टेड़ेसरा से पटेवा मार्ग चौड़ीकरण : भूमि के क्रय-विक्रय व नामांतरण पर लगा प्रतिबंध हटा, कलेक्टर ने दी राहत
राजनांदगांव। राजनांदगांव विकासखंड अंतर्गत टेड़ेसरा से मुड़ीपार-घुमका-कलडबरी-पटेवा मार्ग के चौड़ीकरण एवं निर्माण कार्य से प्रभावित ग्रामीणों के लिए बड़ी राहत की खबर है। कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) संभाग राजनांदगांव से प्राप्त प्रस्ताव के आधार पर इस मार्ग से प्रभावित गांवों की भूमि पर लगाए गए अंतरण, बटांकन, व्यपवर्तन तथा क्रय-विक्रय के प्रतिबंध को शिथिल (हटा) कर दिया है।
गौरतलब है कि राज्य सरकार के बजट में शामिल टेड़ेसरा से पटेवा मार्ग के चौड़ीकरण एवं निर्माण कार्य को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा प्रभावित क्षेत्रों की जमीनों की खरीद-बिक्री व नामांतरण पर रोक लगा दी गई थी।
इन 12 गांवों के भू-स्वामियों को मिलेगी राहत
प्रशासनिक निर्णय के बाद अब प्रभावित ग्राम टेड़ेसरा, फुलझर, नवागांव, मुड़ीपार, बघेरा, परसबोड़, कलडबरी, बरबसपुर, हरडुवा, घुमका, दर्रा पटेवा एवं रेंगाकठेरा के ग्रामीणों व भू-स्वामियों को भूमि से जुड़े दैनिक राजस्व कार्यों में सुविधा मिलेगी।
लोक निर्माण विभाग से प्राप्त प्रस्ताव के अनुसार, यदि संबंधित भूमि पर किसी अन्य सरकारी परियोजना के तहत पृथक से कोई प्रतिबंध लागू नहीं है, तो उन सभी जमीनों पर से यह प्रतिबंध तत्काल प्रभाव से शिथिल माना जाएगा। इससे लंबे समय से अपनी जमीनों के क्रय-विक्रय और बटांकन के लिए परेशान हो रहे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलेगी।
