महादेव सट्टा ऐप : सौरभ रिमांड पर सीबीआई के सुपुर्द, हिरासत में मनेगी दीपावली..?
www.thenationalert.com
रायपुर / दिल्ली. महादेव सट्टा ऐप को लेकर चर्चा में आए सौरभ चँद्राकर को पारगमन या अस्थायी हिरासत (ट्रांजिट रिमांड) पर केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) के सुपुर्द कर दिया गया है. सौरभ को 4 नवँबर तक रायपुर की विशेष अदालत में पेश करना होगा. इससे ऐसी आशँका जताई जा रही है कि सौरभ की दीपावली इस बार शायद हिरासत अथवा जेल में ही मनेगी.
एक समय छत्तीसगढ़ से लेकर देशभर में राजनीतिक भूचाल का कारण बनने वाले मामले के मुख्य आरोपी सौरभ चँद्राकर को दिल्ली की एक अदालत ने आज सोमवार दोपहर बाद दो दिन की ट्रांजिट रिमांड पर सीबीआई को सौंप दिया है.
ओमान की राजधानी मस्कट से प्रत्यर्पित करके भारत लाए गए सौरभ को सीबीआई अब छत्तीसगढ़ के रायपुर स्थित विशेष अदालत में पेश करेगी. सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष के वकील ने इस हिरासत का पुरजोर विरोध किया था.
इसके बावजूद दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने सीबीआई की अर्जी स्वीकार कर ली. उसने करीब छह हजार करोड़ रुपए के महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप मामले में मुख्य आरोपी बताए जा रहे सौरभ चँद्राकर को दो दिन की ट्रांजिट रिमांड पर सौंप दिया.
क्या हुआ कोर्ट में…
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश निखिल चोपड़ा की कोर्ट में सुनवाई के दौरान चँद्राकर के वकील ने सीबीआई की माँग का विरोध किया. उसकी दलील थी कि उनके मुवक्किल को ओमान से धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के मामले में प्रत्यर्पित किया गया है, न कि सीबीआई के मामले में. इसलिए उसे सीबीआई की हिरासत में सौंपने पर आपत्ति जताई गई.
आरोपी के वकीलों ने तर्क दिया कि ओमान कोर्ट ने प्रत्यर्पण की मंजूरी प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के मामले में दी थी, न कि सीबीआई के मामले में. उन्होंने प्रत्यर्पण अधिनियम की धारा 21 का हवाला दिया.
इस पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अदालत को बताया कि धनशोधन के मामले में भी सौरभ चँद्राकर के खिलाफ गैर – जमानती वारंट जारी किया गया है. ईडी ने कहा कि वह भी इस मामले में उसे गिरफ्तार करना चाहती है.
दरअसल, सौरभ चँद्राकर के खिलाफ सीबीआई के दो और ईडी का एक मामला दर्ज है. तीनों मामलों में जांच एजेंसियां पहले ही आरोप – पत्र दाखिल कर चुकी हैं.
सीबीआई के वरिष्ठ सरकारी वकील ने कहा कि यह मामला केवल ट्रांजिट रिमांड का है. आरोपी को गिरफ्तारी के 24 घंटे के भीतर संबंधित क्षेत्राधिकार अदालत में पेश करना अनिवार्य है.
इस पर जज निखिल चोपड़ा ने स्पष्ट किया कि इस अदालत का क्षेत्राधिकार केवल ट्रांजिट रिमांड तक सीमित है. मामले की सुनवाई और कानूनी पहलुओं पर निर्णय लेने का अधिकार रायपुर की विशेष अदालत को ही है.
अंततः अदालत ने सीबीआई की याचिका स्वीकार करते हुए आरोपी को 4 नवंबर 2026 तक या उससे पहले छत्तीसगढ़ के रायपुर स्थित विशेष सीबीआई अदालत में पेश करने का निर्देश दिया है. ऐसी सँभावना जताई जा रही है कि सीबीआई, सौरभ को लेकर मँगलवार को ही रायपुर स्थित विशेष अदालत पहुँच सकती है.

