कृषि, कृषक और मजदूरखबरों की खबरछत्‍तीसगढ़

फसल बीमा : मौसम के बाद व्यवस्था की दोहरी मार

शेयर करें...

www.thenationalert.com

राजनाँदगाँव. धान की फसल के ठीक कटने के समय बिगड़े मौसम से दो चार हुए किसानों को अब फसल बीमा के लिए जूझना पड़ रहा है. बीमा योजना सँबँधी कठिनाइयों ने उनकी कमर तोड़कर रख दी है. यही हाल रहा तो कृषक समुदाय बीमा से ही मुँह मोड़ लेगा ऐसी आशँका जताई जा रही है.

उल्लेखनीय है, कि इस बार फसल तकरीबन ठीक ठाक थी. वह तो बुरा हो मौसम का जोकि ऐन कटाई के समय बिगड़ गया. पहले आए चक्रवाती तूफानों से किसान जूझे और अब उन्हें फसल बीमा सँबँधी नियमों से दो चार होना पड़ रहा है.

* चँद दिनों में फसल चौपट…

कृषक रेतराम कहते हैं कि पहले अरनब और फिर मुरासू जैसे चक्रवर्ती तूफानों ने छत्तीसगढ़ की धान की फसल को एक तरह से चौपट कर दिया. उनके अनुसार यह सबकुछ चँद दिनों के भीतर तब हुआ जब फसल पककर तकरीबन तैयार थी.

उनके साथी किसान मोहित यादव कहते हैं कि धान या तो कट चुका था या फिर कटने की तैयारी में खेतों में खड़ा था. ऐसे समय आए तूफान के चलते मौसम ऐसा बिगड़ा कि खड़ी फसल खेतों में ही लेट गईं. यह तेज हवा के साथ हुई बेमौसम बारिश के चलते हुआ.

इन किसानों की परेशानी यहीं खत्म नहीं हुई. इनमें से ज्यादातर ने अपनी फसल का बीमा करा रखा था. उन्हें उम्मीद थी कि नुकसान की थोड़ी बहुत भरपाई बीमा कँपनियों से मिलने वाले मुआवजे से हो जाएगी लेकिन बहुतायत मामलों में ऐसा हो नहीं पाया.

अकेले नाँदगाँव जिले में फसल क्षति के ऐसे तकरीबन 10 हजार 168 आवेदन प्राप्त हुए थे. इनमें से 8 हजार 939 आवेदन जोकि 87.9130605822 फीसद होता है यूँ ही खारिज कर दिए गए.

* 28028 आवेदन नामँजूर…

पडोसी जिले कवर्धा (कबीरधाम) की भी यही स्थिति बताई जा रही है. वहाँ 83 हजार 329 किसानों ने फसल नुकसान की सूचना दी थी. इनमें से 55 हजार 232 सूचनाएं स्वीकार की गईं.

गुणाभाग किया जाए तो यह
66.281846656 प्रतिशत ही होता है. मतलब साफ है कि 33.718153344 फीसद आवेदन किन्हीं भी कारणों से नामँजूर कर दिए गए. 28 हजार 28 आवेदनों का निरस्त हो जाना कोई सामान्य सी बात नहीं है.

सर्वेक्षण के लँबित प्रकरणों को लेकर चिंता अलग से है. कबीरधाम में ही 49 हजार 760 मामलों का सर्वे अभी बाकी है. कुछ इसी तरह का हाल धमतरी, दुर्ग और बालोद जिलों का भी है.

अच्छे और सुगँधित किस्म के धान को लेकर छग का धमतरी जिला राष्ट्रीय स्तर पर जाना जाता है. धमतरी के धान से तैयार हुआ चाँवल विदेशों में निर्यात भी होते रहा है. उसी धमतरी में दो हजार 189 प्रकरणों का सर्वेक्षण लँबित पता चला है.

वहीं दुर्ग में दो हजार 167 और बालोद में तीन हजार 356 मामलों का सर्वे अभी बाकी बताया जा रहा है. प्रदेश का यही है. बीमा के या तो ज्यादातर आवेदन निरस्त कर दिए गए अथवा लँबित ही बताए गए हैं.

खरीफ वर्ष 2026 में फसल क्षति की सूचना देने वाले प्रदेश के दो लाख 50 हजार 311 किसानों में से एक लाख 11 हजार 95 के आवेदन बीमा कँपनियों ने निरस्त कर दिए हैं. इसे ऐसे समझिए कि नुकसान की सूचना देने वाले तकरीबन 44.38 फीसद दावे खारिज हो चुके हैं.

… तो वाकई फसल बीमा योजना किसानों की मदद करती है ? या फिर इस योजना के सहारे ही देश की छोटी बड़ी बीमा कँपनियाँ अपना जेब लगातार भरे जा रही हैं.