खबरों की खबरछत्‍तीसगढ़साहित्‍य, समाज और मनोरंजन

जिला स्तरीय युवा उत्सव में 280 से अधिक युवाओं ने दिखाई प्रतिभा

शेयर करें...

राजनांदगांव। पद्मश्री गोविंदराम निर्मलकर ऑडिटोरियम में जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग के तत्वावधान में जिला स्तरीय युवा उत्सव 2026-27 का आयोजन किया गया। इसमें जिले के विभिन्न विकासखंडों से पहुंचे 280 से अधिक युवाओं ने लोककला, साहित्य, चित्रकला और रचनात्मक गतिविधियों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विभिन्न विधाओं में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी अब राज्य स्तरीय युवा महोत्सव में राजनांदगांव जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।

कार्यक्रम का शुभारंभ महापौर मधुसूदन यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण रविंद्र वैष्णव और जिला पंचायत की लोक निर्माण विभाग सभापति देवकुमारी साहू सहित अतिथियों एवं निर्णायकों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। जिला खेल अधिकारी जीआर मरकाम ने स्वागत भाषण में कहा कि जिले के सभी विकासखंडों से युवाओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। उत्सव में छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति, लोककला, परंपराओं और आधुनिक रचनात्मकता का सुंदर संगम देखने को मिला।

युवा उत्सव में विकसित भारत चैलेंज ट्रैक, दलीय लोकनृत्य, दलीय लोकगीत, चित्रकला, कविता लेखन, नुक्कड़ नाटक, पारंपरिक वेशभूषा और क्रिएटिव यूथ रील चैलेंज सहित विभिन्न विधाएं शामिल रहीं। जिला पंचायत अध्यक्ष किरण वैष्णव ने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति होते हैं। देश का भविष्य उनकी सोच, परिश्रम, प्रतिभा और संकल्प पर निर्भर करता है। विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। ऐसे आयोजन उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ विचारों और नवाचारों को सामने रखने का अवसर देते हैं। उन्होंने प्रतिभागियों से जीत-हार से आगे बढ़कर सहभागिता, प्रयास और सीखने की भावना को महत्व देने का आह्वान किया।

मुख्य अतिथि महापौर मधुसूदन यादव ने स्वामी विवेकानंद के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक दर्शन और वसुधैव कुटुंबकम् की भावना को विश्वभर में पहचान दिलाई। शिकागो में विश्व धर्म महासभा के ऐतिहासिक उद्बोधन से उन्होंने मानवता और भारतीय संस्कृति का संदेश दिया। स्वामी विवेकानंद का संदेश ‘नर सेवा ही नारायण सेवा है’ आज भी प्रासंगिक है। उन्होंने युवाओं से आत्मविश्वास, अनुशासन, चरित्र निर्माण और राष्ट्रभक्ति के साथ समाज एवं राष्ट्र के विकास में सक्रिय योगदान देने की अपील की।

कविता लेखन में नवेश चन्द्र (राजनांदगांव) ने प्रथम और साक्षी निषाद (डोंगरगांव) ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। पारंपरिक वेशभूषा में हर्षिता गोसाईं (राजनांदगांव) प्रथम और हीना (डोंगरगढ़) द्वितीय रहीं। नुक्कड़ नाटक में राजनांदगांव थिएटर ग्रुप प्रथम रहा। लोकगीत में रत्न एंड ग्रुप (डोंगरगढ़) ने प्रथम और सड़क चिरचरी, छुरिया ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

चित्रकला में पारूल डुबरे (राजनांदगांव) प्रथम और जागृति साहू (राजनांदगांव) द्वितीय रहीं। लोकनृत्य में कुलेश्वर एवं साथी प्रथम तथा करन एवं साथी द्वितीय स्थान पर रहे।

विकसित भारत पीपीटी राउंड में दिनेश्वर साहू ने प्रथम, विद्या साहू ने द्वितीय, मुस्कान साहू ने तृतीय, भेदराम वर्मा ने चतुर्थ, लक्की मानस देवांगन ने पंचम और ऋतिक कुमार ने षष्ठम स्थान प्राप्त किया।

प्रतियोगिता के बाद विभिन्न विधाओं में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को आयुक्त नगर निगम एवं सहायक संचालक खेल एवं युवा कल्याण विभाग जीआर मरकाम तथा अतिथियों ने पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

आयोजन को सफल बनाने में निर्णायक के रूप में डॉ. शैलेंद्र सिंह, डॉ. नीता एस. नायर, दीपक सिंह ठाकुर, सुदेश यादव, ईश्वर मेश्राम, पंकज सोलंकी, ललित मानकर, संतोष यादव, पूना राम यादव, रितेश देवांगन, रोशन साहू, महेश्वर साहू, सुरेंद्र साहू, सुनील बंसोड़, मनोहर यादव, अनुराज श्रीवास्तव और हर्षित साहू का योगदान रहा।

खेल एवं युवा कल्याण विभाग के विकासखंड नोडल अधिकारियों में राजकुमार नंदेश्वर (डोंगरगढ़), रोशन वर्मा (छुरिया), शैलेंद्र वर्मा (राजनांदगांव) और भूपेश यादव (डोंगरगढ़) सहित विभाग के कृष्ण यादव, उमेश साहू, युवराज निषाद, वीर सिंह, ओमप्रकाश, रूपेंद्र साहू, कलाराम, प्रवीण और संतु ने आयोजन में सहयोग दिया।