खबरों की खबरनौकरशाहहिंदुस्तान

डीजीपी का पद विवाद के चलते फिर चर्चा में आया

शेयर करें...

www.thenationalert.com

भोपाल.

पुलिस महानिदेशक यानिकि डीजीपी का पद एक बार पुनः चर्चा में है. दरअसल, इस बार विवाद सेवानिवृति की तारीख से जुड़ा हुआ है. तारीख बढ़ाने की माँग को लेकर जारी किए गए एक पत्र और उस पर हुई आपत्ति से विवाद गहरा गया है.

फिलहाल, मध्य प्रदेश में डीजीपी के पद पर आईपीएस कैलाश मकवाना बैढ़े हुए है. मध्य प्रदेश के पुलिस मुख्यालय (पीएचक्यू) ने आईपीएस मकवाना की
सेवानिवृत्ति की तारीख दो दिन बढ़ाने के लिए गृह विभाग को जो पत्र लिखा उस पर आपत्ति हो गई है.

क्या है विवाद…

आईपीएस डॉ. वरुण कपूर ने इस पत्र पर आपत्ति कर रखी है. आईपीएस कपूर वैसे डीजी जेल के पद पर पदस्थ हैं. उनका नाम नए डीजीपी पद के पैनल में शामिल बताया जाता है.

जेल डीजी डॉ. वरुण कपूर ने मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल और गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव संजय शुक्ला से मुलाकात की है. बताते हैं कि उन्होंने डीजीपी की नियुक्ति संबंधी नियमावली अपनी ओर से स्पष्ट की है.

पीएचक्यू के अधिकारिक सूत्र बताते हैं कि आईपीएस कपूर ने मौखिक रूप से पीएचक्यू की उस नोटशीट को गलत बताया, जिसमें डीजीपी की रिटायरमेंट तारीख 30 नवंबर से बढ़ाकर 2 दिसंबर करने की बात लिखी हुई है.

उल्लेखनीय है कि डीजीपी कैलाश मकवाना 30 नवंबर 2026 को रिटायर हो रहे हैं. हालांकि उन्होंने पदभार 2 दिसंबर 2024 को संभाला था. डीजीपी बनने के लिए रिटायरमेंट में कम से कम 6 माह की अवधि शेष होने का नियम है.

आईपीएस मकवाना के रिटायरमेंट की तारीख 2 दिन बढ़ती है तो आईपीएस कपूर रेस से बाहर हो जाएंगे. वे 30 नवंबर 2026 से ठीक 6 माह बाद रिटायर होंगे. पैनल में चौथे नँबर पर स्पेशल डीजी पंकज श्रीवास्तव बताए जाते हैं और वह रेस में शामिल हो जाएंगे.

वैसे डीजीपी कैलाश मकवाना की रिटायरमेंट की तारीख को लेकर गृह विभाग – पुलिस मुख्यालय में तनाव गहराता जा रहा है. शुरुआत पुलिस मुख्यालय की प्रशासन शाखा से गृह विभाग को भेजी उस नोटशीट से हुई, जिसमें रिटायरमेंट की तारीख 2 दिसंबर 2026 बताई गई.

अधिकारिक जानकारी के मुताबिक आईपीएस मकवाना ने पदभार 2 दिसंबर 2024 को लिया था. इसलिए रिटायरमेंट की तारीख दिसंबर 2026 होनी चाहिए. सारे विवाद की जड़ यही बताई जा रही है. गृह विभाग का कहना है कि तकनीकी रूप से यह उचित नहीं है.

मध्य प्रदेश के गृह विभाग का अपना तर्क है. उसका कहना है कि नए डीजीपी का कार्यकाल 1 दिसंबर से अगले दो साल के लिए होता है. ऐसी स्थिति में नियुक्त होने वाले अफसर भले ही दो या चार दिन बाद पदभार संभालें, लेकिन आदेश 1 दिसंबर से ही मान्य होगा. ऐसे में डीजीपी मकवाना के रिटायरमेंट की तारीख 30 नवंबर ही मानी जाएगी.

हालांकि नोटशीट पर चर्चा होने के बाद जल्द ही अंतिम फैसला लिया जाएगा. वैसे आईपीएस कैलाश मकवाना का कार्यकाल 31 अक्टूबर 2025 को बढ़ाया गया था. तब उनकी रिटायरमेंट की तारीख को एक साल बढ़ाया गया था.

यह निर्णय सुप्रीम कोर्ट द्वारा निर्धारित दिशानिर्देशों के आधार पर लिया गया था, तब उक्त आदेश मध्य प्रदेश के गृह विभाग के अपर सचिव आशीष भार्गव ने जारी किए थे.