3.84 किलो सोना, 24 लाख 22 हजार 500 रुपए नकद बरामद
www.thenationalert.com
बीजापुर. एक डंप से 3.84 किलो सोना और 24 लाख 22 हजार 500 रुपए नकद बरामद करने में बीजापुर पुलिस को सफलता मिली है. पुलिस अधीक्षक ने पत्रकारों से इसकी जानकारी साझा की.
बीजापुर के नए पुलिस अधीक्षक (एसपी) उमेश प्रसाद गुप्ता ने इसी साल 27 जुलाई को पदभार ग्रहण किया था. वे इससे पहले रायपुर मध्य जोन में पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) के पद पर कार्यरत थे.

उन्होंने बताया कि जिले में सुरक्षा बलों को कामयाबी मिली है.भैरमगढ़ थाना क्षेत्र में इंद्रावती नदी के आसपास जंगल में जमीन के नीचे छिपाकर रखे गए नक्सलियों के डंप से एक डब्बा मिला था.
इसी डब्बे से सोने के 33 बिस्किट मिले. प्रत्येक बिस्किट का वजन 10 तोला बताया गया है. सोने का कुल वजन 330 तोला यानी करीब 3.84 किलोग्राम होता है. पुलिस ने इसकी अनुमानित बाजार कीमत 4 करोड़ 29 लाख रुपए बताई है.
डिब्बे से टेप में लिपटा एक पैकेट भी बरामद हुआ है. इसमें 500-500 रुपए के नोटों के रूप में कुल 24 लाख 22 हजार 500 रुपए रखे हुए थे. कार्रवाई में सोने और नकदी को मिलाकर करीब 4 करोड़ 53 लाख 22 हजार 500 रुपए की संपत्ति बरामद हुई है.
इस ऑप्रेशन की जानकारी देते हुए वह बताते हैं कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) रविंद्र कुमार मीणा के नेतृत्व में डीआरजी, थाना भैरमगढ़ और बीडीएस की सँयुक्त टीम को मौके के लिए रवाना किया गया था. पुलिस टीम ने भैरमगढ़ थाने से करीब 8 से 10 किलोमीटर दूर इंद्रावती नदी के पास जंगल में चिन्हित स्थान पर तलाशी अभियान चलाया.
उनके बताए अनुसार इस दौरान बीडीएस टीम ने पहले डिमाइनिंग की कार्रवाई की. फिर इलाके की तलाशी ली. इसी दौरान जमीन के अंदर दबाकर रखा गया एक स्टील का डिब्बा मिला. डिब्बे और पैकेट में कुछ मिला यह बताया जा चुका है.
पुलिस के मुताबिक, जिले के अलग-अलग इलाकों से अब तक बरामद डंप से कुल 8 करोड़ 24 लाख 33 हजार 300 रुपए नकद और 12.34 किलोग्राम सोना मिल चुका है. इस डंप में रखी संपत्ति किस माओवादी संगठन या किस व्यक्ति की थी इस बारे में अभी पुलिस ने कुछ नहीं बताया है.

