दीपावली : सँकटों के बावजूद जश्न में डूबे रहे देश – विदेश के भारतीय
www.thenationalert.com
नईदिल्ली. देश के साथ ही विदेशों में रहने वाले भारतीयों ने दीपावली का त्योहार धूमधाम से मनाया. तमाम तरह के सँकटों के बावजूद जश्न में लोग डूबे रहे. उन्होंने अपनी जिंदगी से जुड़ी तमाम तरह की परेशानियों को एक तरह से किनारे धरते हुए मँगल कामनाएँ की.
दरअसल, कार्तिक अमावस्या को दीप जलाने और लक्ष्मी पूजन का विशेष महत्व है. इस दिन घरों से लेकर दुकानों और कार्य स्थलों तक दीपक जलाकर रोशनी की जाती है.
क्या है मान्यता…

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, कार्तिक अमावस्या की रात माँ लक्ष्मी पृथ्वी लोक का भ्रमण करती हैं. इस तिथि से जुड़ी एक पौराणिक कथा भी प्रचलित है.
पौराणिक कथा के अनुसार, एक बार कार्तिक अमावस्या की रात माँ लक्ष्मी पृथ्वी लोक का भ्रमण करने निकलीं. उस समय चारों ओर घना अँधकार छाया हुआ था.
रास्ता साफ दिखाई नहीं देने के कारण देवी भटक गईं. उन्होंने सोचा कि रात यहीं बिताकर सुबह होने पर बैकुंठधाम को लौट जाएँगी. माँ लक्ष्मी ने ठहरने के लिए जगह तलाशनी शुरू की, लेकिन कहीं आश्रय नहीं मिला.
अपने – अपने घरों के दरवाजे बँद करके लोग सो चुके थे. अँधेरे के बीच उन्हें एक छोटी – सी झोपड़ी दिखाई दी. झोपड़ी के बाहर दीपक जल रहा था और दरवाजा भी खुला हुआ था.
दीपक की रोशनी देखकर माँ लक्ष्मी उस झोपड़ी के पास पहुँचीं. वहाँ एक वृद्ध महिला रहती थी. देवी ने उससे कहा कि वह अँधेरी रात में रास्ता भटक गई हैं. उन्हें रात बिताने के लिए आश्रय चाहिए.
वृद्ध महिला ने उन्हें अतिथि समझकर आदरपूर्वक अपने घर में ठहरने के लिए कहा. वृद्धा के पास भले ही साधन सीमित थे, लेकिन उसके मन में अतिथि के प्रति सम्मान और सेवा का भाव था.
उसने देवी को आश्वासन दिया कि वह उनके भोजन और आराम की व्यवस्था करेगी. इस व्यवहार से प्रसन्न होकर माँ लक्ष्मी र्झोपड़ी में विश्राम करने लगीं.
वृद्ध महिला ने भी उनकी पूरी देखभाल की. रात बीत गई. वृद्धा को यह पता नहीं था कि उसके घर आई अतिथि वास्तव में स्वयँ माँ लक्ष्मी थीं. अगली सुबह जब वृद्ध महिला की आँख खुली, तो वह अपने घर का बदला हुआ रूप देखकर हैरान रह गई.
उसकी साधारण सी झोपड़ी एक सुँदर और भव्य महल जैसी बन चुकी थी. घर में धन – धान्य और सुख – सुविधाओं की कोई कमी नहीं थी. वृद्ध महिला समझ नहीं पा रही थी कि रातोंरात यह सब कैसे हो गया.
वह मन ही मन उस अतिथि को याद करने लगी, जिसे उसने पिछली रात अपने घर में ठहराया था. माँ लक्ष्मी ने उसे स्वप्न में दर्शन दिए और बताया कि वह कार्तिक अमावस्या की रात रास्ता भटककर उसके घर आई थीं.
माँ लक्ष्मी ने कहा कि वृद्ध महिला के प्रेम, सेवा और सत्कार से प्रसन्न होकर उन्होंने उसे सुख – समृद्धि का आशीर्वाद दिया था. जिस तरह वृद्ध महिला ने अँधेरी रात में दीपक जलाकर प्रकाश फैलाया, उसी तरह कार्तिक अमावस्या पर दीप जलाने वाले लोगों पर भी उनकी कृपा बनी रहेगी.
इसी मान्यता के चलते इस दिन घरों में दीपक जलाए जाते हैं. इस दिन माता लक्ष्मी की पूजा की जाती है. धार्मिक मान्यताओं में माँ लक्ष्मी को चंचला भी कहा जाता है.
इस कारण धन और समृद्धि हमेशा एक ही स्थान पर टिके नहीं रहते. इसलिए जीवन में परिश्रम, सदाचार और अच्छे कर्मों का महत्व समझना जरूरी है. वृद्ध महिला के पास अधिक धन – सँपत्ति नहीं थी, लेकिन उसने अपनी सामर्थ्य के अनुसार अतिथि का आदर किया.
कार्तिक अमावस्या की इस कथा का सँदेश केवल दीपक जलाने तक सीमित नहीं है. यह दूसरों की सहायता करने, अतिथि का सम्मान करने और निःस्वार्थ भाव से सेवा करने की प्रेरणा भी देती है.
बहरहाल, सभी भारतीयों को, सनातनियों को देश के आला नेताओं सहित विश्व के कई राष्ट्राध्यक्षों ने अपनी तरफ से बधाई दी. भारत की राष्ट्रपति, प्रधानमँत्री, देश के नेता विपक्ष के साथ ही विभिन्न राज्यों की सरकारों के प्रमुख ने भी जनता से कहा : शुभ दीपावली.
दूसरी तरफ प्रधानमँत्री रविवार को छत्तीसगढ़ के बस्तर सँभाग के प्रवास पर थे. कुछ समय पूर्व तक बस्तर विगत कई वर्षों से गँभीर नक्सल प्रभावित रहा चुका है. राज्य और केंद्र के सुरक्षा बलों की अनगिनत शहादत के बाद कुछ समय से बस्तर में फिलहाल शाँति है.

प्रधानमँत्री हर साल सुरक्षा बलों, भारतीय सेना के जवानों के साथ दीपावली की खुशियाँ बाँटते रहे हैं. इस मर्तबा उन्होंने बस्तर को चुना. वहाँ पर वह भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच करणपुर कोबरा बेस कैंप के जवानों के साथ दीपावली मनाने वह पहुँचे थे.

