महादेव सट्टा ऐप : ओमान से भारत लाया गया दुर्ग का सौरभ चँद्राकर, सोमवार को पेशी
www.thenationalert.com
रायपुर. छत्तीसगढ़ की राजनीति में भूचाल ला देने वाले महादेव सट्टा ऐप से जुड़े सौरभ चँद्राकर को अँततः भारत ला लिया गया है. मूलतः दुर्ग जिले का निवासी ओमान से लाया गया है. उसे सोमवार को विशेष अदालत के समझ पेश किया जाएगा.
केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) भारत से भाग गए सौरभ को लेकर काफी समय से प्रयासरत थी. वह बारबार हिंदुस्तान की जाँच एजेंसियों की आँखों में धूल झोंके जा रहा था.
लेकिन इस बार सीबीआई को बड़ी कामयाबी मिली है. प्रमुख आरोपी मास्टरमाइंड सौरभ चँद्राकर को ओमान से भारत प्रत्यर्पित कर लिया गया है. प्रत्यर्पण में अन्य केंद्रीय एजेंसियों ने भी सहयोग किया.
सीबीआई की विशेष टीम उसे भारत लेकर पहुँच चुकी है. सौरभ चँद्राकर का मेडिकल टेस्ट कराने की तैयारी कर ली गई है. सीबीआई ट्रांजिट रिमांड लेकर उसे रायपुर लाएगी. सोमवार को उसे सीबीआई की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा.
सीबीआई के दो मामलों में सौरभ वांछित है. इन दोनों मामलों में एजेंसी पहले ही आरोपपत्र दाखिल कर चुकी है. प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के एक मामले में भी उसके खिलाफ अभियोजन शिकायत दायर की जा चुकी है.

