अपराधखबरों की खबरछत्‍तीसगढ़हिंदुस्तान

जी, मैं सीएम विजय सर का पीए हूँ बोलकर सायबर ठग ने लगा दी चपत

शेयर करें...

www.thenationalert.com

राजनाँदगाँव. जी, मैं सीएम विजय सर का पीए हूँ… यदि आपसे भी बातचीत के दौरान कोई शख्स ऐसे वाक्यों का उपयोग करता रहे तो पूरी तरह विश्वास मत करिएगा. वह सायबर ठग भी हो सकता है. अब ऐसे ही एक मामले में बसँतपुर पुलिस जाँच करेगी.

ग्राम भर्रेगाँव, राजनाँदगाँव के बसँतपुर थाना अँतर्गत आता है. प्रार्थी पवन टंडन को यहीं का निवासी बताया जा रहा है. टंडन द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत मुताबिक उससे किसी अज्ञात व्यक्ति ने सँपर्क किया था.

टंडन ने अपनी शिकायत में उल्लेख किया है कि अज्ञात व्यक्ति अपने आपको तमिलनाडु के मुख्यमँत्री (विजय थलापति) के निजी सहायक के रूप में पेश कर रहा था. इससे वह प्रभावित होकर झाँसे में आ गया.

* कैसे ठगा गया..?

शिकायत और पुलिस के मुताबिक आरोपी ने सोशल मीडिया के जरिए तैयार एक ऐप पर निवेश करने के बदले छह गुना मुनाफा देने का वादा किया. युवक ने 87 हजार रुपए ट्राँसफर कर दिए, लेकिन रकम मिलने के बाद आरोपी ने वादे के मुताबिक पैसा नहीं लौटाया.

युवक अधिक मुनाफे की उम्मीद में आरोपी की बातों में आने की बात स्वीकार रहा है. हालांकि, रकम जमा होने के बाद न तो उसे वादे के मुताबिक मुनाफा मिला और न ही निवेश की राशि वापस हुई. इसके बाद पवन को अपने साथ हुई धोखाधड़ी का अहसास हुआ तो वह शिकायत लेकर पुलिस के पास पहुँचा.

क्राइम ब्राँच में पदस्थ सत्यप्रकाश तिवारी कहते हैं कि पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने फर्जी पहचान और सोशल मीडिया के जरिए तैयार ऐप का इस्तेमाल कर युवक को किस तरह अपने झाँसे में लिया. आरोपी की पहचान और ठगी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जाँच की जा रही है.