कम दबाव का क्षेत्र चक्रवाती तूफान में बदला, आँध्रप्रदेश और ओडिशा सतर्क हुए
www.thenationalert.com
विशाखापट्नम. आँध्रप्रदेश सहित पडोसी राज्य ओडिशा के लिए आने वाले दो दिन खतरनाक हो सकते हैं. दरअसल, बँगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र चक्रवाती तूफान में तब्दील हो गया है. इसके चलते दोनों राज्य सतर्क हो गए हैं.
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार ‘अर्नब’ को लेकर चेतावनी जारी कर दी गई है. आने वाले दो दिनों में यह और भी भीषण रूप ले सकता है. बुधवार को इसके लैंडफॉल के आसार हैं.
मौसम विभाग ने बताया है कि चक्रवात अर्नब बहुत भीषण तूफान बनकर आंध्र प्रदेश और यानम तट से गुजर सकता है. मौसम की ये गतिविधियां 28 अक्टूबर को को दोपहर तक बापटला और विशाखापत्तनम के बीच हो सकती हैं.
उस दौरान हवा की रफ्तार 115 से 125 किमी प्रति घंटा तक हो सकती है, जो बढ़कर 140 किमी प्रति घंटा पर पहुंच सकती है. बताया गया है कि पूर्वी-मध्य और उससे सटे दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना डीप डिप्रेशन पिछले 6 घंटों के दौरान लगभग 15 किमी प्रति घंटे की गति से पश्चिम की ओर बढ़ा है.
यह और अधिक तीव्र होकर चक्रवाती तूफान अर्नब में बदल गया है.। आज सुबह 05:30 बजे यह पूर्वी- मध्य और उससे सटे पश्चिमी मध्य बंगाल की खाड़ी के पास केंद्रित था.
ये जगह श्री विजय पुरम से लगभग 590 किमी उत्तर-पश्चिम, गोपालपुर (ओडिशा) से 610 किमी दक्षिण-पूर्व, विशाखापत्तनम (आंध्र प्रदेश) से 650 किमी पूर्व-दक्षिण-पूर्व, काकीनाडा (आंध्र प्रदेश) से 730 किमी पूर्व-दक्षिण-पूर्व, मछलीपट्टनम (आंध्र प्रदेश) से 830 किमी पूर्व और बापटला (आंध्र प्रदेश) से 910 किमी पूर्व में हैं.
मौसम विभाग ने यह भी बताया है कि चक्रवात अर्नब में तब्दील हो चुका कम दबाव का क्षेत्र पश्चिम-उत्तर की ओर बढ़ सकता है और मध्य रात्रि तक भीषण चक्रवाती तूफान में तब्दील हो सकता है. वहीं, 27 अक्टूबर को इसके बहुत बड़े चक्रवाती तूफान में बदले जाने की संभावनाएं जताई जा रहीं हैं.
मौसम विभाग ने आंध्र प्रदेश के कई इलाकों को रेड अलर्ट पर रखा है. 28 और 29 अक्टूबर के लिए अलर्ट जारी किया गया है. 28 अक्टूबर को एलुरु, एनटीआर, कृष्णा, कोनासीमा, काकीनाडा, पूर्वी और पश्चिम गोदावरी जिलों को रेड अलर्ट पर रखा गया है. वहीं, 29 अक्टूबर के लिए इनके अलावा गुंटूर, अल्लुरी सीताराम राजू, अनकपल्ली, विशाखापत्तनम शामिल हैं.
29 अक्टूबर के लिए ओडिशा के कई जिलों को भी रेड अलर्ट पर रखा है. इनमें मल्कनगिरी, कोरापुट, रायगढ़ और गंजम हैं. राज्य में तेज बारिश की सँभावना जताई जा रहीं हैं. चक्रवात के चलते 25 अक्टूबर से 7 नवंबर तक सभी कृषि अधिकारियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं और हाई-अलर्ट जारी किया है.

