खबरों की खबरछत्‍तीसगढ़धर्म आध्‍यात्‍महिंदुस्तान

प्रकाश पर्व : विश्वबँधु भी माने जातें हैं बाबा नानक

शेयर करें...

www.thenationalert.com

नेशनल ब्यूरो/अमृतसर/रायपुर. सिख धर्म की नींव रखने वाले गुरु नानक देव जी की 557 वीं जयँती 24 नवँबर को है. बाबा नानक के नाम से पुकारे जाने वाले गुरु दरअसल, विश्वबँधु थे, हैं और रहेंगे.

सिख धर्म के जानकार बताते हैं कि गुरु नानक देव जी का जन्म 15 अप्रैल 1469 को राय भोई की तलवंडी में हुआ था. बँटवारे के समय यह स्थान पाकिस्तान में चले गया. फिलहाल, इसका नाम भी बदला जा चुका है. अब इसे ननकाना साहिब, पँजाब के पवित्र नाम से पुकारा जाता है.

आपको सिखों के प्रथम (आदि) गुरु का दर्जा मिला हुआ है. इनके अनुयायी इन्हें नानक, नानक देव जी, बाबा नानक और नानकशाह नामों से भी सँबोधित करते हैं. अपने व्यक्तित्व में दार्शनिक, योगी, गृहस्थ, धर्मसुधारक, समाजसुधारक, कवि, देशभक्त – सभी के गुण नानक समेटे हुए थे.

* जयँती कार्तिक में क्यूँ मनाई जाती है..?

दरअसल, इसमें मत भिन्नता है. कई प्राचीन और विश्वसनीय जनमसाखियों में गुरु नानक देव जी का जन्म वैशाख शुक्ल पक्ष की तृतीया (15 अप्रैल 1469) को बताया गया है. जबकि दूसरा मत कार्तिक पूर्णिमा से जुड़ा हुआ है.

पुरातन जनमसाखी को सबसे प्राचीन स्रोतों में से एक माना जाता है. इसमें जन्म तिथि वैशाख सुदी 3 (15 अप्रैल 1469) दर्ज बताई गई है. इसी तरह का उल्लेख मेहरबान जनमसाखी में भी बताया गया है.

भाई मनी सिंह द्वारा तैयार की गई ज्ञान रत्नावली जिसमें भाई गुरदास जी की वारों के आधार पर वैशाख की तिथि को ही प्रमाणिक माना गया है. हाफिजाबाद जनमसाखी में भी वैशाख के महीने में ही जन्म का उल्लेख मिलता है.

अब बात कार्तिक पूर्णिमा की…गुरु नानक देव जी के साथी माने जाने वाले भाई बाला के नाम से जुड़ी हुई है भाई बाला जनमसाखी. इसमें उनका उनका जन्म संवत 1526 की कार्तिक पूर्णिमा को लिखा गया है.

सिख इतिहास के जानकारों के मुताबिक 18वीं और 19वीं सदी में भाई बाला वाली जनमसाखी की प्रतियाँ सबसे अधिक छपीं थीं और आम लोगों के बीच लोकप्रिय हुईं. इसी लोकप्रियता के कारण कार्तिक पूर्णिमा की तिथि जनमानस और गुरुद्वारों की परँपरा में स्थाई रूप से जुड़ गई.

बहरहाल, गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व के मौके पर होने वाले समारोहों में शामिल होने के लिए, रविवार को 2,339 से अधिक तीर्थयात्री अटारी-वाघा सीमा मार्ग से पाकिस्तान रवाना हुए.

न्यूज एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार भारतीय अधिकारियों ने बताया कि पाकिस्तानी सरकार ने इस पावन अवसर के लिए लगभग 3,000 भारतीय सिख तीर्थयात्रियों को वीजा जारी किए हैं. ‘अखंड पाठ साहिब’ का पाठ और ‘नगर कीर्तन’ करना तीर्थयात्रा में शामिल है.

मँगलवार को ननकाना साहिब स्थित गुरुद्वारे पर होने वाले जन्म जयँती समारोह में शामिल होने से पहले और बाद में, तीर्थयात्री पाकिस्तान के कई ऐतिहासिक सिख गुरुद्वारों में भी मत्था टेकेंगे. अकाल तख्त के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गर्गज ने पाकिस्तान के लिए रवाना हुए सिख तीर्थयात्रियों के जत्थे का नेतृत्व किया.

पाकिस्तान में मौजूद अन्य ऐतिहासिक सिख तीर्थस्थलों में फारूकबाद का गुरुद्वारा सच्चा सौदा, हसन अब्दाल का श्री पंजा साहिब, नारोवाल का गुरुद्वारा करतारपुर साहिब, एमिनाबाद का गुरुद्वारा रोरी साहिब और लाहौर का गुरुद्वारा डेरा साहिब में भी शामिल हो सकते हैं.

इधर, रायपुर में निकाले गए नगर कीर्तन जुलूस की अगुवाई पाँच पंज प्यारों ने की. स्टेशन रोड गुरुद्वारा से शुरू होने वाले इस नगर कीर्तन की परँपरा लगभग 150 साल पुरानी है. यह जुलूस 327 साल पुरानी पंज प्यारे की परँपरा को आगे बढ़ाता है,

इस आयोजन के लिए हरिपाल सिंह ओबेरॉय, त्रिलोचन सिंह काले, लखवीर सिंह, सुखदेव सिंह और गुरजीत सिंह को पंज प्यारों के रूप में चुना गया. इनका चयन अमृतधारी सिख होने, प्रतिदिन पाँच बाणियों का पाठ करने और अनुशासित जीवन जैसे धार्मिक नियमों के आधार पर हुआ.

इस साल की शोभायात्रा में पहले की व्यवस्थाओं से परे एक ही मुख्य पालकी का इस्तेमाल किया गया. पहले 17 अलग-अलग पालकियों का उपयोग होता था. पँजाब से आई एक गतका पार्टी, बस्तर का एक आदिवासी नृत्य समूह मुख्य आकर्षण का केंद्र रहे.

इससे पहले स्टेशन रोड गुरुद्वारे में करीब 65 सँगतों ने सहज पाठ पूरा किया. बच्चों के लिए शबद कीर्तन और धार्मिक पाठ का भी आयोजन हुआ. इसमें करीब 110 बच्चों ने हिस्सा लिया. इन्हें सम्मानित करने के बाद लँगर भी हुआ.