कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने ग्राम सुंदरा में ‘प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ का लिया जायजा
राजनांदगांव। कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने मंगलवार को राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम सुंदरा का दौरा कर शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं के मैदानी क्रियान्वयन का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ‘प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ के तहत हितग्राही श्रीमती पूर्णिमा निषाद के घर पहुंचकर स्थापित सोलर पैनल का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। कलेक्टर ने हितग्राही से आत्मीय चर्चा कर योजना से मिलने वाले लाभ और बिजली बिल में हो रही बचत के संबंध में पूरी जानकारी ली।
हितग्राही श्रीमती पूर्णिमा निषाद ने कलेक्टर को बताया कि उन्होंने इस योजना के अंतर्गत अपने घर की छत पर 3 किलोवाट क्षमता का सोलर पैनल स्थापित कराया है। सौर ऊर्जा से बिजली का उत्पादन होने के कारण उन्हें अब बिजली बिल में भारी राहत मिल रही है। उन्होंने इस जनहितकारी योजना को अपने परिवार के लिए आर्थिक रूप से बेहद लाभकारी बताते हुए प्रसन्नता व्यक्त की।
कलेक्टर श्री यादव ने कहा कि ‘प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ नागरिकों को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक बेहद महत्वपूर्ण और क्रांतिकारी कदम है। घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाने से न केवल घरेलू बिजली बिल में भारी बचत होती है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ व हरित ऊर्जा (क्लीन एनर्जी) के उपयोग को भी बढ़ावा मिलता है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अधिक से अधिक नागरिकों को इस योजना से जोड़ने के लिए व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया जाए। साथ ही, पात्र और इच्छुक हितग्राहियों को आवेदन करने से लेकर सोलर पैनल स्थापना की पूरी प्रक्रिया में आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया जाए ताकि वे आसानी से इसका लाभ उठा सकें।
उल्लेखनीय है कि इस योजना के तहत नागरिकों को अपने घरों की छतों पर सोलर पैनल स्थापित करने के लिए शासन के निर्धारित प्रावधानों के अनुसार भारी अनुदान (सब्सिडी) प्रदान की जा रही है, जिससे घरेलू उपभोक्ताओं के बिजली खर्च में उल्लेखनीय कमी आ रही है।
इस निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) दुर्गा प्रसाद अधिकारी सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

