युवक से बेरहमी से मारपीट पर भड़के ग्रामीण, नर्मदा में 3 घंटे ठप रहा चक्काजाम
गंडई-पंडरिया। दशहरा मेले में हुए मामूली विवाद की रंजिश में एक युवक के साथ दुकान में घुसकर की गई गंभीर मारपीट की घटना ने गुरुवार को उग्र रूप ले लिया। पीड़ित युवक के समर्थन में उतरे संड़ी गांव के ग्रामीणों ने कार्रवाई की मांग को लेकर नर्मदा मुख्य मार्ग पर सुबह करीब 10 बजे तीन घंटे तक चक्काजाम कर दिया। इससे राजनांदगांव, कवर्धा और साल्हेवारा की ओर जाने वाले तीनों प्रमुख मार्गों पर वाहनों का आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। माहौल बिगड़ता देख पुलिस को अंततः लाठी लहराकर भीड़ को खदेड़ना पड़ा, जिसके बाद आवागमन बहाल हो सका।
दशहरा मेले की रंजिश में दुकान में घुसकर पीटा
मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार की रात ग्राम संड़ी में दशहरा मेले का आयोजन किया गया था। मेले में नर्मदा के कुछ युवक भी पहुंचे थे, जहां किसी बात को लेकर दोनों गांवों के युवकों के बीच हाथापाई हो गई थी। इसी पुरानी रंजिश को भुनाने के लिए जब संड़ी निवासी पीड़ित युवक बादल वर्मा गुरुवार सुबह करीब 8 बजे नर्मदा स्थित अपनी दुकान खोलने पहुंचा, तभी नर्मदा के आरोपी युवकों ने दुकान में घुसकर उस पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने युवक को पीट-पीटकर लहूलुहान कर दिया, जिससे उसका काफी खून बह गया। घायल युवक को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भर्ती कराया गया है।
एसपी के समझाने पर भी नहीं माने ग्रामीण, पुलिस ने खदेड़ा
युवक पर हमले की खबर मिलते ही संड़ी गांव के लोग आक्रोशित हो गए और नर्मदा चौक में पहुंचकर चक्काजाम कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस कप्तान लक्ष्य विनोद शर्मा ने भी स्वयं मौके पर पहुंचकर आक्रोशित ग्रामीणों से बात की और उचित कानूनी कार्रवाई का आश्वासन देते हुए रास्ता खाली करने की अपील की।
हालाँकि, पुलिस और जनप्रतिनिधियों के समझाने के बावजूद ग्रामीण सड़क पर बैठकर नारेबाजी करते रहे। लगभग पौने तीन घंटे बीत जाने के बाद भी जब रास्ता नहीं खुला, तो पुलिस ने लाठी लहराकर भीड़ को सड़क से खदेड़ा और तीनों ओर का आवागमन बहाल कराया।
पुरानी शिकायतों पर कार्रवाई न होने से बढ़ा आक्रोश
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों का कहना था कि मारपीट में शामिल नर्मदा के युवकों पर पहले भी दो-तीन बार मारपीट के मामले दर्ज कराए जा चुके हैं, लेकिन पुलिस द्वारा कोई कठोर कार्रवाई नहीं की गई। इसी लचर रवैये के कारण आरोपियों के हौसले बुलंद हैं और वे लगातार ऐसी वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।
घटनास्थल पर जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि खम्हन ताम्रकार, जनपद सभापति डोमार सिंह, ज्योति जंघेल तथा मंडल अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने भी पहुंचकर मामले को शांत कराने का प्रयास किया। फिलहाल पुलिस ने मुख्य आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है और उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

