महादेव सट्टा ऐप : 9, 60, 00, 00, 00, 000 रुपए वाली सौरव इलेवन..!
मृत्युंजय / जनचर्चा.
www.thenationalert.com
6,000 करोड़ ( 6 हजार करोड़ ) का मतलब कुलजमा कितने रुपए होते हैं..? यह बच्चों से नहीं बल्कि आप और मुझ जैसे बड़ों से किया गया सवाल है. हर सवाल का अपने आप में कोई न कोई महत्व होता है. यानिकि बिना महत्व के कोई सवाल होता ही नहीं है.
यदि ऐसा न हो तो सवाल बेमतलब के होंगे… और उनका जवाब तो उतना ही महत्वहीन. दरअसल, इस सवाल से ज्यादा महत्वपूर्ण इससे जुड़ी वह सौरव इलेवन है जिसकी चर्चा आज कमोबेश हर घर में हो ही रही है.

सौरव इलेवन… यह छोटा सा नाम आपने – हमने अपनी अपनी सुविधा और समझ के हिसाब से तय किया है. इलेवन मतलब ग्यारह सदस्यों अथवा खिलाड़ियों वाली टीम. हो सकता है इसमें ग्यारह से ज्यादा खिलाड़ी हों.
यह भी हो सकता है, कि सौरव नहीं बल्कि टीम का कप्तान कोई और हो… लेकिन इससे क्या बदलेगा ? कुछ भी तो नहीं. हाँ, बदल तो अब तक तक वह आँकड़ा रहा है जोकि आज 96,000 करोड़ प्लस को क्रास कर रहा है.
सौरव इलेवन क्या है ? सौरव चँद्राकर, रवि उप्पल, शुभम सोनी, विकास छापरिया, सतीश चँद्राकर, चँद्रभूषण वर्मा, अनिल दमानी, सुनील दमानी, विशाल आहूजा, धीरज आहूजा, पुनाराम वर्मा, शिव कुमार वर्मा, यशोदा वर्मा, पवन नाथन (सृजन एसोसिएट्स से जुड़े नाम), तनवीर भट्ट, पिंटू मेहता, आयुष मिश्रा, विकास गर्ग (जुलाई 2026 में ईडी द्वारा गिरफ्तार), असीम दास, भीम सिंह यादव, गिरीश तलरेजा और सूरज चोखानी (ईडी के आरोपपत्र में नामित), हिमाँशु शेखर उर्फ मोहित… न जाने और कौन कौन..?
यह सारे नाम जाँच, आरोपपत्र व समन में सामने आए हैं. महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप की शुरुआत छत्तीसगढ़ से मानी जाती रही है. इसकी प्राथमिक जाँच भी यहीं की पुलिस ने की थी.
धीरे धीरे जाँच बढ़ती गई, आरोप बढ़ते गए, रकम भी बढ़ती गई. इधर, राज्य में सरकार क्या बदली छोटी एजेंसी (राज्य की पुलिस) से बड़ी एजेंसी (केंद्रीय जाँच एजेंसी जैसेकि सीबीआई – ईडी) को काम पर लगा दिया गया.
रकम लेकिन दिन दूनी रात चौगुनी गति से बढ़ी. पहले मामला 6 हजार करोड़ का बताया जा रहा था… लेकिन जाँच के आगे बढ़ने के साथ ही रकम में भी बढ़ोतरी हुई. अब यह इतना बढ़ गया है कि हिसाब किताब लगाने कैलकुलेटर के साथ पेन कागज लेकर बैढ़ना पड़ेगा.
6,000 करोड़ रुपए मतलब
60,00,00,00,000 (6 के आगे 10 शून्य) होता है. आईए अब इसे रूपांतरण करके समझते हैं…भारतीय पद्धति में 60, 00, 00, 00, 000 वाली रकम / आँकड़ा अँतरराष्ट्रीय पद्धति के हिसाब से मिलियन में 60,000 मिलियन (1 करोड़ = 10 मिलियन) और बिलियन में 60 बिलियन (100 करोड़ = 1 बिलियन) हो जाता है.
यह आँकड़ा हमारा तैयार किया हुआ नहीं है. जाँच के अनुसार, महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में अवैध कमाई का शुरुआती आँकलन लगभग ₹ 6,000 करोड़ से ₹ 11,000 करोड़ था, जो आज की तारीख में बढ़कर ₹ 92,000 करोड़ से ₹ 94,400 करोड़ के पार ₹ 96,000 तक पहुँच गया है.
96,000 करोड़ का मतलब 9,60,00,00,00,000 (960 अरब या 9.6 खरब) होता है. अँतरराष्ट्रीय प्रणाली में यह रकम 960 बिलियन (या 9,60,000 मिलियन) होती है. ईडी द्वारा रायपुर की विशेष अदालत में पेश की गई चार्जशीट और हालिया जानकारियों के आधार पर इस कमाई का आँकलन किया गया है. हो सकता है इसमें त्रुटि हुई हो लेकिन मामला खरब अथवा अरबों का आँकड़ा छूता नज़र आता है.
हाल फिलहाल के वर्षों में (चँद दिनों के भीतर) इतना बड़ा आसामी शायद ही कोई हुआ हो. कभी हर्षद मेहता अथवा अब्दुल करीम तेलगी का नाम जरूर सुनाई देता था लेकिन सौरव इलेवन के सामने छोटी टीम नज़र आती है.
हर्षद मेहता का शेयर मार्केट स्कैम (घोटाला) कुलजमा 4,025 करोड़ रुपए का मतलब 40 अरब 25 करोड़ रुपए का है. इसी तरह अब्दुल करीम तेलगी के नकली स्टांप पेपर घोटाले की अनुमानित राशि अलग – अलग स्रोतों के अनुसार 20,000 करोड़ रुपए से 32,000 करोड़ रुपए (लगभग 200 बिलियन रुपए) के बीच बताई जाती रही है.
हर्षद के 40 अरब 25 करोड़ और तेलगी के 320 अरब रुपए से कहीं ज्यादा सौरव इलेवन के 9 खरब 60 अरब रुपए या 96 लाख लाख रुपए होते हैं. सोचिएगा जब हर्षद ने सौ करोड़ रुपए की रिश्वत देने का और फर्जी स्टांप पेपर घोटाले के मुख्य आरोपी अब्दुल करीम तेलगी ने दिसँबर 2003 में बेंगलुरु में हुए अपने नार्को-एनालिसिस टेस्ट के दौरान कई वरिष्ठ राजनेताओं और पुलिस अधिकारियों को रिश्वत देने का दावा किया था तब क्या हुआ था..?

