खबरों की खबरखेल और खिलाड़ीहिंदुस्तान

धोनी, कपिल और रोहित भारत के बेहतर कप्तान : आकाश का नजरिया

शेयर करें...

www.thenationalert.com

मुँबई. भारत के बेहतर वन डे कप्तानों में महेंद्र सिंह धोनी, कपिल देव और रोहित शर्मा का नँबर पहले तीन स्थानों में है. यह भारत के पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा का अपना नजरिया है.

दरअसल, पूर्व भारतीय बल्लेबाज और मशहूर कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने अपने पसंदीदा भारत के टॉप 5 वनडे कप्तान चुने हैं. उनकी इस सूची में विराट कोहली अँतिम स्थान पर हैं. सौरव गाँगुली टॉप 3 का हिस्सा नहीं हैं.

भारत के ऑल – टाइम पसँदीदा वनडे कप्तानों का खुलासा क्रिकइंफो पर शेयर किए गए वीडियो में आकाश ने किया है. वीडियो को चार कैटेगरी में बाँटा गया था. टॉप 15, टॉप 10, टॉप 5 और टॉप 3.

धोनी ने 110 मैच जीते थे…

उन्होंने पहले पायदान पर एमएस धोनी को जगह दी है. धोनी के अंडर भारत ने टी 20 वर्ल्ड कप, वनडे वर्ल्ड कप और आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी अपने नाम की.

वह आईसीसी की तीनों व्हाइट-बॉल ट्रॉफी जीतने वाले दुनिया के इकलौते कप्तान हैं. उन्होंने कुल 200 वनडे में कप्तानी की, जिसमें से भारत ने 110 जीते, 74 गंवाए. 11 मैचों का कोई रिजल्ट नहीं निकला.

कपिन ने 74 में से 39 मैच जीते थे…

इस सूची में आकाश ने दूसरे क्रम पर कपिल देव को रखा है. कपिल की अगुवाई में भारत ने वर्ष 1983 में वनडे वर्ल्ड कप जीता था. यह भारत की पहली आईसीसी ट्रॉफी थी.

भारतीय कप्तान रहे कपिल देव ने कुलजमा 74 वनडे मुकाबलों में टीम की कमान सँभाली थी. 39 में जीत दर्ज की थी. 33 मैचों में हार झेली और दो बेनतीजा रहे थे.

रोहित ने जीते थे 42 मैच…

आकाश ने तीसरे नँबर पर रोहित शर्मा को रखा है. रोहित के नेतृत्व में भारत ने 56 वनडे मैचों में से 42 जीते और 12 में हार का मुँह देखा. एक मैच टाई रहा और एक मुकाबला बेनतीजा.

रोहित की कप्तानी में भारत ने वर्ष 2024 में खेला गया टी 20 वर्ल्ड कप जीता था. इसके अलावा आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 जीती. वह टेस्ट और टी 20 से रिटायर हो चुके और भारत के लिए सिर्फ वनडे खेलते हैं.

इधर, गाँगुली को अपनी सूची में आकाश ने चौथे पायदान पर रखा है. गाँगुली ने वर्ष 1995 से 2005 के दौरान खेले गए 146 वनडे मुकाबलों में भारतीय टीम की बागडोर सँभाली थी.

गाँगुली के समय भारत ने 76 मैच जीते थे और 65 मुकाबले में उसे हार का मुँह देखना पड़ा था. पाँच मैच बेनतीजा रहे थे. सौरव गाँगुली के समय भारत ने एक बार आईसीसी ट्रॉफी अपने नाम की थी.

उस समय भारत को साल 2002 में श्रीलँका के साथ आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी का सँयुक्त विजेता घोषित किया गया था. गाँगुली की कप्तानी में भारतीय टीम ने वर्ष 2003 का वनडे वर्ल्ड कप फाइनल खेला था लेकिन उसे खिताबी मुकाबले में कँगारूओं के सामने हार झेलनी पड़ी थी.

अब आता है विराट कोहली का नँबर. कोहली ने 95 वनडे मैचों में भारत की कप्तानी सँभाली थी, जिसमें 65 जीते और 27 गँवाए. एक मैच टाई रहा था और दो मैच का रिजल्ट नहीं निकला.

उनकी अगुवाई में भारत ने कोई आईसीसी ट्रॉफी नहीं जीती. उन्होंने आखिरी बार 2021 में इस फॉर्मेट में कप्तानी की थी. 38 वर्षीय कोहली टेस्ट और टी 20 इंटरनेशनल से सँन्यास ले चुके हैं. भारत के लिए वह सिर्फ वनडे में एक्टिव हैं.