फिर सक्रिय हुईं केंद्र और राज्य की जाँच एजेंसियाँ
www.thenationalert.com
रायपुर. केंद्र की जाँच एजेंसी प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) सहित राज्य की जाँच एजेंसी भ्रष्टाचार विरोधी ब्यूरो (एसीबी) व आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) की सक्रियता एक बार फिर से छत्तीसगढ़ में शुक्रवार सुबह से दिखाई दी. दरअसल, एजेंसियों ने राज्य के विभिन्न शहरों में एक साथ छापेमारी की है. ऐन दीपावली के पहले डाले गए छापों को लेकर तरह तरह की चर्चा हो रही है जिसमें यह भी शामिल है कि छापे विलँब से डाले गए.

राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में एजेंसियों के अफसरों के बूटों की धमक सुबह से ही सुनाई देने लगी थी. रायपुर के बैरन बाजार, वीआईपी स्टेट के अतिरिक्त सँस्कारधानी शहर राजनाँदगाँव, न्यायधानी बिलासपुर, ऊर्जाधानी कोरबा, दुर्ग जैसे शहरों को छापों के लिए चुना था.
ये छापे क्यूँ डाले गए, क्या कुछ मिला, किस किस की गिरफ्तारी हुई यह सब अभी अधिकारिक तौर पर ज्ञात नहीं हुआ है लेकिन माना जा रहा है कि कोयला, शराब घोटाले सहित जमीन, ज्वेरात में लगाए गई रकम को लेकर कार्रवाई की गई होगी.
ईडी की टीम ने बैरन बाजार स्थित अनवर ढेबर के घर पर छापा मारा. दूसरी ओर ईओडब्ल्यू की टीम ने रियल एस्टेट डीलर सुदर्शन शर्मा के घर पर भी कार्रवाई की है. राजनाँदगाँव में भी ईओडब्ल्यू की टीम ने दो अलग-अलग ठिकानों पर कार्रवाई की है. सनसिटी स्थित कारोबारी वैभव गोलछा के निवास और लालबाग क्षेत्र में कारोबारी जय बग्गा के घर दबिश दी है.

अभनपुर क्षेत्र के गोबरा नवापारा में ईओडब्ल्यू – एसीबी की सँयुक्त टीम ने नवकार ज्वेलर्स को जाँच के दायरे में लिया है. न्यायधानी बिलासपुर में कोयला कारोबारी शाहबाज खान के उसलापुर स्थित अलका एवेन्यू में निवास पर पहुँची.
कोरबा जिले के कटघोरा में नगर पालिका अध्यक्ष राज जायसवाल के आवास सहित नगर सैनिक दिलीप केंवट के ठिकाने पर भी छापेमार कार्रवाई की गई है. दुर्ग जिले के पुरानी भिलाई स्थित वसुंधरा नगर में ट्रांसपोर्टर जितेंद्र कुमार सिंह के आवास छापामार टीम पहुँची थी. जितेंद्र सिंह ट्रांसपोर्टिंग और ऑयल कारोबार से जुड़े हैं. वे साईं ऑयल करियर और रवि रोडलाइँस के सँचालक बताए गए हैं.

