभालेंगे। महज 22 साल के बेनेट के लिए यह बड़ी जिम्मेदारी होगी.

करीब 9 साल बाद टेस्ट क्रिकेट में लौटे ग्रीम क्रीमर
जिम्बाब्वे की टीम में सबसे ज्यादा चर्चा ग्रीम क्रीमर की वापसी को लेकर है. 40 साल के लेग स्पिनर ने आखिरी बार दिसंबर 2017 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट मैच खेला था.

इसके बाद से वह इस फॉर्मेट से दूर थे. अब लगभग 9 साल बाद उन्हें फिर से टेस्ट टीम में जगह मिली है. क्रीमर हाल के दिनों में जिम्बाब्वे की सीमित ओवरों की टीमों का भी हिस्सा रहे हैं.

यूएई में रहने का उनका अनुभव आगामी सीरीज में टीम के काम आ सकता है. इस टीम में एंटम नकवी की एंट्री भी अहम है. पाकिस्तानी मूल के नकवी का जन्म बेल्जियम में हुआ था और वह 2023 से जिम्बाब्वे में क्रिकेट खेल रहे हैं.

आईसीसी के पात्रता नियमों के तहत जरूरी औपचारिकताएं पूरी नहीं होने के कारण उनका इंटरनेशनल डेब्यू लगातार टल रहा था. अब जिम्बाब्वे क्रिकेट ने पुष्टि कर दी है कि उन्हें देश की ओर से खेलने की मंजूरी मिल गई है।

नकवी का घरेलू क्रिकेट में रिकॉर्ड काफी प्रभावशाली रहा है. उन्होंने 24 फर्स्ट क्लास मुकाबलों में 60.35 की औसत से रन बनाए हैं. उनके नाम 6 शतक और 8 अर्धशतक हैं.

साल 2024 में उन्होंने मिड-वेस्ट राइनोज की ओर से खेलते हुए टस्कर्स के खिलाफ नाबाद 300 रन बनाए थे. वह जिम्बाब्वे की किसी भी टीम के लिए तिहरा शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज बने थे. गेंदबाजी में भी उनके नाम 62 विकेट दर्ज हैं.