कँगारूओं को गहरा जख़्म दे गए कगिसो
www.thenationalert.com
केपटाऊन. दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा ने चिर प्रतिद्वंदी कँगारूओं को गहरा जख़्म देने का काम किया है. उन्होंने अपनी टीम की जीत में योगदान देने के साथ ही विश्व रिकार्ड भी अपने नाम कर लिया है.
दरअसल, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे टेस्ट की दूसरी पारी में रबाडा ने कमाल कर दिया. रबाडा ने पहले मैट रेनशॉ को जीरो पर आउट किया. फिर मार्नस लाबुशेन और ट्रेविस हेड को पवेलियन भेज ऑस्ट्रेलिया की कमर तोड़ दी.
इस दौरान रबाडा ने एक वर्ल्ड रिकॉर्ड भी बना दिया. वह अब टेस्ट क्रिकेट में सबसे तेज 350 विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं. उन्होंने अपने ही देश के पूर्व दिग्गज डेल स्टेन का रिकॉर्ड तोड़ा है.
कगिसो रबाडा ने टेस्ट क्रिकेट में 13,808 गेंद में 350 विकेट पूरे किए. वह अब टेस्ट क्रिकेट में सबसे तेज (गेंदों के लिहाज से) 350 विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं. उनसे पहले यह रिकॉर्ड डेल स्टेन के नाम था, जिन्होंने 14,719 गेंद में 350 विकेट पूरे किए थे.
वकार तीसरे नँबर पर…
इस रिकॉर्ड लिस्ट में पाकिस्तान के पूर्व दिग्गज वकार यूनिस तीसरे नंबर पर हैं. उन्होंने 14,905 गेंद में यह कारनामा किया था. इसके साथ ही कगिसो रबाडा टेस्ट क्रिकेट में 350 विकेट लेने वाले दक्षिण अफ्रीका के चौथे गेंदबाज बन गए हैं.
टेस्ट में दक्षिण अफ्रीका के लिए सबसे ज्यादा विकेट डेल स्टेन ने लिए हैं. उनके नाम 439 विकेट हैं. शॉन पोलॉक के नाम 421 विकेट हैं. वहीं मखाया एनतिनी ने 390 विकेट लिए हैं.
कगिसो रबाडा ने 75 टेस्ट मैचों में 350 विकेट लेने का कमाल किया. ऐसा कर उन्होंने मैल्कम मार्शल की बराबरी भी कर ली जिन्होंने इतने ही टेस्ट मैचों में 350 विकेट लिए थे.
टेस्ट क्रिकेट में सबसे कम मैचों में 350 विकेट लेने वाले तेज गेंदबाजों की लिस्ट में पहले नंबर पर डेल स्टेन हैं जिन्होंने 69 मैचों में ये कमाल किया था.
रिचर्ड हेडली ने भी इतने ही मैचों में 350 विकेट लिए थे और वो स्टेन के साथ संयुक्त रूप से पहले स्थान पर मौजूद हैं.
सबसे कम गेंदों में 350 टेस्ट विकेट
13808 – कागिसो रबाडा
14719 – डेल स्टेन
14905 – वकार यूनिस
16285 – मैल्कम मार्शल
16908 – मिशेल स्टार्क.
सबसे कम टेस्ट में 350 विकेट लेने वाले तेज गेंदबाज
. 69 मैच : डेल स्टेन
. 69 मैच : रिचर्ड हैडली
. 70 मैच : डेनिस लिली
. 74 मैच : ग्लेन मैक्ग्रा
. 75 मैच : कगिसो रबाडा
.75 मैच : मैल्कम मार्शल.

