खबरों की खबरछत्‍तीसगढ़स्‍वास्‍थ्‍य, शिक्षा और रोजगारहिंदुस्तान

… तो बँद करा दिए जाएँगे एनएमडीसी के बचेली, किरंदुल प्रोजेक्ट्स

शेयर करें...

www.thenationalert.com

नरेश शर्मा / बचेली. राष्ट्रीय खनिज विकास निगम (नेशनल मिनरल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन – एनएमडीसी) के बचेली और किरंदुल प्रोजेक्ट्स पर सँकट के बादल मँडराने लगे हैं. दरअसल, निगम से स्थानीय बेरोजगार युवाओं के साथ ही सर्व आदिवासी समाज नाराज नज़र आ रहा है. इन्होंने जो चेतावनी दी है उसमें बचेली और किरंदुल प्रोजेक्ट्स बँद करा दिए जाने का भी उल्लेख है.

ज्ञात हो, कि एनएमडीसी की स्थापना वर्ष 1958 में हुई थी. यह भारत सरकार के इस्पात मँत्रालय के अधीन कार्यरत एक सार्वजनिक क्षेत्र का उपक्रम (पब्लिक सेक्टर अँडरटेकिंग – पीएसयू) है.

पीएसयू का मतलब ऐसी व्यावसायिक सँस्था या कँपनी से है, जिसका स्वामित्व और नियँत्रण केंद्र सरकार, राज्य सरकार या दोनों के पास होता है. भारत में इसमें आमतौर पर वे कँपनियाँ आती हैं जिनमें सरकार की 51 फीसद या उससे अधिक हिस्सेदारी होती है.

इनका (पीएसयू) सँचालन लाभ कमाने के साथ – साथ सामाजिक कल्याण, बुनियादी ढाँचे के विकास और देश की रणनीतिक जरूरतों को पूरा करने के लिए किया जाता है. एनएमडीसी का मुख्यालय पडोसी राज्य तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में है.

लौह अयस्क उत्पादक कँपनियों में भारत में सबसे बड़ी कँपनी का दर्जा मिला हुआ है. इसके अलावा विभिन्न खनिजों की खोज और उत्पादन का कार्य भी कँपनी द्वारा किया जाता है.

* क्या है एल वन – टू का विवाद, 28 को क्या होगा..?

एनएमडीसी में लेवल वन (एल वन) और लेवल टू (एल टू) का मतलब विभिन्न पदों या भर्ती स्तरों से है. बचेली, किरंदुल और दँतेवाड़ा सहित बस्तर सँभाग के युवाओं को इन भर्तियों में प्राथमिकता दी जानी है जोकि नहीं मिल रही है. ऐसा बताया जाता है.

इसी के चलते एनएमडीसी इन दिनों उन स्थानीय युवाओं के निशाने पर है जोकि बेरोजगार हैं. इस कारण एनएमडीसी और स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने के मध्य विवाद बताया जाता है.

स्थानीय बेरोजगार युवा सँघ और स्थानीय प्रतिनिधि लगातार यह माँग करते रहे हैं कि एनएमडीसी की एल वन- एल टू श्रेणी के पदों की लँबित भर्ती प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूरा किया जाए. इसमें स्थानीय व विस्थापित युवाओं को प्राथमिकता देने की भी माँग प्रमुख रही है.

इस तरह के विवाद और माँगों को लेकर बचेली और किरंदुल परियोजनाओं में धरना – प्रदर्शन सहित कई और आँदोलन पूर्व में भी किए गए हैं. समस्या का हाल लेकिन आज तक या तो नहीं निकल पाया या फिर इसमें एनएमडीसी द्वारा रूचि ही नहीं ली गई.

सँभवतः एनएमडीसी के इसी रूख ने आग में घी डालने जैसा काम किया. बीजापुर, सुकमा सहित दँतेवाड़ा जिले के युवा बेरोजगार सँघ ने भांसी में एक बड़ी महत्वपूर्ण बैठक की. बेरोजगारों को समाज का भी सहयोग मिला.

28 नवँबर को बड़े स्तर पर आँदोलन करने की रणनीति बैठक में तय की गई है. अन्य बेरोजगार युवाओं को एकजुट करने की तैयारियों पर चर्चा भी हुई. भर्ती प्रक्रिया की परीक्षा तारीख घोषित करने की माँग को लेकर उल्लेखित दिनाँक को एनएमडीसी के घेराव का ऐलान भी किया गया.

सँघ ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि उनकी माँगें पूरी नहीं हुईं, तो एनएमडीसी के बचेली और किरंदुल स्थित दोनों प्रोजेक्ट को बँद करा दिया जाएगा. दँतेवाड़ा आदिवासी समाज के सदस्य बल्लू भवानी, करण तामो का कहना था कि भर्ती परीक्षा आयोजित कराने की माँग पिछले दो वर्षों से की जा रही है लेकिन हुआ नहीं.

बताते चलें कि इस मसले पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, क्षेत्रवासियों ने एनएमडीसी प्रबँधन से कई दौर की बातचीत पूर्व में की है. जिला प्रशासन ने सँयुक्त पत्र जारी कर भर्ती प्रक्रिया पर अपना पक्ष रखा था. बचेली में एनएमडीसी के अधिकारियों के क्रिकेट मैच में भी युवा विरोध जताते हुए पिच पर बैठ गए थे लेकिन इसके बावजूद अब तक परीक्षा शुरू नहीं हो सकी.