खबरों की खबरछत्‍तीसगढ़नौकरशाह

कैदी फरार : डीजी जेल करेंगे निरीक्षण, कार्रवाई तय

शेयर करें...

www.thenationalert.com

रायपुर/महासमुंद. प्रदेश के प्रभारी पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) आईपीएस हिमाँशु गुप्ता कभी भी महासमुंद जेल का निरीक्षण कर सकते हैं. दरअसल, उनकी मूल पदस्थापना महानिदेशक (जेल) ही है. सोमवार सुबह महासमुंद जेल से कैदियों के फरार होने के चलते कार्रवाई तय बताई जा रही है.

ज्ञात हो, कि जिला जेल महासमुंद से सुबह दीवार फाँदकर चार कैदी फरार हो गए. घटना के बाद जेल में हड़कंप मचा गया. फरार कैदियों की तलाश में पुलिस जुट गई है. आननफानन में जेल विभाग के उच्चाधिकारियों को सूचित किया गया.

* कँबल का लिया सहारा…

जिला जेल महासमुंद से फरार हुए कैदियों में एक चोरी का आरोपी बताया गया है. जबकि तीन अन्य एनडीपीएस एक्ट के आरोपी बताए जा रहे हैं. पुलिस ने घटना की पुष्टि की है.

पुलिस के बताए मुताबिक धरमवीर, लीलाधर और राजेंद्र एनडीपीएस एक्ट के आरोपी हैं. फरार चौथा कैदी पंचराम चोरी का आरोपी है. चारों सोमवार सुबह करीबन 4 बजे जेल की ऊँची दीवार फाँदकर फरार हो गए.

विभागीय जानकारी के मुताबिक दीवार फाँदने के लिए जेल में मिलने वाले कँबल का इस्तेमाल किया गया है. जिला जेल से फरार होने की फिराक में पाँच कैदी थे. पाँचवा कैदी दीवार फाँद नहीं पाया. वह गिर गया, उसे वापस पकड़ लिया गया.

जानकार बताते हैं कि अब मामले की विस्तृत रपट का इँतजार किया जा रहा है. कलेक्टर महासमुंद की तरफ से इसे तैयार कराया जा रहा है. इसके मिलते ही जेल स्टाफ पर कार्रवाई तय बताई जा रही है.

इधर, डीजी जेल आईपीएस गुप्ता के सँदर्भ में खबर मिली है कि वह कभी भी पडोसी जिले महासमुंद की जेल जेल का निरीक्षण कर सकते हैं. चूँकि डीजीपी अरूणदेव गौतम इन दिनों अवकाश पर हैं इस कारण आईपीएस गुप्ता उनके प्रभार में भी हैं.

विभागीय सूत्र बताते हैं कि कार्य की अधिकता के चलते वह आज महासमुंद का दौरा नहीं कर पाए हैं. आने वाले दिनों में लेकिन उनका महासमुंद जेल का निरीक्षण प्रवास तय बताया जा रहा है.

* क्या है एनडीपीएस एक्ट..?

फरार हुए कैदियों में एनडीपीएस अधिनियम के भी आरोपी हैं. एनडीपीएस अधिनियम का पूरा नाम ‘स्वापक औषधि और मन : प्रभावी पदार्थ अधिनियम, 1985’ है.

यह भारत में नशीले पदार्थों, मादक दवाओं और मन:प्रभावी पदार्थों की खेती, उत्पादन, निर्माण, बिक्री, खरीद, भँडारण, परिवहन और सेवन पर रोक लगाने तथा नियँत्रित करने वाला सबसे सख्त कानून है. यह कानून 14 नवँबर 1985 को लागू हुआ था.