रामायण : पुलिस कमिश्नर भी प्रतिवादी बनाए गए
www.thenationalert.com
रायपुर. जिला न्यायालय के अधिवक्ता मनोज सिंह ठाकुर एक जनहित याचिका लेकर सुप्रीम कोर्ट (एससी) पहुँच गए हैं.याचिका में फिल्म रामायण को जारी प्रमाणपत्र की दोबारा समीक्षा करने या फिर उसे रद्द करने का अनुरोध किया गया है. इसमें रायपुर पुलिस कमिश्नर को भी प्रतिवादी बनाया गया है.
बताया गया है कि सँविधान के अनुच्छेद 32 के तहत याचिका दायर की गई है. यह 19 नवँबर को दायर हुई थी. याचिका को एससी की रजिस्ट्री ने डायरी नँबर 72618/2026 आबँटित किया है.
* क्या है आरोप, क्या है माँग..?
केंद्र सरकार, केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी), प्राइम फोकस स्टूडियोज, मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स, निर्माता नमित मल्होत्रा और यश, निर्देशक नितेश तिवारी, लेखक श्रीधर राघवन, श्रेयस जैन सहित रायपुर पुलिस आयुक्त को भी प्रतिवादी बनाया गया है.
याचिकाकर्ता का आरोप है कि फिल्म का प्रचार महर्षि वाल्मीकि की रामायण के नाम पर किया गया. इसके डिस्क्लेमर में पौराणिक और ऐतिहासिक तथ्यों की सटीकता की जिम्मेदारी नहीं ली गई है. इसे दर्शकों के साथ कथित धोखाधड़ी बताते हुए भारतीय न्याय सँहिता (बीएनएस) की धारा 318 के तहत कार्रवाई की माँग की गई है.
अपने दावों के समर्थन में अधिवक्ता ठाकुर ने गीता प्रेस, गोरखपुर से प्रकाशित श्रीमद वाल्मीकीय रामायण के सँबँधित अँश अदालत में पेश करने की बात कही है. याचिका में फिल्म को जारी प्रमाणपत्र की दोबारा समीक्षा करने या उसे रद्द करने का अनुरोध किया गया है.
याचिका में उन्होंने धार्मिक ग्रँथों पर आधारित फिल्मों के लिए स्थाई दिशा निर्देश तय करने की माँग की है. वकील ठाकुर ने 13 नवँबर को पुलिस आयुक्त को दी गई शिकायत पर एफआईआर दर्ज करने के निर्देश देने का भी आग्रह किया है.
अधिवक्ता ठाकुर का कहना है कि रामायण करोड़ों लोगों की आस्था और साँस्कृतिक पहचान से जुड़ी है. उनके मुताबिक, रचनात्मक स्वतँत्रता के नाम पर मूल ग्रँथ के स्वरूप में बदलाव कर व्यावसायिक लाभ कमाना कानून से जुड़ा सवाल भी है.

