फसल बीमा : नाँदगाँव में 87.9130605822 फीसद आवेदन खारिज
www.thenationalert.com
राजनाँदगाँव. क्या फसल बीमा योजना किसानों के साथ धोखा है? क्या योजना में शामिल किसानों से ज्यादा फायदा उन कँपनियों को होता है जोकि फसलों का बीमा करती हैं ? अकेले राजनाँदगाँव जिले के आँकड़े देखकर समझा जा सकता है कि किसान ठगे जा रहे हैं.
दरअसल, रविवार से धान की समर्थन मूल्य पर खरीदी शुरू होते ही नफा नुकसान का गुणाभाग किया जाने लगा. खरीफ विपणन वर्ष 2026 – 27 के दौरान राजनाँदगाँव जिले में समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी कुल 122 धान खरीदी केंद्रों (उपार्जन केंद्रों) में की जा रही है.
जिले में पहले 96 धान खरीदी केंद्र हुआ करते थे. तब कई गाँवों के किसानों को दिक्कत हुआ करती थी. माँग अनुरूप किसानों की सुविधा के लिए इस वर्ष 26 नए केंद्र जोड़े गए हैं.
आज रविवार से यह शासकीय खरीदी अभियान शुरू हो चुका है. खरीदी 15 जनवरी 2027 तक चलेगी. धान की खरीदी 3,100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से हो रही है. अधिकतम 21 क्विंटल प्रति एकड़ के मान से खरीदी की जा रही है.
* 8939 आवेदन क्यूँ खारिज हुए ?
अब आते हैं फसल बीमा पर… अकेले नाँदगाँव जिले में फसल क्षति के 10 हजार 168 आवेदन प्राप्त हुए थे. इनमें से 8 हजार 939 आवेदन जोकि 87.9130605822 फीसद होता है खारिज कर दिए गए.
ऐसा बीमा कँपनियों ने क्यूँ कर किया ? आवेदन करने वाले किसानों के बड़े हिस्से को बीमा दावे में फिर निराशा ही हाथ लगी है. बीमा कँपनियाँ किसानों के आवेदन निरस्त करने के पीछे चार मुख्य कारण बता रही हैं.
इनमें सँबँधित फसल का बीमा कवरेज में शामिल नहीं होना, एक ही फसल क्षति की दोबारा सूचना देना, निर्धारित 72 घँटे की समय सीमा के बाद नुकसान की जानकारी देना और किसान का आवेदन, खसरा या फसल प्रधानमँत्री फसल बीमा योजना में पँजीकृत नहीं होना शामिल है.
बीमा कँपनियों के इन तर्कों के बीच किसानों के सामने यह सवाल खड़ा हो रहा है कि वास्तविक नुकसान के बावजूद उनके दावे क्यों खारिज हो रहे हैं ? उन्हें क्षतिपूर्ति कब, कैसे और कितनी मिलेगी यह उनके लिए यक्ष प्रश्न हो गया है.

