खबरों की खबरछत्‍तीसगढ़साहित्‍य, समाज और मनोरंजनहिंदुस्तान

मुक्तिबोध को समर्पित राष्ट्रीय नाट्य समारोह 13 से

शेयर करें...

www.thenationalert.com

राजनाँदगाँव. सँस्कारधानी का नाम राष्ट्रीय – अँतर राष्ट्रीय स्तर पर रौशन कर गए हिंदी साहित्य के महत्वपूर्ण हस्ताक्षर गजानन माधव मुक्तिबोध को समर्पित पाँच दिवसीय ‘मुक्तिबोध राष्ट्रीय नाट्य समारोह-2026’ का आयोजन 13 से 17 नवँबर तक छत्तीसगढ़ में होने जा रहा है. प्रदेश की राजधानी रायपुर के रँगमँदिर में यह आयोजन प्रतिदिन सँध्या 7 बजे से होगा.

समारोह में सुप्रसिद्ध फिल्म अभिनेता, रंगकर्मी, गीतकार एवं सँगीतकार पीयूष मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे. समारोह की अध्यक्षता फिल्म निर्देशक, अभिनेता और वरिष्ठ रँगकर्मी राजेंद्र गुप्ता करेंगे.

कौन करा रहा आयोजन…

इसका आयोजन छत्तीसगढ़ फिल्म एंड विजुअल आर्ट सोसाइटी की ओर से कराया जा रहा है. आयोजन में देश के अलग – अलग शहरों के रंगमंच समूह छह चर्चित नाटकों का मँचन करेंगे. रंग सँगीत की प्रस्तुतियां भी होंगी.

समारोह में प्रवेश के लिए पांचों दिनों का सीजन पास 200 रुपए में उपलब्ध होगा. प्रतिदिन के प्रवेश पास की सहयोग राशि 50 रुपए रखी गई है. नाटक शुरू होने से पहले प्रवेश पास रँगमँदिर में प्राप्त किए जा सकते हैं.

इस दौरान देश के अलग – अलग क्षेत्र की रंगमंचीय शैलियों, कथ्य, अभिनय और निर्देशकीय दृष्टि से रूबरू होने का अवसर मिलेगा. समारोह में पुस्तकों का स्टॉल भी लगाया जाएगा. यहां साहित्य, रंगमंच और कला से जुड़ी पुस्तकों को देखने और खरीदने की सुविधा होगी.

कब क्या होगा…

समारोह का शुभारँभ 13 नवँबर, शुक्रवार को दो नाटकों की प्रस्तुतियों के साथ होगा. पहले बिलासपुर के अजन नाट्य दल की ओर से सुनील चिपड़े के निर्देशन में ‘अंधेरे में’ का मंचन किया जाएगा. फिर अभिनेता एवं रंगकर्मी राजेंद्र गुप्ता की प्रस्तुति ‘संसद से सड़क तक’ का प्रदर्शन होगा. इसका निर्देशन आरएस विकल ने किया है.

14 नवँबर, शनिवार को राजनाँदगाँव के रंग छत्तीसगढ़ समूह की ओर से पूनम तिवारी एवं साथियों की रंगसंगीत प्रस्तुति होगी. जबलपुर के विवेचना रंगमंडल का नाटक ‘पर पाजेब न भीगो’ मंचित किया जाएगा. निर्देशन प्रगति विवेक पांडे ने किया है.

15 नवंबर, रविवार को इलाहाबाद के समानांतर नाट्य समूह की प्रस्तुति ‘युद्ध नहीं, चाहिए शांति’ का मंचन होगा. नाटक की परिकल्पना और निर्देशन अनिल रंजन भौमिक ने किया है.

16 नवंबर, सोमवार को उज्जैन के अभिनव रंगमंडल की ओर से ‘एक इंस्पेक्टर से मुलाकात’ नाटक प्रस्तुत किया जाएगा. निर्देशन शरद शर्मा ने किया है.

अंतिम दिन 17 नवँबर, मंगलवार को मध्यप्रदेश नाट्य विद्यालय, भोपाल की रंग प्रयोगशाला की प्रस्तुति ‘गुड़िया की शादी’ का मंचन होगा. इसका निर्देशन संजय श्रीवास्तव ने किया है.