भरत उवाच : पूर्व की शिकायत से घबराई है निमार्ण कँपनी, आरोप गलत
www.thenationalert.com
रायपुर. जिला सहकारी केंद्रीय बैंक राजनाँदगाँव के उपाध्यक्ष भरत वर्मा और सड़क निर्माण से जुड़ी एक कँपनी का विवाद अब पुलिस तक पहुँच चुका है. भरत वर्मा स्वँय पर लगाए गए आरोपों पर कहते हैं कि उनकी पूर्व की शिकायत से दरअसल, कँपनी घबराई हुई है.

पूर्व मुख्यमँत्री और वर्तमान विधानसभा अध्यक्ष डा. रमन सिंह के निर्वाचन जिला नाँदगाँव में भरत वर्मा भाजपा के बड़े नेता माने जाते हैं. उनका अपना वजूद राजनीति से परे समाज में भी प्रभावी रहा है.
अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) से आने वाले भरत वर्मा पहले भाजपा के प्रदेश महामँत्री रह चुके हैं. पूर्व में वह नाँदगाँव जिला पँचायत अध्यक्ष रहे हैं. उन्होंने डोंगरगाँव विधानसभा क्षेत्र से पार्टी प्रत्याशी के तौर पर चुनाव भी लड़ा था जिसमें उन्हें सफलता नहीं मिल पाई.
* नेशन अलर्ट से क्या कहा..?
आज सुबह भरत वर्मा ने ‘नेशन अलर्ट’ से बातचीत में अपने सँदर्भ में चल रही खबरों पर अपनी प्रतिक्रिया दी. तकरीबन 3 मिनट की बातचीत में उन्होंने सारे आरोपों को गलत बताते हुए पुलिस अधिकारियों से मिलने की बात कही है.
फिलहाल नाँदगाँव जिला सहकारी केंद्रीय बैंक उपाध्यक्ष का दायित्व सँभाल रहे वर्मा के बताए मुताबिक मामला शुक्रवार का है. उनके अनुसार वह मोहला जाने के लिए निकले हुए थे. उस समय की यह बात बताई जा रही है.
वर्मा बताते हैं कि खैरागढ़ से मोहला तक सड़क का काम हो रहा है. इस काम का ठेका किन्हीं मेसर्स कन्हैयालाल अग्रवाल कँपनी के पास बताया जाता है. वर्मा के मुताबिक कुल 380 करोड़ का यह ठेका होगा.

पहले भी उन्होंने इस सड़क निर्माण में मुख्यमँत्री, विधानसभा अध्यक्ष से लेकर लोक निर्माण विभाग के आला अधिकारियों से शिकायत कर रखी थी. उनका आरोप है कि कँपनी शुरू से ही गुणवत्ताहीन कार्य कर रही है.
उनकी शिकायत पर अक्टूबर में प्रमुख अभियँता वीके भतपहरी ने चार सदस्यीय जाँच दल गठित किया था. टीम ने 5 और 6 अक्टूबर के आसपास निर्माण सामग्री के सैंपल लिए थे. रपट अब तक सार्वजनिक नहीं हुई है.
* कैसे पुलिस के पास पहुँचा मामला..?
अब आते हैं इस मामले के पुलिस के पास पहुँचने के कारणों पर…निर्माण करने वाली कँपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर मनीष कुमार साहू ने पुलिस अधीक्षक अँकिता शर्मा से शिकायत कर एफआईआर दर्ज करने की माँग की थी. तब से यह मामला सुर्खियाँ बटोर रहा है.

एसपी से की गई शिकायत मुताबिक शुक्रवार सुबह कुमर्दा-घुपसाल गाँव के बीच निर्माण कार्य चल रहा था. मौके पर पहुँचे भरत वर्मा ने कर्मचारियों से विवाद किया.
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि भरत वर्मा ने एक कर्मचारी से मारपीट भी की. वीडियो बना रहे ऑपरेटर को भी गालियाँ देते हुए मारने के लिए दौड़ाया. कर्मचारियों ने सुरक्षा नहीं मिलने तक काम बँद रखने की बात कही है.
प्रोजेक्ट मैनेजर साहू का यह भी आरोप है कि वर्मा ने कँपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर नवीन अग्रवाल से 50 लाख रुपए की माँग की थी. रकम नहीं मिलने पर कर्मचारियों को धमकाया जा रहा है. कँपनी के प्रतिनिधियों ने एसपी कार्यालय में घटना का वीडियो और लिखित शिकायत सौंपी है.

इधर, अपने लाव लश्कर के साथ शनिवार दोपहर भरत वर्मा पुलिस के पास पहुँच गए. उन्होंने भी एक लिखित शिकायत पुलिस अधीक्षक के नाम सौंपी है. इसमें उन्होंने घटनाक्रम का उल्लेख करते हुए ठेकेदार के कर्मचारियों पर स्वँय को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है.

