खबरों की खबरधर्म आध्‍यात्‍महिंदुस्तान

पुष्कर स्नान : चारधाम यात्रा का फल मिलता है

शेयर करें...

www.thenationalert.com

अजमेर. कार्तिक पूर्णिमा पर श्री पुष्कर तीर्थ पर दर्शन और स्नान की सदियों पुरानी परँपरा एक बार फिर निभाई जाएगी. धार्मिक मान्यता के मुताबिक इस दिन यहाँ स्नान करने से चारोंधाम की यात्रा कर लेने जैसा फल अर्जित होता है. सँभवतः इस कारण सनातन धर्म को मानने वाले करोड़ों सनातनी पुष्कर तीर्थ पर जुटते रहे हैं.

उल्लेखनीय है, कि कार्तिक माह को सनातन धर्म में पवित्र मास माना गया है. कार्तिक माह में कृष्ण पक्ष की एकम से लेकर शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तक पवित्र नदियों, सरोवरों में ब्रह्म मुहूर्त के स्नान का भी विधान है.

माना जाता है, कि जो कोई सनातनी रोजमर्रा की जिंदगी में इस विधान को पूर्ण करने में अपने आपको असमर्थ पाए उसके लिए कार्तिक माह की पूर्णिमा में किया गया स्नान पूर्ण फलदायी होता है. इस दृष्टिकोण से भी पुष्कर तीर्थ पर लाखों सनातनी जुटते हैं.

दरअसल, कार्तिक पूर्णिमा पर पुष्कर सरोवर में स्नान करने से पापों से मुक्ति, पुण्य और मोक्ष की प्राप्ति मानी जाती है. इस दिन कार्तिक स्नान और पुष्कर मेले का समापन होता है.

* ब्रह्मा जी का यज्ञ :

पौराणिक मान्यता के अनुसार, ब्रह्मा जी ने कार्तिक मास में (विशेषकर एकादशी से पूर्णिमा तक) पुष्कर में यज्ञ किया था. इस दौरान देवी – देवता यहाँ उपस्थित हुए थे. यहाँ ब्रह्मा जी का वह मँदिर भी स्थित है जिसे किसी समय इकलौता मँदिर बताया जाता था.

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस तिथि पर पुष्कर सरोवर में स्नान करने से अन्य प्रमुख तीर्थों के दर्शन – स्नान के समान पुण्य मिलता है. चारधाम यात्रा का फल पूर्ण माना जाता है.

देवउठनी एकादशी से शुरू होने वाला पुष्कर मेला भी कार्तिक पूर्णिमा पर अपने चरम और समापन पर पहुँचता है. इस दिन श्रद्धालु स्नान, दान, दीपदान और पितृ तर्पण करते हैं.

* ऊँट मेला का होगा समापन…

बड़े धार्मिक आयोजन स्थल के आसपास मेला लगने की परँपरा भी वर्षों पुरानी है. श्री पुष्कर तीर्थ पर कार्तिक पूर्णिमा पर स्नान करने सनातनी आते रहे हैं इस कारण यहाँ मेले का आयोजन होते रहा है. कभी किसी समय इस मेले को पुष्कर ऊँट मेला का नाम मिला था.

यह मेला इतना प्रसिद्ध हुआ कि बाद में यहाँ अन्य प्रदेशों से दीगर पशु – जानवर लेकर भी पशुपालक आने लगे. ऐतिहासिक और प्रशासनिक रिकॉर्ड के अनुसार वर्ष 1919 में अजमेर-मेवाड़ के तत्कालीन जिला मजिस्ट्रेट ने औपचारिक घोषणा की.

उनके द्वारा कराई गई मुनादी के साथ पशु मेले के आयोजन को व्यवस्थित रूप दिया गया. इसके बाद यह ऊँटों के साथ घोड़े, गाय-भैंस और अन्य मवेशियों के व्यापार व प्रदर्शन के कारण व्यापक रूप से पशु मेला कहलाने लगा. यहाँ ऊँट, मारवाड़ी व नुकरा घोड़े, गाय, बैल और भैंसों का बड़ा व्यापार व प्रदर्शन होता है. इस बार खास नस्ल के घोड़े, भैंस और छोटी गायें आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं.