महादेव सट्टा ऐप : नेताओं – अधिकारियों के बीच समन्वय स्थापित करने वाला रवि उप्पल क्या क्या उगलेगा..?
www.thenationalert.com
नईदिल्ली-रायपुर ब्यूरो. महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप का कथित को – प्रमोटर रवि उप्पल यदि वाकई प्रत्यर्पित होकर भारत आ गया तो क्या राज खुलेगा ? यह सवाल बेहद महत्वपूर्ण है. दरअसल, उसे अपने समूह में नेताओं व बड़े अधिकारियों के बीच समन्वय स्थापित करने वाला ‘खिलाड़ी’ माना जाता रहा है. तो क्या वह वो सारे राज खोलेगा जिससे ‘बड़ी मछलियाँ’ जाल में फँसेंगी
अधिकारिक जानकारी के मुताबिक रवि को सँयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में गिरफ्तार कर लिया गया है. अब भारतीय अधिकारी उसके प्रत्यर्पण की कोशिश में जुटे बताए गए हैं. प्रत्यर्पण (Extradition/एक्सट्राडिशन) एक कानूनी और आधिकारिक प्रक्रिया है.
इसके तहत एक देश (या राज्य) किसी दूसरे देश के अनुरोध पर उसके यहाँ आरोपी या सज़ा पाए हुए अपराधी को वापस सौंपता है, ताकि उस पर मुकदमा चलाया जा सके या उसकी सज़ा पूरी कराई जा सके.
यह भी पढ़िएगा :
महादेव सट्टा ऐप : सौरभ रिमांड पर सीबीआई के सुपुर्द, हिरासत में मनेगी दीपावली..?
अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी पीटीआई को दी थी. अधिकारियों ने बताया था कि दुबई में 46 साल के उप्पल को भारतीय जाँच एजेंसियों द्वारा उनके खिलाफ जारी इंटरपोल नोटिस के आधार पर गिरफ्तार किया गया.
इसके ठीक पहले केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) एक नवँबर को उप्पल के दोस्त सौरभ चँद्राकर को ओमान से वापस ले आई थी. चँद्राकर को सीबीआई रायपुर की विशेष अदालत ने 8 दिन की कस्टोडियल रिमांड (पुलिस / जाँच एजेंसी रिमांड) पर एजेंसी के सुपुर्द कर दिया था.
दोनों दुर्ग से दुबई तक कैसे पहुँचे…
चँद्राकर और उप्पल के बीच व्यवसायिक मित्रता बताई जाती है. मित्रता का यह सिलसिला 2018-19 के दौरान का बताया जाता है जब दोनों छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में जूस – कपड़े का छोटामोटा काम करते हुए आगे बढ़ने अषने हाथ पैर चला रहे थे.
वर्ष 2019-20 के आते आते दोनों ने सट्टाबाजी में आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल की सोची. तब इन्होंने महादेव बुक के नाम से सट्टा ऐप लाँच कर दिया. यह वह दौर था जब देश विदेश में कोरोना महामारी ने ताँडव मचा रखा था.
यह भी पढ़िएगा :
कोरोना के चलते जहाँ अच्छे अच्छे व्यापार बैठ रहे थे वहीं महादेव बुक नामक नया नया सट्टा ऐप बड़ी तेजी से बढ़ रहा था. दूसरी ओर अब पुलिस भी हरकत में आ चुकी थी. धड़ाधड़ गिरफ्तारी भी होने लगी थी.
सौरभ चँद्राकर और रवि उप्पल मौके का फायदा उठाते हुए दुबई भाग निकले. वहाँ से ही उन्होंने महादेव सट्टा ऐप को सँचालित करना प्रारँभ कर दिया. छत्तीसगढ़ सहित भारत के विभिन्न राज्यों से लड़के बुलवा कर सट्टा ऐप का केंद्रीय कार्यालय चँद्राकर-उप्पल ने दुबई में बना लिया था.
इस अवधि में शुभम उर्फ़ पिंटू सोनी, अशीम दास, रोहित गुलाटी, विकास छप्पारिया, अनिल धाम्मिनी, विशाल आहूजा, धीरज आहूजा, अनिल अग्रवाल, सतीश चँद्रकाँत, अभिषेक कुमार, हरिशँकर टिबरेवाल, सूरज चोखानी जैसे अनगिनत नाम जुड़ते चले गए.
अपराध दर्ज, जाँच शुरू…
यह वह समय था जब छत्तीसगढ़ में भाजपा प्रमुख विपक्षी दल हुआ करती थी. उसने राज्य की काँग्रेस सरकार के खिलाफ महादेव सट्टा ऐप को लेकर मोर्चा खोल दिया. वह दुर्ग जिले से ही आने वाले तत्कालीन मुख्यमँत्री, गृहमँत्री और चँद्राकर – उप्पल के रिश्तों पर सवाल उठाने लगी थी.
हालाँकि मामले में तब की काँग्रेस सरकार दर्जनों एफआईआर दर्ज कर सैकड़ों गिरफ्तारी करने को ही अपनी सफलता मान रही थी लेकिन भाजपा का उठाया हुआ मुद्दा तब तक चुनावी हो चुका था.
दूसरी तरफ वर्ष 2022-23 में मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) का प्रवेश होता है. वह
धन – शोधन (मनी लॉन्ड्रिंग) का केस दर्ज कर जाँच शुरू कर देती है.
पहले भी हो चुका है गिरफ्तार…
छग सरकार मामले में केंद्र सरकार से पहल करने का अनुरोध करती है. इस पर भारत सरकार के कहने पर अंतर्राष्ट्रीय आपराधिक पुलिस सँगठन (इंटरपोल) द्वारा दुनिया भर की कानून प्रवर्तन एजेंसियों को रेड कॉर्नर नोटिस जारी कर दी जाती है.
यह रेड कॉर्नर नोटिस अक्टूबर 2023 में सौरभ चँद्राकर और रवि उप्पल के खिलाफ जारी होती है. दिसँबर 2023 में रवि उप्पल दुबई में गिरफ्त में ले लिया जाता है. भारत सरकार उसका प्रत्यर्पण माँगती है लेकिन 45 दिन की समय सीमा खत्म हो चुकी होती है.
अँततः रवि उप्पल यूएई में बाहर आने में सफल हो जाता है. इस बीच खबर आती है कि उसने और सौरभ चँद्राकर ने वानुअतु नामक किसी तीसरे देश की नागरिकता भी ले ली है.
रवि उप्पल के दुबई से फरार होने की खबरों के बीच मामले में सुप्रीम कोर्ट ने नवँबर 2025 में मामले में सख्त रूख अपना लिया. तब इस साल जनवरी में रवि उप्पल की तकरीबन 21 करोड़ रूपए की सँपत्ति ईडी ने अस्थायी तौर पर जब्त कर ली थी.
दूसरी तरफ ओमान की राजधानी मस्कट से सौरभ चँद्राकर के पकड़े जाने की खबर सही साबित हुई. कानूनी दाँवपेंच में अंततः भारत की जाँच एजेंसियों को
सौरभ को प्रत्यर्पण कर देश लाने में बड़ी सफलता मिली.
सौरभ रायपुर लाया गया, उप्पल दुबई में धरा गया…
सीबीआई की टीम मँगलवार शाम सौरभ चँद्राकर को लेकर दिल्ली से रायपुर पहुँची थी. बुधवार उसे विशेष अदालत में पेश कर रिमाँड पर लेने की जद्दोजहद चल ही रही थी कि एक ओर अच्छी खबर ने भारतीय एजेंसियों के कान खड़े कर दिए.
यह खबर रवि उप्पल से जुड़ी हुई थी. उसे इंटरपोल द्वारा जारी किए गए दूसरे रेड कॉर्नर नोटिस पर दुबई में धर लिया गया. भारतीय एजेंसियों के द्वारा उसे प्रत्यर्पण कर देश में लाने के कानूनी दाँवपेंच चले जा रहे हैं. अब ईडी और सीबीआई रवि उप्पल को जल्द भारत लाने की कोशिश में जुटी हैं.
महादेव बेटिंग ऐप का सह – सँस्थापक बताया जाने वाला रवि सैकड़ों करोड़ रुपए के हवाला नेटवर्क को सँभालता था. छत्तीसगढ़ के नेताओं और नौकरशाहों से सँपर्क रखने की जिम्मेदारी भी उसी के पास थी. ऐसी चर्चा है.
जाँच एजेंसियाँ रवि उप्पल, सौरभ चँद्राकर से पूछताछ कर हवाला नेटवर्क, मनी ट्रेल और अवैध कमाई के लाभार्थियों का पता लगाना चाहती है. विकास छप्पारिया भी दुबई में बताया जा रहा है. उसे भी लाने की कोशिश की जा रही है.
बहरहाल, यदि सौरभ चँद्राकर, रवि उप्पल ने वाकई अपना मुँह खोल दिया तो क्या होगा ?

