खबरों की खबरहिंदुस्तान

सौ में से 30 शहरी युवा ही अपर सेकेंडरी शिक्षा पूरी कर पाते हैं

शेयर करें...

www.thenationalert.com

दिल्ली.गाँवों में रहने वाले हर 100 युवाओं के मुकाबले शहरों के 30 युवा ही अपर सेकेंडरी शिक्षा पूरी कर पाते हैं. यह उस अध्ययन का नतीजा है जोकि सँयुक्त राष्ट्र शैक्षिक, वैज्ञानिक और साँस्कृतिक सँगठन (यूनेस्को) द्वारा किया गया है.

यूनेस्को द्वारा तैयार की गई रपट का लब्बोलुआब यही है कि परिवार की आर्थिक स्थिति और रहने की जगह भी बच्चों की शिक्षा पर असर डालती है.

दुनियाभर में शिक्षा की पहुंच बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन स्कूल की पढ़ाई पूरी करने के मामले में अभी भी बड़ी चुनौती बनी हुई है.

यूनेस्को की ग्लोबल एजुकेशन मॉनिटरिंग रपट 2026 के मुताबिक, अगर शिक्षा की मौजूदा रफ्तार जारी रही तो दुनिया के 95 प्रतिशत युवाओं के लिए अपर सेकेंडरी एजुकेशन पूरा करने का लक्ष्य साल 2105 तक ही हासिल हो पाएगा.

यानी इस लक्ष्य को पूरा करने में अभी करीब 79 साल और लग सकते हैं. हालाँकि साल 2000 से 2024 के बीच स्कूल पूरा करने वाले बच्चों और युवाओं की संख्या में सुधार हुआ है.

यह प्रगति इतनी धीमी है कि दुनिया के सभी युवाओं तक माध्यमिक शिक्षा पहुंचाने का लक्ष्य अभी काफी दूर नजर आ रहा है. यूनेस्को ने अपनी रपट में स्कूलों में देर से एडमिशन, कक्षाओं में दोहराव और आर्थिक असमानता को इसकी प्रमुख वजहों में शामिल किया है.

क्या कहते हैं आँकड़े..

साल 2024 में दुनिया के करीब 61 प्रतिशत युवाओं ने अपर सेकेंडरी एजुकेशन पूरी की थी. इसका मतलब है कि लगभग 39 प्रतिशत युवा इस स्तर की पढ़ाई पूरी नहीं कर पाए.

पिछले दो दशकों में स्कूल पूरा करने की दर में सुधार हुआ है. आँकड़ों से पता चलता है कि प्राइमरी और लोअर सेकेंडरी एजुकेशन में सुधार हुआ है जबकि अपर सेकेंडरी स्तर पर अभी भी बड़ी संख्या में युवा पढ़ाई पूरी नहीं कर पा रहे हैं.

साल 2024 में दुनियाभर के करीब 27.3 करोड़ बच्चे और युवा स्कूल से बाहर थे. यानी दुनिया की स्कूल जाने वाली उम्र की आबादी का लगभग हर छठा बच्चा शिक्षा से वंचित था. साल 2015 के बाद लगातार सात वर्षों तक स्कूल से बाहर रहने वाले बच्चों की संख्या में बढ़ोतरी दर्ज की गई है.

साल 2024 में दुनिया के स्कूलों में करीब 1.4 अरब विद्यार्थी नामांकित थे. साल 2000 के मुकाबले प्राइमरी और सेकेंडरी स्कूलों में विद्यार्थियों की संख्या में 32.7 करोड़ की बढ़ोतरी हुई है. इसके बावजूद सभी बच्चों का स्कूल पूरा करना एक बड़ी चुनौती बना हुआ है.

स्कूल की पढ़ाई पूरी नहीं कर पाने के पीछे कई वजहें बताई गई हैं –

देर से स्कूल में दाखिला :

कई देशों में बच्चों का स्कूल में दाखिला तय उम्र के बाद होता है. इससे उनकी पढ़ाई का पूरा शेड्यूल प्रभावित होता है.

कक्षा में दोहराव :

कई विद्यार्थियों को एक ही कक्षा में दोबारा पढ़ना पड़ता है. इससे उनकी आगे की पढ़ाई में देरी होती है.

आर्थिक असमानता :

गरीब परिवारों के बच्चों के लिए पढ़ाई जारी रखना मुश्किल होता है. उन्हें अमीर परिवारों के बच्चों की तुलना में कम अवसर मिलते हैं.

ग्रामीण और शहरी अँतर :

ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले बच्चों को शिक्षा के अवसर शहरी क्षेत्रों के मुकाबले कम मिलते हैं.

अब इसे साल दर साल के आँकड़ों के हिसाब से लेते हैं. साल 2000 में प्राइमरी एजुकेशन पूरा करने वाले बच्चों का वैश्विक प्रतिशत 77 था जोकि साल 2024 में बढ़कर 88 हो गया. मतलब इसमें सुधार हुआ.

इसी तरह इस अवधि में ही
लोअर सेकेंडरी एजुकेशन का प्रतिशत 60 से 78 हो गया जोकि सुधरा है. लेकिन अपर सेकेंडरी एजुकेशन के आँकड़े चिंताजनक है जोकि
37 से 61 फीसदी हुए.

दूसरी तरफ कम आय वाले देशों में शिक्षा को लेकर असमानता ज्यादा देखने को मिलती है. इन देशों में अमीर परिवारों के हर 100 युवाओं के मुकाबले गरीब परिवारों के सिर्फ 13 युवा अपर सेकेंडरी एजुकेशन पूरी कर पाते हैं.