खबरों की खबरछत्‍तीसगढ़नौकरशाह

युवती का शव बाफना हाउस की छत पर मिला, पुलिस पर लग रहे आरोप

शेयर करें...

www.thenationalert.com

जगदलपुर. बाफना हाऊस नामक व्यावसायिक परिसर की छत पर युवती का शव मिला है. पुलिस जहाँ मामले की फिलहाल जाँच कर रही है वहीं परिजनों ने कई तरह के आरोप लगाए हैं.

मामला जगदलपुर का ही है. पुलिस के बताए अनुसार उसे
20 वर्षीया युवती के शव की सूचना मिली थी. वह जब मौके पर पहुँची तो उसे एक सँदिग्ध सुसाइड नोट भी मिला है. प्रारँभिक रूप से आत्महत्या का मामला मानते हुए उसने हर पहलू को जाँच के दायरे में रखा है.

किसका है शव, कौन है परिसर का मालिक…

कोतवाली प्रभारी लीलाधर राठौर के अनुसार मृतक महिला की पहचान दीपा सागर के रूप में हुई है. वह पूर्व विधायक सँतोष बाफना के मालिकाना हक वाले ‘बाफना हाउस’ परिसर स्थित एक कपड़े की दुकान में कार्य करती थी.

पुलिस व दुकान से मिली जानकारी के मुताबिक दीपा ने 21 अक्टूबर को ही इस दुकान में काम शुरू किया था. रविवार शाम लगभग 6:30 बजे वह दुकान की छत की तरफ गई थी, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटी.

पुलिस ने बताया कि सोमवार सुबह जब एक अन्य महिला कर्मचारी किसी काम से छत पर गई, तब उसने शव देखा. उसी ने दुकान मालिक और अन्य कर्मचारियों को सूचित किया.

युवती के गले में फटा हुआ दुपट्टा बंधा मिला, जबकि दुपट्टे का दूसरा सिरा एक पाइप से लटक रहा था. पुलिसिया दृष्टिकोण से आशंका जताई जा रही है कि फाँसी लगाने के दौरान दुपट्टा टूटने से शव छत पर गिर गया होगा.

पुलिस को मौके से एक छोटा नोट भी मिला है, जिसमें महिला ने अपनी स्वेच्छा से कदम उठाने और किसी को परेशान न करने की बात लिखी है. जबकि मृतिका के परिजनों ने आरोप लगाया है.

आरोप है कि उनके पहुँचने से पहले ही पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी थी. परिजनों ने न्याय की मांग की है. मौसी बेला ने दावा किया कि रविवार शाम 6:30 बजे जब वे उसे खोजने दुकान पहुंचे, तो बताया गया कि वह जा चुकी है. बाद में उसका मोबाइल फोन घर पर लाकर छोड़ा गया था.

इससे मामला सँदिग्ध हो गया है. पुलिस एक ओर जहाँ सँदिग्ध मौत की जाँच कर रही है वहीं दूसरी ओर आरोप लगाया जा रहा है कि सोमवार सुबह जब परिजन फिर दुकान पहुँचे थे तब लगभग एक घँटे के इंतजार के बाद उन्हें दीपा की मौत की सूचना दी गई. फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है.